पंचकूला में कांग्रेस की संविधान रक्षा मार्च, हुड्डा बोले- संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही BJP
संविधान दिवस पर पंचकूला में हरियाणा कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च निकाला. इस रैली में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा समेत कई कांग्रेस के कई नेता शामिल हुए. नेताओं ने बीजेपी पर संविधान कमजोर करने का आरोप लगाया.
पंचकूला में संविधान दिवस के अवसर पर हरियाणा कांग्रेस की ओर से संविधान रक्षा मार्च का आयोजन किया गया. इस मार्च में प्रदेशभर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और पार्टी प्रभारी संजय दत्त की मौजूदगी में निकाली गई यह यात्रा सेक्टर-26 स्थित महाराणा प्रताप भवन से शुरू हुई और सेक्टर-25 स्थित अंबेडकर चौक पर पहुंचकर संपन्न हुई.
यात्रा के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया.
देश के संविधान को कमजोर करने का बीजेपी पर लगाया आरोप
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि देश में संविधान को कमजोर किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कमजोर करने और उन पर कब्जा करने के प्रयास हो रहे हैं. इसी के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने संविधान रक्षा मार्च निकाला है.
'संविधान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस'
वहीं प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि संविधान दिवस पर निकाली गई इस यात्रा का उद्देश्य संविधान की रक्षा के लिए जनता को जागरूक करना है. उन्होंने भाजपा पर पिछले 12 वर्षों से संविधान को कमजोर करने के आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस किसी भी सूरत में संविधान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी.
कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी के नेतृत्व में देशभर में संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बनाए संविधान और उनके विचारों की रक्षा करना कांग्रेस की जिम्मेदारी है. संविधान को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का कांग्रेस विरोध करेगी और इसके लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी.
संविधान रक्षा मार्च में हरियाणा कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने की शिरकत
इस संविधान रक्षा मार्च में हरियाणा नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, विधायक और कार्यकर्ता शामिल हुए. कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में आयोजित इस मार्च के जरिए पार्टी संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती का संदेश दिया.
(पंचकूला से दिव्या रानी की रिपोर्ट)