फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर खूनी विवाद, पड़ोसी पर 15 राउंड फायरिंग; सिंगापुर से आए शख्स की हत्या
फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ने कथित तौर पर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर सिंगापिर से लौटे परमजीत धनकड़ की हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी परिवार समेत फरार हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया.
फरीदाबाद के सेक्टर-21C में दीपावली से दो दिन पहले यानी कि धनतेरस की रात पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद हो गया. पार्किंग को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान परमजीत धनकड़ के रूप में हुई है. आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले मोहन उर्फ मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से करीब 15 से 16 राउंड फायरिंग की. इनमें से 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं, जिससे उनकी मौत हो गई.
भांजे की शादी के लिए सिंगापुर से आए से फरीदाबाद
परमजीत मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे. वह एक बड़ी नेशनल कंपनी में कार्यरत थे और काम के सिलसिले में सिंगापुर में रहते थे. दो दिन पहले ही वह अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए फरीदाबाद लौटे थे. 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी होनी थी. परमजीत मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे.
पार्किंग विवाद में परमजीत की गोली मारकर हत्या
बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे परमजीत जिम से घर लौटे थे. इसी दौरान पार्किंग को लेकर तीसरी मंजिल पर रहने वाले मोहन उर्फ मोनू शर्मा से उनका विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मोनू ने उन पर फायरिंग कर दी.
पुलिस अनुसार शौर्य निवासी सेक्टर-21 C ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे उनके पड़ोसी मोहन शर्मा ने उनके फ्लोर की घंटी बजाई और उसके पिताजी परमजीत को गाड़ी हटाने के लिए नीचे बुलाया. शिकायतकर्ता भी अपने पिताजी के साथ नीचे आया, जहां पर मोहन शर्मा, उसके पिताजी के साथ झगड़ा करने लगा और विवाद शुरू कर दिया. इसी दौरान मोहन शर्मा ने पिस्टल निकालकर उसके पिता पर कई गोलियां चला दीं. शिकायतकर्ता पर भी आरोपित ने गोलियां चलाई, उसने गाड़ियों के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई. वारदात के बाद आरोपी अपनी गाड़ी से फरार हो गया। गोलियां लगने से उसके पिताजी की मृत्यु हो गई. जिसकी शिकायत पर थाना सूरजकुंड में हत्या, हत्या के प्रयास, षड्यंत्र की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई.
आरोपी परिवार समेत फरार, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पहले भी विवाद होता रहता था. पांच दिन पहले भी आरोपी ने परमजीत के बेटे के साथ गाली-गलौज की थी. वारदात के बाद आरोपी अपने परिवार सहित फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है. परमजीत के शव का पोस्टमार्टम ईएसआई मेडिकल कॉलेज में कराया जाएगा.
आरोपी गिरफ्तार
सूरजकुंड SHO पहलाद सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता के मद्देनजर अपराध शाखाओं की टीमों को आरोपी की तलाश के लिए निर्देशित किया गया. अपराध शाखा सेक्टर 30 प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहन शर्मा को 7 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपित को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, पूछताछ की जाएगी और साक्ष्य एकत्रित किए जाएंगे.
ये भी पढ़ें: 2 घंटे तक नहीं मिला इलाज, शिकायत की तो मरीज पर बरसाए थप्पड़!
(जय प्रकाश की रिपोर्ट)