कैथल में सुबह-सुबह 100 पुलिसवालों का धावा! नशा तस्करों के 12 ठिकानों पर ताबड़तोड़ रेड, Zee News की मुहिम का हो रहा असर
जी न्यूज के नशा मुक्त भारत अभियान का बड़ा असर हो रहा है. हरियाणा के कैथल में भी पुलिस ने ड्रग्स तस्करों की कमर तोड़ने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की, इससे नशे के सौदागरों में हड़कंप मचा है.
नशे के काले कारोबार के खिलाफ जी न्यूज की विशेष मुहिम लगातार जारी है. आज हम आपको हरियाणा के कैथल से आई स्पेशल रिपोर्ट के बारे में बताते हैं. वहां पर जी न्यूज की मुहिम के बाद पुलिस ने नशा तस्करों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ रेड की. सुबह के वक्त जब लोग अपने घरों में सो रहे थे, उस वक्त DSP के नेतृत्व में पुलिस के करीब 100 जवानों ने मोर्चा संभाला और नशा तस्करों के ठिकानों पर दबिश दी.
नशा तस्करों के ठिकानों पर रेड, 12 घर खंगाले
हरियाणा पुलिस ने भारी दल-बल के साथ कैथल के मंडवाल गांव में विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाया. एक तरफ पुलिस की टीमें गलियों और संदिग्ध इलाकों में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाती दिखीं. वहीं, दूसरी तरफ स्निफर डॉग्स की मदद से 12 संदिग्ध घरों और अन्य ठिकानों की तलाशी ली गई.
हरियाणा के कैथल से सामने आईं ये रिपोर्ट बता रही है कि नशे के खिलाफ जंग में पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है. अब पुलिस के रडार पर नशा तस्करों के संदिग्ध ठिकाने हैं.
नशे के सौदागरों में मचा हड़कंप
सुबह के वक्त अचानक हुई इस रेड से नशे के सौदागरों में हड़कंप मच गया. जिस वक्त लोग अपने घरों में सो रहे थे, तभी पुलिस के 100 जवानों ने मोर्चा संभाला. पुलिस की 10 टीमों ने काफी देर तक कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया. इस अभियान के दौरान गांव मंडवाल के तस्करों पर शिकंजा कसा गया. इसके साथ ही, स्निफर डॉग्स की मदद से 12 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर कोना-कोना खंगाला गया.
कैथल के डीएसपी रोहताश जांगड़ा ने बताया कि इस कार्रवाई का मकसद ये पता लगाना था कि किसी घर में नशीले पदार्थ छिपाकर तो नहीं रखे गए हैं और नशे के अवैध धंधे में कौन-कौन शामिल है.
जी न्यूज चला रहा है नशा मुक्त भारत अभियान
बताते चलें कि नशे के खिलाफ ज़ी मीडिया लगातार मुहिम चला रहा है. वहीं, हरियाणा पुलिस भी नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है. कैथल पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस पूरी तरह से एक्शन मोड में है.
ड्रग्स तस्करों पर कानून का हंटर
पुलिस ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि आसपास नशीले पदार्थ बेचने या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. कैथल पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ ये कार्रवाई सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आगे भी लगातार जारी रहेगी. यानी नशे के सौदागर हों या उनके संदिग्ध ठिकाने अब पुलिस की नजर से अब कोई बच नहीं पाएगा.
आप भी नशा तस्करों के खिलाफ दे सकते हैं जानकारी
जी मीडिया भी नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रहा है. आप चाहें तो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हैशटैग #NashamuktBharat लिखकर Zeenews को टैग कर सकते हैं. इसके साथ ही, आप मोबाइल नंबर 9310497453 पर व्हाटसऐप मैसेज करके अपने आसपास ड्रग्स तस्करी में लगे लोगों की जानकारी दे सकते हैं. आपकी जानकारी पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी और उसे संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाकर कार्रवाई करवाने की कोशिश की जाएगी.
(कैथल से जी मीडिया के लिए विपिन शर्मा की रिपोर्ट)