)
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के इंदिरा गांधी ऑडिटोरियम में आज का माहौल बेहद खास रहा, जब पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा के जन्मदिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. सुभाष चंद्रा फाउंडेशन , हिसार की ओर से "संकल्प से सफलता तक" कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया.
समारोह में नगर और हिसार जिले की गणमान्य संस्थाओं, जिनमें वानप्रस्थ सीनियर सिटिजन क्लब, हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल (अध्यक्ष बजरंग गर्ग), आदमपुर किसान प्रोड्यूसर कंपनी, सबका डेवलपमेंट एसोसिएशन, DSC युवा क्लब, महिला स्वयं सहायता समूह, MY भारत केंद्र, अग्रोहा विकास ट्रस्ट, जागृति मिशन और जिला सैन सभा सहित अनेक सामाजिक, व्यापारिक व युवा संगठन शामिल रहे, ने शिरकत कर डॉ. सुभाष चंद्रा को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं.
इस अवसर पर 76 किलो का केक भी काटा गया. खचाखच भरे इंदिरा गांधी ऑडिटोरियम में डॉ. सुभाष चंद्रा ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि उन्होंने जीवन में अनेक सफलताएं देखी हैं, लेकिन कुछ असफलताएं भी देखी हैं. उन्होंने युवाओं को गुरुमंत्र देते हुए कहा कि सफलता हमें खुशी देती है, जबकि असफलता हमें बहुत कुछ सिखाती है. इसलिए एक लीडर की तरह मन में लक्ष्य ठानकर उसे पूरा करने के लिए आगे बढ़ना चाहिए.
कार्यक्रम के दौरान सुभाष चंद्रा फाउंडेशन की अकादमी से निकले उन होनहार खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने-अपने खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नाम रोशन किया और जिनमें से कई खिलाड़ी सरकारी सेवाओं में भी चयनित हुए हैं.
इंदिरा गांधी ऑडिटोरियम में हुआ कार्यक्रम
यह समारोह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार स्थित इंदिरा गांधी ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया. कार्यक्रम में डॉ. सुभाष चंद्रा की मौजूदगी रही. समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच, सेवा और विकास की भावना को बढ़ावा देना है.
युवाओं से सीधा संवाद
कार्यक्रम का एक प्रमुख हिस्सा युवाओं के साथ विशेष संवाद किया. इसमें युवाओं को अलग-अलग विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर मिला. आयोजन के जरिए युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने और उन्हें समाजहित में आगे आने के लिए प्रोत्साहित करने की कोशिश की गई. आयोजकों के मुताबिक, युवाओं की भागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव और विकास की दिशा में काम करने का संदेश दिया.
सामाजिक संस्थाओं का सम्मान
समारोह में समाज और ग्राम विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की रूपरेखा में जनहित से जुड़े कार्यों और सामाजिक सहभागिता को भी खास जगह दी गई. इस आयोजन में किसान उत्पादक कंपनियों, व्यापार मंडलों, युवा क्लबों, महिला स्वयं सहायता समूहों, ग्राम विकास समितियों, शिक्षा समितियों और धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों की भागीदारी रही.
समाजसेवा और ग्रामीण विकास पर जोर
सुभाष चंद्रा फाउंडेशन के अनुसार, इस आयोजन का मकसद समाज में संकल्प, सेवा और विकास की भावना को मजबूत करना है. इसके साथ ही समाज के लिए काम कर रही संस्थाओं को पहचान और सम्मान देना भी कार्यक्रम का अहम हिस्सा है.
स्पेशल शो 'सच में' में भी होगा प्रसारण
डॉ. सुभाष चंद्रा के जन्मदिवस के अवसर पर इस आयोजन को विशेष प्रसारण में भी जगह दी जाएगी. उनके स्पेशल शो 'सच में' में इसे विशेष कार्यक्रम के तौर पर प्रसारित किया जाएगा. इस तरह हिसार में होने वाले समारोह और उससे जुड़े सामाजिक संदेश को कार्यक्रम के जरिए भी दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा.