)
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग हुई है. यह सनसनीखेज हमला मुंबई के जुहू में हुआ है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 3 अनजान लोग बाइक पर आए और टाइगर की गाड़ी पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं. बताया जा रहा है कि टाइगर फुटबॉल खेलकर वापस घर लौट रहे थे तभी पुष्पा पार्क के पास यह हमला हुआ. टाइगर पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन उनका ड्राइवर गोली लगने से घायल हुआ है. पास से गुजर रहा एक रिक्शा चालक भी जख्मी है. इस गोलीबारी की वजह साफ नहीं है. पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है.
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें दिख रहा है कि पार्क से निकलते वक्त टाइगर श्राफ को देखने के लिए काफी लोग इकट्ठा हैं. उनके बीच से कार धीमे-धीमे आगे बढ़ रही है. अचानक फायरिंग की आवाज से इलाका दहल जाता है. एक के बाद एक लगातार 5 गोलियां कार पर दागी जाती हैं. इसके बाद वहां पर भगदड़ और चीख-पुकार मच जाती है. मुंबई पुलिस के मुताबिक, एक्टर पूरी तरह सेफ हैं और उनके घायल ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
मुंबई पश्चिम रीजन जोन-1 के डीसीपी मोहित गर्ग ने बताया कि हमले में टाइगर श्राफ का दाहिना हाथ घायल हुआ है. साथ ही एक अन्य व्यक्ति को भी छर्रे लगे हैं. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक्टर टाइगर श्राफ पूरी तरह सेफ हैं. हमलावरों को पकड़ने के लिए 15 टीमें गठित की गई हैं.
#BREAKING : मुंबई के जुहू में एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, हमले में ड्राइवर घायल #TigerShroff #Mumbai #Juhu #Breaking #ZeeNews @himaninaithani @Tyagiji0744 https://t.co/HNy2OpQKys
— Zee News (@ZeeNews) October 18, 2026
इस वारदात की जिम्मेदारी कथित तौर पर जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. इस कबूलनामे से जुड़ा एक ऑडियो मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अनिल पंडित नाम का हमलावर टाइगर श्राफ पर हमले की जिम्मेदारी लेता हुआ सुना जा सकता है. वह ऑडियो में कहता है कि वह लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है और इस हमले की जिम्मेदारी वह और हरमन संधू लेते हैं. ऑडियो में वह एक्टर सलमान खान को भी धमकी देता हुआ सुनाई देता है.
इसके साथ ही अनिल पंडित अनमोल बिश्नोई के नाम से फेसबुक पर भी इस हमले का कबूलनामा जारी किया गया है. पोस्ट में कहा गया है, 'जय महाकाल...., जय श्री राम....राम राम जी सभी भाइयों को. जो आज ये TIGER SHROFF का काम हुआ है, उसकी जिम्मेदारी मैं अनिल पंडित और हरमन संधू लेते हैं. इसको हमने कॉल करके समझाया था पर इसको समझ नहीं आई. इसलिए आज इसको बढ़िया तरह ही समझा दिया.'

पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री को धमकी देते हुए पोस्ट में आगे कहा गया, 'MUMBAI FILM INDUSTRY में जो कोई हमारी बात नहीं सुनेगा या SALMAN KHAN के साथ काम करेगा अगला नंबर उसका होगा. Wait and watch. Note= कुछ दूसरे ग्रुप के कुते जो हमारे नाम से फेम लेने की सोचते हैं, उनको जल्दी ही मार के फेमस करेंगे. Salam sahida nu.lawrence_bishnoi_group #jitender_gogi_maan_group #Hari_boxer'
जी न्यूज इस ऑडियो और फेसबुक पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है. घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त को फोन कर अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना की जानकारी ली. उन्होंने पुलिस आयुक्त को तत्काल तेजी से जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
उधर, मुंबई पुलिस ने टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना की जांच के लिए 15 विशेष टीमें गठित की हैं. टीमों ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी और अपने मुखबिर तंत्र के जरिए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है.
सूत्रों के कहना है कि एक्टर टाइगर श्राफ पर हमले की जिम्मेदारी लेने वाला अनिल पंडित हरियाणा का रहने वाला है. वह इस समय USA में छिपा हुआ है. जानकारों का कहना है कि वह लॉरेंस बिश्नोई का खासमखास है और इससे पहले भी कई वारदातों की जिम्मेदारी ले चुका है. वहीं, दूसरा आरोपी हरमन संधू भी विदेश में छुपा हुआ है.
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एक्टर टाइगर श्राफ पर फायरिंग को दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, 'टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग बहुत ही गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है. उन्होंने कहा कि मुंबई या महाराष्ट्र में किसी भी गैंग को अपना वर्चस्व स्थापित नहीं करने दिया जाएगा.'
शिंदे ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि यह कौन सा गैंग है. लेकिन मुंबई या महाराष्ट्र में किसी को भी अपनी दादागिरी दिखाने की इजाज़त नहीं दी जाएगी. उन्हें ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा और उन्हीं की भाषा में समझाया जाएगा. उन्होंने कहा कि हमलावरों को करारा जवाब दिया जाएगा.