गुरुग्राम में 20KM तक बस के पायदान पर लटके बुजुर्ग को घसीटता रहा ड्राइवर, बेटा करता रहा पीछा; आखिरकार चली गई जान
मानेसर में बस ड्राइवर और कंडक्टर से विवाद के बाद बुजुर्ग बस के पायदान पर लटक गए. मृतक के बेटे का आरोप है कि ड्राइवर ने 20 किलोमीटर तक बस नहीं रोकी और कापड़ीवास बॉर्डर के पास बुजुर्ग की जान चली गई.
हरियाणा के गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. मानेसर के रहने वाले एक बुजुर्ग की बस से गिरकर मौत हो गई. आरोप है कि बस ड्राइवर और कंडक्टर से विवाद के दौरान बुजुर्ग बस के अगले गेट से लटक गए थे. इसके बावजूद ड्राइवर ने बस नहीं रोकी और करीब 20 किलोमीटर तक बस दौड़ाता रहा. आखिरकार रेवाड़ी जिले के कापड़ीवास बॉर्डर के पास तेज रफ्तार में बस मोड़ने के दौरान बुजुर्ग का संतुलन बिगड़ गया और वह पहियों के नीचे आ गए.
ड्राइवर और कंडक्टर से हुई बुजुर्ग की बहस
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिर, पुलिस ने कहा कि घटना 18 नवंबर की सुबह की है. मृतक की पहचान मानेसर निवासी कृष्ण कुमार के रूप में हुई है. उनके बेटे तरुण कुमार यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता सुबह करीब 5 बजे मानेसर बस स्टैंड के लिए निकले थे. कुछ देर बाद उनकी मां का फोन आया कि कृष्ण कुमार की बस के ड्राइवर और कंडक्टर के साथ कहासुनी हो रही है. सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे.
ड्राइवर ने अचानक बढ़ा दी बस की रफ्तार, अगले पायदान पर लटके बुजुर्ग
मृतक के बेटे तरुण के मुताबिक, बस स्टैंड पर राजस्थान नंबर की एक बस खड़ी थी. उसके ड्राइवर और कंडक्टर उनके पिता से बहस कर रहे थे. इसी दौरान जब वह अपने पिता के पास पहुंचने लगे तो ड्राइवर ने अचानक बस की रफ्तार बढ़ा दी. इससे उनके पिता बस के अगले पायदान पर लटक गए. बेटे और परिवार के अन्य लोगों ने ड्राइवर से बस रोकने की बार-बार गुहार लगाई, लेकिन उसने बस नहीं रोकी.
मृतक के बेटे ने बस का पीछा किया, 20 KM तक बस चलाया
शिकायत में तरुण ने आरोप लगाया कि उनके पिता की जान खतरे में देखकर उन्होंने अपनी कार से बस का पीछा किया. उन्होंने कार बस के आगे लगाकर उसे रोकने की भी कोशिश की, लेकिन ड्राइवर करीब 20 किलोमीटर तक बस चलाता रहा. इस दौरान उसने उनकी कार को टक्कर मारने का प्रयास भी किया.
कापड़ीवास बॉर्डर के पास तेज रफ्तार में बस मोड़ दी, बुजुर्ग बस के नीचे आ गए
आरोप है कि बस जब रेवाड़ी जिले के कापड़ीवास बॉर्डर के पास पहुंची तो ड्राइवर ने तेज रफ्तार में बस मोड़ दी. इससे कृष्ण कुमार का संतुलन बिगड़ गया और वह बस के पहियों के नीचे आ गए. तरुण अपने घायल पिता को तुरंत मानेसर स्थित फोर्टिस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बस ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ FIR दर्ज
बेटे की शिकायत के आधार पर मानेसर पुलिस ने बस ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.