गुजरात के दौरे पर शाह: केंद्रीय गृहमंत्री आज रखेंगे 81 फुट ऊंची शिव प्रतिमा की आधारशिला, गरबा कार्यक्रम में भी होंगे शामिल
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज गुजरात के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह गांधीनगर में भगवान शिव की 81 फीट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखेंगे. इसके अलावा शाह देर रात तक अन्य कई धार्मिक कार्यकर्मों में भी हिस्सा लेंगे.
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार (16 अक्टूबर) को गुजरात के दौरे पर रहेंगे, जहां पर कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. केंद्रीय गृहमंत्री शाह इस दौरान गांधीनगर के रुपल इलाके में शक्तिपीठ श्री वरदायिनी माताजी मंदिर में भगवान शिव की 81 फीट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखेंगे.
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय मंत्री शाह इस दौरान अहमदाबाद और गांधीनगर में धार्मिक दौरे पर रहेंगे और मानसा में संध्या आरती और कोलवाड़ा में रास गरबा कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे. अधिकारियों के अनुसार, अमित शाह सबसे पहले दोपहर 2:45 बजे अहमदाबाद के सैटेलाइट इलाके में प्रेरणा तीर्थ में गच्छाधिपति परम पूज्य नर रत्न सुरीश्वर जी महाराज से मिलेंगे.
क्या है अमित शाह का पूरा कार्यक्रम
इसके बाद वह दोपहर 3:15 बजे पालड़ी में श्री विश्व जैन संघ में गच्छाधिपति परम पूज्य उदयप्रभ सुरीश्वर जी महाराज से मुलाकात करेंगे। बता दें कि भगवान शिव की 81 फुट ऊंची प्रस्तावित प्रतिमा का शिलान्यास समारोह शाम 6 बजे गांधीनगर के रूपल शक्तिपीठ श्री वरदायिनी माताजी मंदिर में होगा. इस दौरान केंद्रीय मंत्री मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना भी करेंगे.
बता दें कि इसके बाद मनसा में केंद्रीय मंत्री शाह का कार्यक्रम शाम 7:30 बजे बहुचर माता मंदिर में प्रस्तावित है, जहां पर वह आरती में शामिल होंगे. आज रात साढ़े नौ बजे वह कोलवाड़ा में नवरात्रि चौक के श्री रामजी मंदिर में नवरात्रि युवक मंडल द्वारा आयोजित रास गरबा कार्यक्रम है।
क्यों अहम है अमित शाह का यह दौरा
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है, जब गुजरात भर में धार्मिक आयोजन और पारंपरिक गरबा कार्यक्रम होते हैं. इन कार्यक्रमों में जैन धर्मगुरुओं से मुलाकात, हिंदू मंदिरों में प्रार्थना और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भागीदारी शामिल है. बता दे कि अमित शाह ने पिछली बार 27 सितंबर को गुजरात का दौरा किया था, जब वह गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल के साथ अहमदाबाद के साबरमती रेलवे स्टेशन पर 1,472 करोड़ रुपये की रेलवे विकास परियोजना का उद्घाटन किया था.
LNG से चलने वाली ट्रेन को दिखाई थी हरी झंडी
उस दिन गृहमंत्री शाह ने देश की पहली एलएनजी से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी और डब्ल्यूएजी-12 लोकोमोटिव मेंटेनेंस शेड का उद्घाटन किया था. अमित शाह ने ऑटोमेटिक सिग्नलिंग सिस्टम सहित रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों का भी उद्घाटन किया था, इसके बाद कुछ चुनिंदा रूटों पर स्वेदेशी कवच ट्रेन सुरक्षा प्रणाली की शुरुआत हुई थी.(इनपुट- आईएएएस)