अब महिलाएं सिर्फ वोट नहीं देंगी, देश के फैसले भी लेंगी! महिला आरक्षण पर करनाल में उत्साह
महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद करनाल की महिलाओं में उत्साह है. महिलाओं का कहना है कि 33 फीसदी आरक्षण से उन्हें संसद और विधानसभा में अपनी आवाज उठाने और नेतृत्व करने का नया अवसर मिलेगा.
घर की चौखट से संसद की दहलीज तक पहुंचने का सपना देख रही महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण से नई उम्मीद जगी है. महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद करनाल में महिलाओं ने खुशी जताई है. उनका कहना है कि महिलाओं को अब केवल सम्मान और योजनाओं का लाभ पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि देश की नीतियां बनाने और बड़े फैसले लेने में भी बराबर की भागीदारी मिलनी चाहिए.
महिलाओं का मानना है कि 33 फीसदी आरक्षण से राजनीति में उनके लिए नए रास्ते खुलेंगे. इससे उन्हें संसद और विधानसभा तक पहुंचने का अवसर मिलेगा और वे अपने क्षेत्र, समाज और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा सकेंगी. संसद के विशेष सत्र में इन विधेयकों को पेश किए जाने की तैयारी के बीच अब सबकी निगाहें आगे की कार्यवाही पर हैं. 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को आरक्षण मिलने की संभावनाओं ने भी उनकी उम्मीदें बढ़ाई हैं.
नेतृत्व की क्षमता को मिलेगा नया मंच
भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रेखा चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए इसे महिलाओं को राजनीति और देश के नेतृत्व में आगे लाने की दिशा में सराहनीय पहल बताया. उनका कहना है कि हर महिला में नेतृत्व करने की क्षमता होती है, लेकिन कई बार उसे आगे बढ़ने का सही अवसर और मंच नहीं मिल पाता.
रेखा चौहान के मुताबिक, लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब महिलाओं की आवाज संसद और विधानसभा में भी मजबूती से सुनाई देगी. उनके अनुसार, महिला आरक्षण से महिलाओं को राजनीति में आगे आने का अवसर मिलेगा. उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से इस फैसले पर सवाल उठाए जा सकते हैं, लेकिन महिलाओं के सम्मान, अधिकार और भागीदारी को बढ़ाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है.
देश के विकास में महिलाओं की बराबर भागीदारी जरूरी
करनाल की स्थानीय महिला पायल अरोड़ा ने भी प्रस्तावित आरक्षण को महिलाओं के लिए आगे बढ़ने का बड़ा अवसर बताया. उनका कहना है कि देश की तरक्की महिला और पुरुष दोनों की समान भागीदारी से ही संभव है. 33 फीसदी आरक्षण महिलाओं के लिए एक बड़ा मौका साबित हो सकता है.
पायल के अनुसार, इससे महिलाओं को चुनाव लड़ने, अपनी बात रखने और समाज से जुड़े मुद्दों को सीधे सदन तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा. अभी तक कई महिलाएं अपनी समस्याओं और जरूरतों को दूसरों के सामने रखती रही हैं, लेकिन राजनीतिक प्रतिनिधित्व बढ़ने से वे खुद फैसले लेने की प्रक्रिया का हिस्सा बन सकेंगी. उनका मानना है कि देश के विकास के लिए दोनों की भागीदारी जरूरी है.
किचन से निकलकर संसद में नेतृत्व करेंगी महिलाएं
भाजपा की जिला उपाध्यक्ष प्रियंका काठपाल ने 33 फीसदी महिला आरक्षण को महिलाओं के लिए बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन और कारोबार जैसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं. ऐसे में संसद और विधानसभा में भी उनकी भागीदारी बढ़नी चाहिए.
प्रियंका के मुताबिक, महिलाओं के लिए अब घर की जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर देश की नीतियां बनाने और नेतृत्व करने के रास्ते खुलने की उम्मीद है. उनका मानना है कि जब महिलाएं निर्णय लेने वाली संस्थाओं में अधिक संख्या में पहुंचेंगी, तो समाज से जुड़े मुद्दों को भी बेहतर तरीके से सामने रख सकेंगी. इससे देश के विकास को नई दिशा मिल सकती है.
आज की महिला बनेगी कल की मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री
महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी दीपा राणा ने इस पहल को देश की महिलाओं के लिए दिवाली जैसा उत्सव बताया. उन्होंने कहा कि महिलाओं का सफर अब रसोई से लोकसभा और विधानसभा तक पहुंचने की ओर बढ़ रहा है.
दीपा राणा के अनुसार, राजनीति में महिलाओं के आगे बढ़ने के रास्ते में कई बार परिवार का सहयोग और सामाजिक परिस्थितियां चुनौती बनती हैं. लेकिन जब देश का नेतृत्व महिलाओं को आगे बढ़ाने की बात करता है, तो इससे परिवारों का भरोसा भी मजबूत होगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इसी समाज से महिलाएं मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति जैसे सर्वोच्च पदों तक पहुंचेंगी.
अब संसद की कार्यवाही पर टिकी निगाहें
महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद अब संसद में होने वाली चर्चा पर सबकी नजर है. करनाल की महिलाओं को उम्मीद है कि यह पहल राजनीति में उनकी भागीदारी बढ़ाने का रास्ता खोलेगी.
महिलाओं का कहना है कि उन्हें सिर्फ योजनाओं का लाभ लेने वाला वर्ग नहीं, बल्कि देश की नीतियां तय करने वाला भागीदार भी बनाया जाना चाहिए. 33 फीसदी आरक्षण से उन्हें अपनी आवाज उठाने और नेतृत्व करने का अवसर मिल सकता है. हालांकि, यह उम्मीद अब संसद की कार्यवाही और विधेयकों के आगे के रास्ते पर निर्भर करेगी.
कमरजीत सिंह की रिपोर्ट