SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'भविष्य में भाजपा से कभी गठबंधन नहीं करेगी जजपा', भिवानी में दिग्विजय चौटाला का बड़ा ऐलान

भिवानी में दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भविष्य में भाजपा से कभी गठबंधन जजपा नहीं करेगी. साथ ही उन्होंने नौकरियों में नो आउटसाइडर पॉलिसी की मांग उठाई. इतना ही नहीं, दिग्विजय ने हरियाणवी फर्स्ट का नारा दिया.

Edited By Shailendra
Published: Nov 24, 2026, 22:53 IST | Updated: Nov 24, 2026, 23:02 IST
Image Credit: भिवानी में दिग्विजय चौटाला (Z News)
Join

जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय चौटाला ने मंगलवार को भिवानी में बीजेपी सरकार पर चौतरफा हमला बोला और भविष्य की राजनीतिक दिशा स्पष्ट की. दिग्विजय चौटाला ने दो टूक शब्दों में कहा कि जननायक जनता पार्टी भविष्य में भारतीय जनता पार्टी के साथ कभी नहीं जाएगी. उन्होंने पूर्व में बीजेपी के साथ किए गए गठबंधन पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि दूध का जला छाछ भी फूंक-फूंक कर पीता है. उनके अनुसार, बीजेपी के साथ चार साल सत्ता में रहने से जजपा की साफ, ईमानदार और किसान-कमेरे वर्ग की हितैषी छवि को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसका जवाब आज जनता को देना पड़ रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला भी यह तय कर चुके हैं कि भविष्य में बीजेपी से कोई वास्ता नहीं रखा जाएगा, हालांकि बीजेपी से बगावत कर जनहित की लड़ाई लड़ने वाले लोगों का पार्टी में स्वागत है.

आगामी 6 दिसंबर को महेंद्रगढ़ में होने वाले पार्टी के नौवें स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों की जानकारी देते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भिवानी के आधे से ज्यादा गांवों का दौरा पूरा हो चुका है और जनता में व्यवस्था परिवर्तन को लेकर भारी उत्साह है. उन्होंने दावा किया कि यह रैली हरियाणा के इतिहास की सबसे बड़ी रैली साबित होगी और दक्षिणी हरियाणा के जिस छोर से बीजेपी सत्ता में आई थी, वहीं से उसकी विदाई की नींव रखी जाएगी.

प्रदेश की वर्तमान नीतियों पर सवाल उठाते हुए दिग्विजय ने सरकारी भर्तियों और रोजगार के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने एचपीएससी और एचटेट जैसी परीक्षाओं और हरियाणा कौशल रोजगार निगम में अनियमितताओं व भाई-भतीजावाद का आरोप लगाया. अन्य राज्यों के युवाओं को हरियाणा में मिल रही नौकरियों का कड़ा विरोध करते हुए उन्होंने हरियाणवी फर्स्ट एंड हरियाणवी ऑलवेज का नारा दिया. उन्होंने मांग की कि निजी क्षेत्र में 75 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के साथ-साथ सरकारी नौकरियों में नो आउटसाइडर पॉलिसी लागू हो, ताकि केवल हरियाणा के मूल निवासियों को ही रोजगार मिल सके. उन्होंने चेतावनी दी कि 6 दिसंबर की रैली के बाद इस मुद्दे पर प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा.

किसानों और आम जनता की समस्याओं का जिक्र करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि नायब सिंह सैनी के शासन में मंडी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. फसल बिक्री के एक महीने बाद भी किसानों के खातों में भुगतान नहीं पहुंचा है, जबकि दुष्यंत चौटाला के कार्यकाल में 72 घंटे के भीतर सीधा भुगतान सुनिश्चित होता था. उन्होंने बायोमेट्रिक प्रणाली और खाद के लिए किसानों को थानों में लाइन में लगाने की कड़ी निंदा की. इसके अलावा, महिलाओं को प्रति माह 2100 रुपये देने के वादे को अधूरा बताते हुए उन्होंने फैमिली आईडी और प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर जनता में व्याप्त रोष का भी जिक्र किया.

खेल सुविधाओं पर बोलते हुए दिग्विजय ने भिवानी स्टेडियम की बदहाली पर चिंता जताई और कहा कि 50 करोड़ रुपये की घोषणा भिवानी को स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए नाकाफी है. उन्होंने सरकार से मांग की कि आगामी कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी की दावेदारी में अहमदाबाद की जगह भिवानी का नाम शामिल किया जाए, क्योंकि हरियाणा के खिलाड़ी देश को 75 प्रतिशत तक पदक दिलाते हैं.

राजनीतिक बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए दिग्विजय चौटाला ने वरिष्ठ नेता संपत सिंह की तरफ से चौधरी रणजीत सिंह और स्वर्गीय चौधरी प्रताप सिंह पर की गई टिप्पणियों को दुर्भाग्यपूर्ण और ओछा बताया और उनसे माफी मांगने की बात कही. वहीं, सिरसा से विधायक गोकुल सेतिया द्वारा विकास कार्यों में अनियमितताओं को लेकर लिखे गए पत्र का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को एक मेहनती विधायक की आवाज सुननी चाहिए और अहंकार त्यागना चाहिए. अंत में बीजेपी की संविधान बचाओ रैली पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठी पार्टी का सड़क पर उतरकर संविधान बचाने की बात करना बेहद हास्यास्पद है.

रिपोर्ट: नवीन शर्मा

यह भी पढ़ें: यूपी में तीसरी बार बनेगी योगी सरकार... दुष्यंत चौटाला के सवाल पर धनखड़ का करारा जवाब

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES