App

मंडी में भीगा धान, खेतों में फसल गिरने का डर, पानीपत के किसानों की बढ़ी परेशानी

बारिश ने पानीपत में किसानों को परेशान कर दिया है. अनाज मंडी में अनाज खुले में रखा था. वहीं दूसरी तरफ खेतों में खड़ी फसल को भी नुकसान पहुंच सकता है. वहीं मंडी में 22 क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है. मार्केट कमेटी के उपाध्यक्ष के अनुसार, मंडी में बारिश से धान जरूर भीगा है, लेकिन इससे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है.

मंडी में भीगा धान, खेतों में फसल गिरने का डर, पानीपत के किसानों की बढ़ी परेशानी
Image Credit: पानीपत के अनाज मंडी में बारिश से अनाज भीग गए

पानीपत में बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. बारिश के कारण अनाज मंडी में खुले में रखी धान की बोरियां भीग गईं हैं. वहीं खेतों में खड़ी और कटी हुई धान की फसल को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है. जी मीडिया की टीम अनाज मंडी में पहुंचकर बारिश के बाद धान की स्थिति का जायजा लिया और मंडी प्रधान दिनेश भोकर तथा मार्केट कमेटी के उपाध्यक्ष बलवान शर्मा से बातचीत की.

22 हजार क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है

अनाज मंडी के प्रधान दिनेश भोकर ने बताया कि मंडी में अब तक करीब 22 हजार क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है. इसमें से लगभग 15 हजार क्विंटल धान का उठान किया जा चुका है, जबकि 7 हजार क्विंटल का उठान अभी बाकी है. बारिश के कारण खुले में रखे कुछ धान के भीगने की बात सामने आई है. हालांकि, कई किसानों और आढ़तियों ने धान को तिरपाल से ढक रखा था, जबकि कुछ धान सुरक्षित स्थानों पर रखा गया था. ऐसे में फिलहाल मंडी में किसी बड़े नुकसान की स्थिति नहीं है.

ज्यादा नुकसान नहीं हुआ

मार्केट कमेटी के उपाध्यक्ष बलवान शर्मा ने कहा कि मंडी में बारिश से धान जरूर भीगा है, लेकिन इससे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है. अगर दो घंटे भी अच्छी धूप निकल जाए तो धान सूख सकता है और उसके बाद उसे भरकर उठाया जा सकता हैृ. उन्होंने बताया कि पीआर धान का करीब 90 प्रतिशत उठान हो चुका है, जबकि शेष 10 प्रतिशत धान को तिरपाल से ढककर रखा गया है. उम्मीद है कि एक-दो दिन में इसका उठान भी हो जाएगा.

किसानों के लिए बड़ी चुनौती

बता दें कि मंडी में खुले में पड़ा धान बारिश से गीला हो गया है. मौसम साफ होने पर इसे सुखाया जा सकता है, लेकिन खेतों में खड़ी या गिर चुकी धान की फसल को संभालना किसानों के लिए बड़ी चुनौती है. वहीं, बलवान शर्मा के अनुसार, लगातार बेमौसम बारिश से खेतों में धान गिरने के कारण कटाई और फसल की झड़ाई में दो से तीन दिन की देरी हो सकती है. उन्होंने खेतों में पड़ी धान की फसल में करीब 10 से 15 प्रतिशत नुकसान होने की आशंका जताई.

(पानीपत से राकेश भयाना की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More