हिमाचल के नवोदय विद्यालय में क्यों हुई मारपीट? 6 स्टूडेंट्स सस्पेंड... प्रिंसिपल को नोटिस
हिमाचल के नवोदय विद्यालय में मारपीट मामले में 6 स्टूडेंट्स को सस्पेंड कर दिया गया है. बीते दिन बाल आयोग की टीम भी जांच के लिए नवोदय विद्यालय पहुंची थी.
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला के रिकांगपिओ स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्रों के बीच मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में स्कूल हॉस्टल में कुछ छात्र मिलकर 9वीं क्लास के छात्र के साथ मारपीट करते और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते नजर आ रहे थे. इस घटना ने विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा और स्कूल प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. यह सवाल उठ रहा है कि आखिर घटना कैसे हुई? और उस दौरान जिम्मेदार शिक्षक और स्कूल प्रबंधन कहां थे?
6 स्टूडेंट्स को किया गया सस्पेंड
इस घटना के सामने आने के बाद 6 स्टूडेंट्स को सस्पेंड कर दिया गया है. मामले को लेकर किन्नौर डिप्टी कमिश्नर सोनाक्षी तोमर ने शनिवार को कहा कि प्रिंसिपल को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है. साथ ही, स्कूल मैनेजमेंट, घटना के दौरान टीचर और वार्डन की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
HPSCPCR ने किया स्कूल का इंस्पेक्शन
वहीं, बीते दिन मामले को लेकर हिमाचल प्रदेश स्टेट कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स (HPSCPCR) ने जवाहर नवोदय विद्यालय में जांच और इंस्पेक्शन किया. चेयरपर्सन अनीता ठाकुर की अगुवाई में कमीशन की एक टीम स्कूल पहुंची और प्रिंसिपल, टीचर्स और स्टाफ मेंबर्स से बातचीत की, ताकि स्टूडेंट्स की सेफ्टी के बारे में पता लगाया जा सके. इस दौरान टीम ने पीड़ित छात्र और उसके पेरेंट्स से भी मुलाकात की.
डिटेल्ड रिपोर्ट जमा करने का निर्देश
कमीशन की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, जांच के दौरान, कमीशन ने स्कूल एडमिस्ट्रेशन को ऐसी घटना दोबारा होने से रोकने, बच्चों की सेफ्टी को मजबूत करने और हॉस्टल में सुपरविजन को बेहतर बनाने के लिए उठाए गए कदमों की डिटेल्ड रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है. इतना ही नहीं, इस दौरान मेस में साफ-सफाई, स्टूडेंट्स के रहने की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी जांच की गई.
बच्चों के लिए जारी किए जाएंगे जरूरी निर्देश
प्रेस नोट के अनुसार, टीम के लौटने के बाद पूरी रिपोर्ट तैयार की जाएगी. इसमें जांच के नतीजे, पहचानी गई कमियां और अन्य मुद्दे शामिल होंगे. साथ ही, बच्चों की सुरक्षा और अधिकार के लिए जरूरी निर्देश भी जारी किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें: फीस बकाया थी, तो बच्चों को कमरे में बंद कर बाहर बांध दिया कुत्ता! अलीगढ़ के स्कूल की घटना का वीडियो वायरल