हरियाणा बोर्ड परीक्षा का टाइम टेबल जारी, जानिए कब से शुरू होंगे 10वीं-12वीं के पेपर?
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से 10वीं-12वीं बोर्ड की परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. आइए आपको बताते हैं कि 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं कब आयोजित की जाएंगी?
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी ने 10वीं-12वीं बोर्ड की परीक्षा का टाइम टेबल जारी कर दिया है. 26 नवंबर की रात को बोर्ड की तरफ से जारी सूचना के मुताबिक, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं अगले साल 2027 में मार्च के पहले सप्ताह में शुरू होंगी. इसकी घोषणा हरियाणा बोर्ड अध्यक्ष और सचिव ने आधिकारिक बयान में तारीखों का ऐलान किया है.
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने जानकारी देते हुए परीक्षा की शुरू होने और समाप्त होने की तारीखों के बारे में जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि 10वीं बोर्ड के पेपर 4 मार्च 2027 से शुरू होकर 26 मार्च 2027 तक कराए जाएंगे. इसके अलावा, 12वीं बोर्ड के पेपर 3 मार्च 2027 से पेपर आयोजित किए जाएंगे.
कब से कब तक होंगे 10वीं-12वीं के पेपर?
1. 10वीं यानी सेकेंडरी के पेपर 4 मार्च 2027 से शुरू होकर 26 मार्च 2027 तक आयोजित किए जाएंगे.
2. 12वीं यानी सीनियर सेकेंडरी के पेपर 3 मार्च 2027 से शुरू होकर 26 मार्च 2027 तक आयोजित किए जाएंगे.
वहीं बोर्ड की तरफ से बताया गया है कि हर विषय की परीक्षा की तारीख और पूरा टाइम-टेबल अलग से जारी किया जाएगा. डेटशीट उपलब्ध होने के बाद विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट पर अपने विषयों के मुताबिक परीक्षा कार्यक्रम देख सकेंगे. वहीं विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूलों को परीक्षा से जुड़ी नई जानकारी के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर जारी कर दिया जाएगा.
पिछले साल कब हुए थे 10वीं-12वीं के पेपर
साल 2026 में हरियाणा बोर्ड परीक्षा की तारीख 27 जनवरी 2026 को घोषित की गई है. इसमें 10वीं के पेपर 26 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक और 12वीं के पेपर 25 फरवरी से 1 अप्रैल 2026 तक करवाए गए थे. दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं दोपहर 12.30 बजे से 3.30 बजे तक आयोजित की गईं. मिली जानकारी के मुताबिक, प्रदेभर में करीब 1431 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 5 लाख 66 हजार 411 छात्रों ने परीक्षा दी थी.
पिछले साल कब आया था रिजल्ट?
बता दें कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से 12वीं कक्षा का रिजल्ट 12 मई 2026 को जारी किया गया था. वहीं आधिकारिक वेबसाइट पर बढ़ते ट्रैफिक और तकनीकी लोड के चलते 10वीं बोर्ड के रिजल्ट एक दिन बाद जारी किए गए थे.