SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दोस्तों के बीच कहासुनी से तीन मौत तक: कैथल हादसे की पूरी कहानी, जानिए उस रात क्या हुआ था?

कैथल के सिसमौर-पाई नहर पुल पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है. शिकायत के मुताबिक, दोस्तों से झगड़े के बाद चालक ने तेज रफ्तार में कार दौड़ा दी थी.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 14, 2026, 16:33 IST | Updated: Nov 14, 2026, 16:55 IST
Image Credit: कैथल सड़क हादसा
Join

कैथल के गांव करोड़ा के तीन युवकों की जान लेने वाले दर्दनाक सड़क हादसे में नया मोड़ सामने आया है. शुरुआती तौर पर यह मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन अब पुलिस को दी गई शिकायत में दोस्तों के बीच कहासुनी और झगड़े की बात सामने आई है. आरोप है कि विवाद के बाद कार चालक नरेंद्र कुमार ने गुस्से में तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी दौड़ा दी. इसी दौरान सिसमौर-पाई नहर पुल के पास कार पुल से टकरा गई. भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए. पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार चालक नरेंद्र कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पहले दोस्तों में हुआ झगड़ा, फिर तेज रफ्तार से दौड़ाई कार
तीतरम थाना प्रभारी वेदपाल के अनुसार, गांव करोड़ा निवासी रामनिवास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे गांव का नरेंद्र कुमार महाबीर की टाटा अल्ट्रोज कार लेकर अपने दोस्तों प्रदीप, नवदीप, अजय और साहिल को कैथल छोड़ने के लिए निकला था.

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 14 नवंबर की रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच उसे सूचना मिली कि नरेंद्र ने रास्ते में गाड़ी रोककर अपने दोस्तों के साथ झगड़ा किया हुआ है. इसके बाद रामनिवास अपने दोस्त गौरव और अर्जुन के साथ मोटरसाइकिल पर कैथल-सिसमौर की तरफ रवाना हो गया.

समझाने के बाद भी नहीं माना नरेंद्र, दौड़ा दी कार
रामनिवास ने शिकायत में बताया कि सिसमौर से पहले उसे नरेंद्र गाड़ी रोककर अपने दोस्तों के साथ झगड़ा करता हुआ मिला. उसने सभी को समझाकर मामला शांत करवाने का प्रयास किया. आरोप है कि इसके बाद नरेंद्र अपने दोस्तों को कार में बैठाकर अचानक तेज रफ्तार से कैथल की तरफ निकल पड़ा.

शिकायतकर्ता ने मोटरसाइकिल से कार का पीछा किया, लेकिन नरेंद्र कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चलाता रहा. इसी दौरान सिसमौर-पाई नहर पुल के पास कार पुल की बाईं तरफ जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी युवक घायल हो गए.

तीन युवकों की मौत, एक ही परिवार से रखते थे संबंध
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 19 वर्षीय नवदीप पुत्र बलबीर, 27 वर्षीय प्रदीप पुत्र कर्मबीर और 22 वर्षीय अजय पुत्र सत्यवान के रूप में हुई है. तीनों गांव करोड़ा के रहने वाले थे और एक ही परिवार से संबंध रखते थे.

हादसे के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है. एक ही हादसे ने तीन नौजवानों की जिंदगी छीन ली.

घायलों को अस्पताल पहुंचाया, साहिल की हालत गंभीर
शिकायतकर्ता रामनिवास के अनुसार, हादसे के बाद उसने डायल 112 पर सूचना दी. पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रदीप, नवदीप और अजय को मृत घोषित कर दिया.

घायलों में नरेंद्र, साहिल और अर्जुन शामिल हैं. साहिल की दोनों टांगों में चोट होने के कारण उसे रेफर किया गया, जबकि नरेंद्र और गौरव को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. शिकायतकर्ता के अनुसार, मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ने से उसे और उसके साथियों को भी चोटें आईं.

ड्राइवर नरेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज
तीतरम थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि रामनिवास की शिकायत के आधार पर नरेंद्र कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. शिकायत में चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप लगाए गए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि दोस्तों के बीच हुई कहासुनी आखिर इतनी बड़ी त्रासदी में कैसे बदल गई? एक पल का गुस्सा तीन परिवारों की खुशियां उजाड़ गया. गांव करोड़ा में तीन युवकों की मौत से शोक की लहर है.

ये भी पढ़ें: पहले गलत काम की कोशिश, फिर विरोध करने पर सिर पर बरसाए पत्थर... दिल्ली के बुराड़ी में महिला की हत्या; आरोपी गिरफ्तार

(कैथल से विपिन शर्मा की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES