यमुनानगर में 7 साल की बच्ची से हैवानियत: दरिंदगी के बाद हत्या के दोषी को मरते दम तक लटकाने की सजा का ऐलान
यमुनानगर में 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में फास्ट ट्रैक पॉक्सो कोर्ट ने दोषी नरेश राम को फांसी की सजा सुनाई. सितंबर 2024 की वारदात में CCTV फुटेज, DNA रिपोर्ट और करीब 20 अहम सबूत अभियोजन पक्ष के काम आए.
हरियाणा के यमुनानगर में सात साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है. फास्ट ट्रैक पॉक्सो कोर्ट ने दोषी नरेश राम को फांसी की सजा सुनाई है. यह मामला सितंबर 2024 का है, जब आरोपी ने बच्ची को अमरूद खिलाने के बहाने अपने साथ खेतों में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया था. अदालत में CCTV फुटेज, DNA रिपोर्ट और करीब 20 अहम सबूत अभियोजन पक्ष के लिए महत्वपूर्ण साबित हुए.
अमरूद खिलाने के बहाने बच्चियों को ले गया था आरोपी
मामला यमुनानगर के थाना बूड़िया क्षेत्र का है. सितंबर 2024 में सात साल की बच्ची अपनी एक सहेली के साथ घर के बाहर खेल रही थी. इसी दौरान पड़ोस में किराये पर रहने वाला बिहार निवासी नरेश राम दोनों बच्चियों को अमरूद खिलाने का लालच देकर खेतों की तरफ ले गया.
वहां मौका पाकर बड़ी बच्ची किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर वापस आ गई. लेकिन दूसरी बच्ची आरोपी के पास ही रह गई. इसके बाद नरेश राम ने मासूम के साथ दुष्कर्म किया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी.
CCTV और DNA रिपोर्ट बनी अहम सबूत
वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान गुरुद्वारा साहिब के पास लगे CCTV कैमरे की फुटेज अहम साबित हुई. फुटेज में आरोपी बच्ची को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया था.
इसके अलावा DNA रिपोर्ट समेत करीब 20 अहम सबूत अदालत के सामने पेश किए गए. इन सबूतों के आधार पर अभियोजन पक्ष ने अपना मामला मजबूती से रखा. मामला फास्ट ट्रैक पॉक्सो कोर्ट में चला, जहां सुनवाई के बाद अदालत ने नरेश राम को दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनाई.
पीड़ित पक्ष के वकील ने फैसले को बताया ऐतिहासिक
पीड़ित पक्ष के अधिवक्ता शानू शर्मा ने अदालत के फैसले को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि इस तरह के जघन्य अपराध करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में अदालत में पैरवी करना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन करीब 20 अहम सबूतों की मदद से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में सफलता मिली.
सितंबर 2024 में हुई इस वारदात के मामले में अदालत के फैसले को पीड़ित परिवार के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है. सात साल की मासूम के साथ हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था. अब फास्ट ट्रैक कोर्ट ने दोषी को फांसी की सजा सुनाई है.
कुलवंत सिंह की रिपोर्ट