SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हरियाणा में प्रदूषण फैलाया तो होगी FIR! बहादुरगढ़-झज्जर में प्रशासन सख्त, एक महीने में 4 मुकदमे दर्ज

GRAP-3 के तहत बहादुरगढ़ और झज्जर में प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई तेज करते हुए एक महीने में 4 FIR दर्ज की गई हैं. वहीं धूल नियंत्रण के लिए 8 स्प्रिंकलर और 2 एंटी-स्मॉग गन तैनात की गई हैं.

Written By Renu Akarniya
Published: Nov 11, 2026, 03:46 PM IST | Updated: Nov 11, 2026, 04:11 PM IST
Image Credit: हरियाणा में प्रदूषण फैलाया तो होगी FIR! बहादुरगढ़-झज्जर में प्रशासन सख्त, एक महीने में 4 मुकदमे दर्ज
Join

देश की राजधानी दिल्ली से सटे बहादुरगढ़ और झज्जर क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने सख्ती बढ़ा दी है. क्षेत्र में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP)-3 की पाबंदियां लागू होने के बाद प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है. बोर्ड और संबंधित विभागों की ओर से नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी शिकंजा कसते हुए पिछले एक महीने में कुल 4 एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं.

प्रदूषण नियंत्रण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई
हरियाणा स्टेट पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के रीजनल ऑफिसर सुनील श्योराण ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए खुले में कचरा और प्लास्टिक जलाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है. इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. वहीं अवैध पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल के मामलों में 3 एफआईआर दर्ज की गई हैं. शहरी स्थानीय निकायों की टीमों ने कार्रवाई करते हुए अवैध पटाखे भी जब्त किए हैं. सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए साप्ताहिक अभियान चलाकर दुकानदारों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटे जा रहे हैं.

8 ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रिंकलर सिस्टम लगाए गए
सुनील श्योराण ने बताया कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए 8 ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रिंकलर सिस्टम लगाए गए हैं. इसके अलावा बहादुरगढ़ और झज्जर में एक-एक एंटी-स्मॉग गन तैनात की गई है. एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग को सड़कों से धूल हटाने और नियमित रूप से पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए हैं. इन कार्यों में लापरवाही बरतने पर भारी जुर्माना लगाने की चेतावनी भी दी गई है.

निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध
ग्रैप-3 के तहत निर्माण गतिविधियों पर भी सख्ती की गई है. राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्रीय महत्व से जुड़ी आवश्यक परियोजनाओं को छोड़कर अन्य सभी प्रकार की निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है. स्वीकृत निर्माण कार्यों में भी सीएक्यूएम और ग्रैप के धूल नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करना अनिवार्य होगा.

इसके साथ ही बहादुरगढ़, झज्जर और बेरी के शहरी स्थानीय निकायों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध रूप से कूड़ा फेंकने और जलाने वालों के खिलाफ तत्काल चालान व जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन का उद्देश्य प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर नियंत्रण लगाकर क्षेत्र की हवा की गुणवत्ता में सुधार करना है.

ये भी पढ़ें: पराली जलाने पर रोक के बावजूद क्यों नहीं थम रहा धुआं? इसमें किसानों की है कितनी गलती, जानें क्या पूरा सिस्टम

(झज्जर से सुमित कुमार की रिपोर्ट)

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES