10 लाख की रिश्वत लेते CGST सुपरिंटेंडेंट गिरफ्तार, घर से 1.86 करोड़ की नकदी-गहने और विदेशी मुद्रा बरामद
पंचकूला में CBI ने 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते CGST सुपरिंटेंडेंट को गिरफ्तार किया है. आरोपी के घर की तलाशी में 1.86 करोड़ रुपये की नकदी, विदेशी मुद्रा, सोना-चांदी और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं.
हरियाणा के पंचकूला में CBI ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए CGST के एक सुपरिंटेंडेंट को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी के घर की तलाशी में करोड़ों रुपये की नकदी, विदेशी मुद्रा, सोने-चांदी के आभूषण, बैंक खातों, निवेश और संपत्तियों से जुड़े अहम दस्तावेज मिले हैं, जिनकी जांच CBI कर रही है.
CGST सुपरिंटेंडेंट के घर से 1.86 करोड़ रुपये की नकदी बरामद
पंचकूला में रिश्वत के मामले में गिरफ्तार CGST सुपरिंटेंडेंट के घर से CBI ने करीब 1.86 करोड़ रुपये की नकदी और कीमती सामान बरामद किया है. आरोपी सुपरिंटेंडेंट को CBI ने 19 नवंबर को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था.
अनुचित लाभ देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप
CBI के मुताबिक, आरोपी CGST सुपरिंटेंडेंट पर एक निजी फर्म के GST मामले में अनुचित लाभ देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है. शिकायत के आधार पर CBI ने 19 नवंबर को पंचकूला में ट्रैप लगाकर आरोपी को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था.
आवास से भारतीय मुद्रा, विदेशी मुद्रा समेत सोना-चांदी बरामद
इसके बाद 20 नवंबर को आरोपी के आवास पर तलाशी के दौरान 24.29 लाख रुपये भारतीय मुद्रा, करीब 15.65 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा बरामद हुई. इसके अलावा सोने के आभूषण, सोने की ईंटें (Gold Bullion) और चांदी भी मिली, जिनकी कीमत करीब 1.46 करोड़ रुपये आंकी गई है. बरामदगी का कुल मूल्य करीब 1.86 करोड़ रुपये बताया गया है.
कई अहम दस्तावेज भी घर से मिले
तलाशी के दौरान छह बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो, जीवन बीमा पॉलिसी और कई अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं. आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के वाहन तथा वित्तीय लेनदेन से संबंधित दस्तावेज भी CBI के हाथ लगे हैं.
CBI अब बरामद दस्तावेजों की जांच कर आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों की संपत्ति, निवेश और वित्तीय लेनदेन का पता लगा रही है.
(पंचकूला से दिव्या रानी रिपोर्ट)