)
असम के शिवसागर इलाके में बुधवार तड़के हुए एक पुलिस एनकाउंटर में घनकांत गोगोई की मौत हो गई. आपको बताते चलें कि घनकांत गुवाहाटी के होटल बिलास इन में हुई गोलीबारी की घटना का मुख्य आरोपी था. पुलिस के मुताबिक, गुवाहाटी से शिवसागर ले जाए जाने के दौरान तड़के करीब 3:10 बजे फूलपनिचिगा इलाके में रोंगमोन ढाबा के पास यह घटना हुई. आरोप है कि घनकांत गोगोई ने पुलिस पर हमला किया और भागने की कोशिश की. इसी दौरान पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिस ने मुठभेड़ की जानकारी मीडिया को देते हुए बताया कि आरोपी को रुकने के लिए कहा गया तो उसने पुलिस पर अटैक किया. इसके बाद जवाबी कार्यवाही में हुई फायरिंग में वो घायल हुआ. हम उसे तत्काल शिवसागर के जॉयसागर सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत अवस्था में पाया. इस घटना में शिवसागर टाउन थाने के सब इंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा भी घायल हुए हैं.
असम के शिवसागर में पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुआ घनकांत गोगोई.
गुवाहाटी के होटल बिलास इन शूटिंग मामले का मुख्य आरोपी था गोगोई.
कस्टडी से भागने के दौरान रोंगमोन ढाबा के पास हुआ एनकाउंटर.
असम की राजधानी गुवाहाटी के जीएस रोड पर स्थित बोरा सर्विस इलाके के ‘होटल विलास इन’ में पिछले महीने की 26 अक्टूबर 2026 की रात 9 बजे एक प्रॉपर्टी और लीज से जुड़े विवाद को लेकर अंधाधुंध गोलीबारी हुई थी. इस फायरिंग में 5 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी. मृतकों की सूची में दर्ज नामों में 65 साल के भूदेव भराली, 58 साल की हेलेना भराली, 39 साल का देवर्षि कश्यप, वहीं 30 साल की रिनिकी कश्यप और नारायण दास शामिल थे. मृतकों में से चार लोग होटल मालिक के परिवार से थे. एक अन्य व्यक्ति (सत्येन पाठक) गंभीर रूप से घायल हो गया था.
आरोपी से पूछताछ में पुलिस बड़े खुलासे की उम्मीद कर रही थी. फिलहाल उस फायरिंग मामले की जांच अभी तक खत्म नहीं हुई है.
आपको बताते चलें कि देशभर में प्रॉपर्टी विवाद के कई मामले अक्सर सामने आते हैं, कुछ का निपटारा कोर्ट में होता है तो कुछ लोग इस तरह के खौफनाक घटनाक्रम को अंजाम दिलवाकर खून बहाते हैं.
आपको बताते चलें कि जिस समय होटल के पास फायरिंग चल रही थी. उस समय पूरे इलाके में दहशत का माहौल था.