)
हरियाणा में दिवाली से पहले मौसम का मिजाज बदलने वाला है और ठंड अपनी रफ्तार पकड़ सकती है. प्रदेश में अक्टूबर माह के बीचे दिनों में से तीन दिन बारिश का अलर्ट है. बारिश से तापमान में गिरावट और ठंडक बढ़ने की संभावना है.
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने ज़ी मीडिया से एक्सक्लूसिव बातचीत में बताया कि फिलहाल न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जो सर्दी की आहट दे रहा है. उन्होंने बताया कि 29 अक्टूबर की रात से प्रदेश में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय हो रहा है, जिसके साथ अरब सागर से आने वाली नमी के कारण 30 और 31 अक्टूबर के अलावा 1 नवंबर को भी हरियाणा के अधिकतर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी.
साथ ही उन्होंने किसानों को सलाह दी कि हालांकि यह समय सरसों की बिजाई के लिए अनुकूल है, लेकिन मौसम के इस बदलाव को देखते हुए बिजाई का काम बारिश बीत जाने के बाद ही करना बेहतर रहेगा.
अगले 7 दिन कैसा रहेगा हरियाणा में मौसम का हाल:
28 अक्टूबर को राज्य में मौसम ज़्यादातर सूखा रहने की उम्मीद है. हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. IMD ने इस दिन के लिए कोई मौसम की चेतावनी जारी नहीं की है.
29 अक्टूबर को मौसम में बदलाव की उम्मीद है. कुछ जगहों पर हल्की बारिश के साथ आंधी, बिजली कड़कने और तेज़ हवाएं चलने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने इस दिन के लिए चेतावनी जारी की है.
30 अक्टूबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की उम्मीद है. आंधी और तेज़ हवाओं का भी अलर्ट है. हालांकि, बारिश का असर पूरे हरियाणा में एक जैसा होने की उम्मीद नहीं है.
31 अक्टूबर को मौसम में सुधार होने और आसमान साफ़ रहने की उम्मीद है. कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना को पूरी तरह से नकारा नहीं गया है, लेकिन IMD ने इस दिन के लिए कोई मौसम की चेतावनी जारी नहीं की है.
नवंबर की शुरुआत में राज्य में सूखा मौसम रहने की उम्मीद है. बारिश की कोई बड़ी चेतावनी नहीं है, और धूप खिलने के साथ मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है.
2 नवंबर को राज्य में मौसम साफ़ और सूखा रहने की उम्मीद है. बारिश, आंधी-तूफान या तेज़ हवाओं के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
3 नवंबर को मौसम सूखा रहने की उम्मीद है. दिन में धूप निकल सकती है, सुबह और रात के तापमान में थोड़ा अंतर हो सकता है. मौसम विभाग के मौजूदा अनुमान में इस दिन के लिए कोई चेतावनी शामिल नहीं है.