रात साढ़े 12 बजे खाना खा रहे थे, तभी स्विफ्ट कार में सवार होकर आए बदमाश और कर दी फायरिंग... रोहतक में 4 की मौत
हरियाणा के रोहतक से सनसनीखेज वारदात सामने आई है. आधी रात को मिलन ढाबे पर खाना खा रहे चार युवकों को बदमाशों ने मौत के घाट उतार दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
हरियाणा के रोहतक में आधी रात गोलीबारी की घटना में चार युवकों की मौत हो गई. यह वारदात खरावड़ पुलिस चौकी के पास स्थित मिलन ढाबे पर हुई. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश की जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब साढ़े 12 बजे की है. बताया जा रहा है कि कुछ युवक ढाबे पर खाना खा रहे थे. इसी दौरान एक स्विफ्ट कार में सवार होकर हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी.
टेबल-कुर्सियों के पीछे छिपे लोग
गोलीबारी शुरू होते ही ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और टेबल-कुर्सियों के पीछे छिप गए. पुलिस के मुताबिक, मौके पर ही तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि भागने की कोशिश कर रहे एक अन्य युवक का पीछा कर उसे भी गोली मार दी गई. वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
पुलिस अधिकारियों ने किया मौके का मुआयना
घटना की सूचना मिलते ही रोहतक रेंज के आईजी हामिद अख्तर और एसपी गौरव राजपुरोहित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इनके अलावा सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल (FSL) की टीमों ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और बारीकी से जांच की. पुलिस का कहना है कि मृतकों की पहचान की औपचारिक प्रक्रिया अभी जारी है. इस घटना को इलाके में सक्रिय गिरोहों की आपसी रंजिश या गैंगवार से जोड़कर भी देखा जा रहा है. साथ ही, डीघल गांव में हाल ही में हुई एक हत्या की घटना से इसके संबंध होने की संभावना पर भी जांच की जा रही है.
मामले को लेकर पुलिस ने क्या कहा?
डीएसपी ऋषिकांत ने घटना के लेकर बताया कि बीती रात कुछ लोग एक ढाबे पर पहुंचे थे. इसी दौरान उन पर फायरिंग की गई, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई. किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. यह गैंगवार है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. मामले की जांच के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं. हमें जल्द ही इस मामले में बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है. फिलहाल घटनास्थल का कोई फुटेज उपलब्ध नहीं है.
रिपोर्ट: राज टकिया
यह भी पढ़ें: रात 10 बजकर 15 मिनट पर कहासुनी हुई और फिर होने लगी ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 गुटों के झगड़े से सहम गई दिल्ली