गन्ने के दाम पर आर-पार की लड़ाई! किसानों का सरकार को अल्टीमेटम, 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में महारैली
हरियाणा में गन्ने के उचित दाम की मांग को लेकर किसान संगठनों ने आंदोलन तेज कर दिया है. किसान नेताओं ने 2 दिसंबर से पहले रेट नहीं बढ़ने पर कुरुक्षेत्र में बड़ी किसान रैली करने की चेतावनी दी है.
हरियाणा में गन्ने के उचित दाम की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. इंद्री के भादसों शुगर मिल में पिछले कई दिनों से चल रहे धरने को समर्थन देने के लिए शुक्रवार को विभिन्न किसान यूनियनों के नेता पहुंचे. किसान नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए ऐलान किया कि अगर 2 दिसंबर से पहले गन्ने के रेट में बढ़ोतरी नहीं की गई तो कुरुक्षेत्र में किसानों की बड़ी रैली आयोजित की जाएगी. इस आंदोलन को अब किसान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले चलाया जा रहा है. किसान नेताओं ने साफ कर दिया है कि अब किसान आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं.
गन्ने के रेट में बढ़ोतरी की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन तेज
गन्ने के उचित भाव की मांग को लेकर किसानों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है. पिछले काफी दिनों से किसान शुगर मिल में धरना-प्रदर्शन कर सरकार से गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. इसी कड़ी में आज विभिन्न किसान संगठनों के नेता धरनास्थल पर पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया.
गन्ने की खेती पर लागत बढ़ रही, लेकिन भाव नहीं मिल रहे
किसान नेताओं का कहना है कि गन्ने की खेती पर किसानों की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसके मुकाबले किसानों को उचित भाव नहीं मिल रहा. इसी मांग को लेकर अब सभी किसान यूनियन एकजुट होकर किसान संघर्ष मोर्चा के नाम से आंदोलन को आगे बढ़ा रही हैं.
गन्ने के रेट में बढ़ोतरी को लेकर 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में किसानों की बड़ी रैली
किसान नेताओं ने ऐलान किया कि आगामी 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में किसानों की एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी. इस रैली के माध्यम से सरकार तक किसानों की आवाज पहुंचाई जाएगी. नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर 2 दिसंबर से पहले हरियाणा सरकार ने गन्ने के रेट में बढ़ोतरी नहीं की तो कुरुक्षेत्र में होने वाली किसान महापंचायत में सरकार के साथ आर-पार की लड़ाई का फैसला लिया जाएगा.
किसान नेताओं ने कहा कि किसान अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. इसके लिए उन्हें चाहे कोई भी कुर्बानी क्यों न देनी पड़े, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं. उन्होंने सरकार से मांग की कि किसानों की परेशानी को समझते हुए जल्द से जल्द गन्ने का उचित भाव घोषित किया जाए, ताकि किसानों को आंदोलन करने के लिए मजबूर न होना पड़े.
मांगें नहीं मानी गई तो आंदोलान होगा और तेज, दूसरे राज्यों में दिखेगा इसका असर
किसान नेताओं ने यह भी चेतावनी दी कि अगर सरकार ने समय रहते किसानों की मांगों को स्वीकार नहीं किया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा. इसका असर केवल हरियाणा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पंजाब और उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी देखने को मिल सकता है.
(कुरुक्षेत्र से कमरजीत सिंह की रिपोर्ट)