)
बेंगलुरु के प्रतिष्ठित सेंट्रल टिफिन रूम (सीटीआर) मल्लेश्वरम में परोसे गए मसाला डोसा में कॉकरोच मिलने का आरोप लगा है, जिससे खाने की साफ-सफाई को लेकर चिंता बढ़ गई है. यह मामला तब सामने आया जब एक यूजर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें दावा किया गया कि डोसे के अंदर कॉकरोच मिला है. इस यूजर ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर स्टाफ ने साफ-सफाई की चिंता को दूर करने के बजाय सिर्फ डोसा बदलने की पेशकश की. इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जैसे ही एक पॉपुलर फूड स्पॉट में खाने की चीजों में हाइजीन को लेकर सवाल उठने लगे, फौरन होटल मैनेजमेंट ने माफी मांगते हुए एक बयान जारी कर दिया.
सीटीआर ने अपने बयान में कहा है कि हाइजीन मानकों को बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं. सेंट्रल टिफिन रूम ने अपने नोट में लिखा, 'डियर बेंगलुरु, हमें हमारे मल्लेश्वरम आउटलेट में हेल्थ और सेफ्टी स्टैंडर्ड को लेकर ऑनलाइन वायरल हो रहे वीडियो की जानकारी है और सबसे पहले हम प्रभावित लोगों से दिल से माफी मांगना चाहते हैं.'
होटल ने कहा, 'इसके लिए कोई बहाना नहीं है, फूड सेफ्टी और हाइजीन हमारे लिए गैर-समझौतावादी है और हमने तुरंत सख्त कदम उठाते हुए अपनी किचन का निरीक्षण किया है और यह सुनिश्चित किया है कि ऐसा दोबारा कभी न हो.'
सीटीआर ने लिखा, 'पीढ़ियों से सीटीआर सिर्फ डोसा खाने की जगह नहीं रहा है, यह आपकी सुबह, आपकी मुलाकातों और आपकी जिंदगी का हिस्सा रहा है. हमारी जिंदगी का भी. जिन सभी ने हमसे संपर्क किया, अपनी निराशा जताई या हमारा साथ दिया, हम आपकी सुन रहे हैं और हम आपके भरोसे को हल्के में नहीं लेते. आपके निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद. हम वही करना चाहते हैं जो हम सबसे अच्छा करते हैं और उन लोगों का ख्याल रखना चाहते हैं जिन्होंने सीटीआर को इतने लंबे समय तक अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाया है. हमें हमेशा हमारे उच्चतम मानकों पर रखने और परखने के लिए आपका आभार.'
गौरतलब है कि सीटीआर ने 2023 में राष्ट्रीय सुर्खियां बटोरी थीं, जब क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा इस प्रतिष्ठित ईटरी में लंच के लिए आए थे. कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक सीटीआर की शुरुआत 1920 में हुई थी. वहीं कई रिपोर्ट्स में इसके 1952 में चालू होने का दावा किया जाता है.
FAQ-
सवाल- सीटीआर डोसे के अलावा किन चीजों के लिए मशहूर है?
जवाब- यह अपने 'बन्ने' मसाला डोसा के अलावा इडली-वड़ा, खाराबाथ, केसरिबाथ और फिल्टर कॉफी के लिए बेहद मशहूर है.
सवाल - इसकी टाइमिंग्स क्या हैं?
जवाब- ये प्रतिष्ठान सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और फिर शाम 4:00 बजे से रात 9:00 बजे तक खुला रहता है.
आपको बताते चलें कि बीते करीब महीनेभर से ज्यादा समय देश की आर्थिक राजधानी मुंबई समेत भारत के कई छोटे-बड़े शहरों का फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट एक्शन मोड में काम कर रहा है. एस दौरान सामान्य प्रतिष्ठानों से लेकर नामी-गिरामी संस्थानों पर कार्रवाई हो रही है. इस दौरान हजारों किलो नकली अशुद्ध सामान जब्त करने नष्ट कराया गया तो कहीं पर नामी प्रतिष्ठानों को सील किया गया.