देश के किसी भी हिस्सों में विरोध प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते रहे हैं. हाल में ही नई दिल्ली में सीजेपी और विपक्षी दलों के प्रदर्शन में भी ऐसा देखने को मिला. पिछले दिनों दिल्ली पुलिस की ओर से पत्रकारों के लिए कुछ गाइलाइन जारी की थी, जिसमें पत्रकारों से कुछ बातों पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई थी. अब प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) ने पत्रकारों की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त की है.
दरअसल, कई बार शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान स्थितियां बिगड़ जाती हैं और हिंसा या हंगामे के बीच मीडिया कर्मियों को खतरे का सामना करना पड़ता है. इन सभी चिंताओं को दूर करने के लिए पीसीआई ने पत्रकारों के लिए कुछ दिशा-निर्देश जारी किए हैं. ये नियम विरोध प्रदर्शनों और रैलियों की कवरेज के लिए जाने वाले पत्रकारों के लिए हैं. नए नियमों में पेशेवर आचरण, व्यक्तिगत सुरक्षा और नैतिक रिपोर्टिंग पर सबसे अधिक जोर दिया गया है.
पीसीआई ने शुक्रवार (16 अक्टूबर) को एक बयान जारी किया, जिसमें इन नियमों की अहमियत पर प्रकाश डाला गया. संस्था ने कहा कि नियमों से पत्रकारों को अपनी ड्यूटी ठीक से करने में मदद मिलेगी. इसके अलावा मीडियाकर्मियों की सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा. नए दिशानिर्देशों का सबसे फायदा पत्रकारों, मीडिया संस्थानों और पुलिस प्रशासन के बीच आपसी तालमेल बेहतर करने में मिलेगा.
पेशेवर आचरण और पहचान को देखते हुए पीसीआई की ओर से सख्त नियम बनाए गए हैं. अब सभी पत्रकारों के लिए अपना पहचान पत्र (ID CARD) साथ रखना अनिवार्य होगा.
नए दिशा निर्देशों में पत्रकारों से अपील की गई है कि वह किसी भी तनावपूर्ण परिस्थितियों में पुलिस का सहयोग करें. पत्रकारों को पुलिस के कानूनी निर्देशों का पालन करना चाहिए. सुरक्षा में तैनात किसी भी व्यक्ति से बेवजह बहस करने से बचें. इसके अलावा प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के बीच उचित दूरी बनाते हुए कवरेज करें, जिससे आपको किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा.
नए दिशा-निर्देशों में कहा गया कि अगर तनाव बढ़ रहा है, तो वह अपनी सुरक्षा के लिहाज से दूरी बनाएं और अपने कैमरे, माइक या किसी भी अन्य उपकरण को लेकर सावधानी बरतें. इन चीजों को पुलिस के बैरिकेड्स पर नहीं लगाना चाहिए. पुलिस की गाड़ियों पर भी उपकरण लगाने से बचना चाहिए.
व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए पत्रकार एक छोटी इमरजेंसी किट साथ रखें, जिसमें प्राथमिक उपचार का सामान होना चाहिए. पीने का पानी और अधिक प्रोटीन वाले स्नैक्स अपने साथ रखें.
पीसीआई ने एक अहम और गंभीर चेतावनी जारी करते हुए कहा कि पत्रकार किसी भी स्थिति में आंसू गैसे के गोलों को न छुएं. फ्लैश-बैंड डिवाइस या स्मोक ग्रेनेड को भी हाथ न लगाएं. उन्हें हटाने या उठाने की कोशिश बिल्कुल न करे, ये चीजें बहुत गर्म हो सकती है और अचानक विस्फोट का खतरा बना रहता है. इसमें खतरनाक केमिकल होते हैं, जो नुकसानदायक होते हैं.
पीसीआई ने अपेक्षा जताई कि पत्रकारों को कोई भी खबर परोसने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करनी चाहिए, जिससे लोगों में गलत जानकारी न फैले. चारों तरफ से आने वाले बयानों की अच्छे से पड़ताल करनी चाहिए. वहीं, लाइव करवेज के दौरान विशेष सावधानी बरतें. पुलिस या सुरक्षाकर्मियों की लाइव पोजिशनिंग की लाइव कवरेज करने बचें. (इनपुट- एएनआई)