App

हरियाणा दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पानीपत दौरा, सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक पुख्ता इंतजाम

हरियाणा दिवस पर 1 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पानीपत के थिराना स्थित ब्रह्माकुमारीज ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर में आयोजित समारोह में शामिल होंगी. इसको लेकर जिला प्रशासन ने 26 अक्टूबर तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं.

हरियाणा दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पानीपत दौरा, सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक पुख्ता इंतजाम
Image Credit: President Droupadi Murmu

हरियाणा दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित पानीपत दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 1 नवंबर को थिराना स्थित ब्रह्माकुमारीज के ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर में आयोजित होने वाले विशेष समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी. इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है.

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी तैयारियां 26 अक्टूबर तक पूरी करने के निर्देश दिए हैं. राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए हेलीपैड तैयार करवाए जा रहे हैं. इसके साथ ही एंबुलेंस और दमकल विभाग को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने को कहा गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

ब्रह्माकुमारीज की गोल्डन जुबली पर होगा आयोजन
ज्ञान मानसरोवर के निदेशक भारत भूषण के अनुसार, ब्रह्माकुमारीज की ईश्वरीय सेवा के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 1 नवंबर को दादी चंद्रमणि यूनिवर्सल पीस ऑडिटोरियम में विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम का विषय 'विकसित भारत का संकल्प – ग्राम उत्थान से राष्ट्र उत्थान' रखा गया है.

इस अवसर पर ग्राम उत्थान से जुड़े राष्ट्रीय प्रोजेक्ट की लॉन्चिंग प्रस्तावित है. इसका उद्देश्य गांवों को नशामुक्त बनाना, स्वच्छता को बढ़ावा देना, सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना और लोगों में दैवीय गुणों का विकास कर आपसी विवादों को दूर करना है. आयोजकों के अनुसार, राष्ट्रपति भवन में इस प्रोजेक्ट से जुड़े चार भाइयों और चार बहनों को सम्मानित करने का भी अनुरोध किया गया है.

कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के शामिल होने की भी संभावना है. उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तैयारी कर रहा है और उम्मीद है कि यह एक भव्य एवं सफल आयोजन होगा.

(राकेश भयाना की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More