सनक ने कराया नरसंहार! बीवी करती थी मायकेवालों से बात, पति ने घर बुलाकर पत्नी समेत 7 लोगों को उतारा मौत के घाट
बेंगलुरु में ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों की रूह कंपा दी. पत्नी अपने घरवालों से बात करती थी, यह बात पति को अच्छी नहीं लगती थी. इसलिए उसने घर बुलाकर एक बच्चे समेत 7 लोगों को मौत के घाट उतार दिया.
बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक ही परिवार के सात सदस्यों की हत्या कर दी गई है. इनमें सात साल का एक बच्चा भी शामिल है. आरोपी पेशे से कैब ड्राइवर है और उसकी पहचान इंदुशेखर के रूप में हुई है.उसने अपनी पत्नी और उसके परिवार के छह सदस्यों की हत्या करने की बात कबूल की है. उसने बताया कि वह इस बात से नाराज था कि उसकी पत्नी अपने मायके वालों से बात करती रहती थी. पुलिस ने सात साल के बच्चे, पुनीत का शव बरामद कर लिया है, लेकिन बाकी शवों की तलाश अभी भी जारी है.
मृतकों की पहचान इंदुशेखर की पत्नी सुनीता, सास रूपावती, साले शिवकुमार और शंकर, सालियों दिव्या और नलिनी, और शंकर के सात साल के बेटे के रूप में हुई है. शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी ने इन हत्याओं की योजना बनाई थी और सबसे पहले अपनी पत्नी को मारा. इसके बाद, उसने पार्टी देने के बहाने अपने दोनों सालों को घर बुलाया और उनकी हत्या कर दी. फिर उसने उनकी पत्नियों, अपनी सास और शंकर के छोटे बेटे को भी मार डाला.
पुलिस को शक है कि आरोपी ने पीड़ितों की हत्या करने के लिए सिलबट्टे (पत्थर) का इस्तेमाल किया. उसने शवों को अपनी कार में रखा और अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया. पुलिस को यह भी शक है कि उसने खून के धब्बों को मिटाने और सबूतों को तबाह करने के लिए केमिकल्स का इस्तेमाल किया.
क्या घरेलू विवाद बना हत्याओं का कारण?
शुरुआती जांच से पता चलता है कि ये हत्याएं घरेलू विवाद के कारण हुईं. बताया जा रहा है कि इंदुशेखर इस बात से नाखुश था कि उसकी पत्नी अपने मायके वालों के संपर्क में थी. पुलिस को शक है कि इसी वजह से उसने इन हत्याओं को अंजाम दिया.
यह मामला तब सामने आया, जब श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में किसी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई. पूछताछ के दौरान, आरोपी ने अलग-अलग बयान दिए, जिससे पुलिस को शक हुआ. इसके बाद पुलिस ने गहराई से जांच की और इस सामूहिक हत्याकांड का खुलासा किया.
नंदी हिल्स के पास मिला बच्चे का शव
नंदी हिल्स की तलहटी में चार घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान, पुलिस को शंकर के सात साल के बेटे का शव मिला.इस मामले में बरामद होने वाला यह पहला शव है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, इंदुशेखर ने कबूल किया है कि उसने ही परिवार के सभी सात सदस्यों की हत्या की है. हालांकि, पुलिस अभी भी उसके दावों की पुष्टि कर बाकी शवों की तलाश कर रही है. पुलिस इस मामले में घटनाओं के क्रम का पता लगाने और सबूत जुटाने के लिए अलग-अलग जगहों पर तलाशी अभियान चला रही है.