पैरामिलिट्री फोर्स के नजदीक गोलियों की बौछार: अमृतसर में 25 राउंड फायरिंग करके बदमाशों ने मचाया तांडव; जांच जारी
अमृतसर के तरनतारन रोड पर आधी रात हुई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जमीन विवाद से जुड़े हमलावरों ने कथित तौर पर कई राउंड गोलियां चलाईं और निर्माणाधीन ढांचा भी तोड़ दिया. पुलिस को मौके से खोखे मिले हैं. वहीं CCTV के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है.
अमृतसर में बदमाश किस कदर बेखौफ हैं, इसकी ताजा मिसाल कमिश्नरेट इलाके में देर रात देखने को मिली जब बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग करके पूरे इलाके को थर्राते हुए लोगों के मन में दहशत भर दी. सिस्टम को चुनौती देकर शहर की कानून व्यवस्था का मजाक उड़ाने वाले कुछ दहशतगर्द सरेआम करीब 25 राउंड गोलियां चलाकर फरार हो गए. इस पूरी वारदात में सबसे हैरान करने वाली बात ये रही कि जिस जगह ये वारदात हुई, वहां से महज चंद कदमों की दूरी पर पैरामिलिट्री फोर्स तैनात थी.
सीसीटीवी में कैद वारदात
मामला अमृतसर के तरनतारन रोड इलाके का है. जानकारी के मुताबिक, जमीन पर कब्जा करने की नीयत से आए हमलावरों ने आधी रात को लगातार हवाई फायर किए. इतना ही नहीं, बदमाशों ने मौके पर जेसीबी मशीन लाकर वहां नया डाला गया लेंटर भी गिरा दिया. इस पूरी वारदात की तस्वीरें पास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई हैं.
मामले की जांच जारी
हालांकि इस दौरान गनीमत यह रही कि इस अंधाधुंध फायरिंग में किसी की भी जान नहीं गई. खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस के आलाअधिकारियों ने मौका ए वारदात से करीब 20 से 25 खाली खोखे बरामद किए. मौके पर पहुंचे एसीपी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज वगैरह के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल स्थानीय पुलिस मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है. मामले की जांच भी शुरू हो गई है, लेकिन पैरामिलिट्री फोर्स के इतने नजदीक अचानक हुई इस वारदात ने इलाके की संवेदनशील इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी तमाम सवाल खड़े कर दिए हैं.
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले
हाल ही में अमृतसर के मोहकमपुरा इलाके में फायरिंग की घटना सामने आई थी. उसे लेकर संबंधित थाने की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था.
इसी बीच अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने हथियारों की आपूर्ति करने वाले 2 अवैध नेटवर्कों का भंडाफोड़ किया है. इस रेड के दौरान 6 आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके पास से 14 हाईटेक पिस्टल बरामद की गईं. इस सिलसिले में अमृतसर के थाना छेरहटा और थाना सिविल लाइंस में अलग-अलग FIR दर्ज करके आगे की जांच जारी है.