VIDEO: गुलाब जामुन के परात में डुबकी लगा रहा था चूहा, वीडियो वायरल होते ही FDA ने दुकान पर जड़ा ताला
इस मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी न सिर्फ साफ-सफाई की भारी लापरवाही की जांच कर रहे हैं, बल्कि कारोबारियों के बीच आपसी रंजिश के एंगल की भी पड़ताल कर रहे हैं.
अगर आप भी बाहर का मीठा खाने के शौकीन हैं तो यह खबर आपको हैरान कर सकती है. महाराष्ट्र के भिवंडी से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें एक मिठाई की दुकान पर चाशनी से भरे गुलाब जामुन के बड़े परात में चूहा तैरता दिखा. जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ तो खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आया और छापा मारा. कार्रवाई के दौरान काम बंद करने का नोटिस (स्टॉप-बिजनेस नोटिस) जारी कर दुकान पर ताला जड़ दिया गया है. जिस 'हरीश गुलाब जामुन' दुकान का यह वीडियो है, वह भिवंडी के शांति नगर स्थित नागा रोड पर मौजूद है.
ठाणे फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के सहायक आयुक्त संतोष सिरोसिया का कहना है कि विभाग ने मंगलवार 6 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुई रील देखने के बाद यह कार्रवाई की है. उन्होंने कहा 'मंगलवार रात हमने यह रील देखी थी, इसके बाद अगली सुबह हमारे खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रवीण शिंदे ने संबंधित दुकान का मुआयना किया और तत्काल प्रभाव से स्टॉप-बिजनेस नोटिस जारी कर दिया.'
दुकानकार खुद नहीं बनाता था मिठाई
संतोष सिरोसिया के मुताबिक यह दुकान हाल ही में खुली थी और सिर्फ 5×6 फीट की बेहद छोटी जगह में चल रही थी. दुकान संचालक खुद कोई मिठाई नहीं बनाता था, बल्कि कल्याण की तरफ से रेडीमेड गुलाब जामुन खरीदकर यहां सिर्फ बेचता था. जब हमारे निरीक्षक जांच के लिए पहुंचे, तो वहां चूहा तो नहीं मिला, लेकिन संचालक के पास कोई भी दस्तावेज या फूड बिजनेस रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट मौजूद नहीं था. साथ ही वहां साफ-सफाई से जुड़े नियमों का भी खुला उल्लंघन हो रहा था, इसलिए हमने फिलहाल दुकान को पूरी तरह बंद करा दिया है.
'आपसी जलन' के एंगल से भी जांच
इस मामले में अधिकारियों ने साफ-सफाई में लापरवाही के अलावा एक और पहलू की ओर इशारा किया है. सिरोसिया का कहना है कि भिवंडी में कारोबारियों के बीच आपसी जलन भी इस घटना की एक वजह हो सकती है, जिसका मकसद किसी को नीचा दिखाना हो. उन्होंने कहा, 'भिवंडी जैसे इलाकों में लोगों के बीच काफी जलन रहती है और यहां का माहौल ऐसा है कि कोई किसी को नुकसान पहुंचाने या गिराने के लिए इस हद तक भी जा सकता है. इसके साथ ही एक समस्या यह भी है कि भिवंडी में हर जगह चूहे हैं, लेकिन इन सब बातों के बावजूद, यह पूरी तरह से दुकानदार की जिम्मेदारी है कि वह पुख्ता इंतजाम रखे ताकि ऐसी कोई घटना न हो.'