SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की महारैली, दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा के लोगों से की खास अपील

रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हांसी में भाजपा सरकार पर चुनावी अनियमितताओं और किसान विरोधी नीतियों के आरोप लगाते हुए हरियाणा के लोगों से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस रैली में पहुंचने की अपील की.

Written By Renu Akarniya
Published: Oct 25, 2026, 03:28 PM IST | Updated: Oct 25, 2026, 03:35 PM IST
Image Credit: दीपेंद्र सिंह हुड्डा
Join

रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने हांसी पहुंचकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की रैली में हरियाणा के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया. हुड्डा ने भाजपा सरकार पर चुनाव आयोग के कथित दुरुपयोग और वोट चोरी के आरोप लगाए.

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ऐतिहासिक रैली होने जा रही है और इसके साथ लड़ाई का बिगुल बज चुका है. उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोगों की इस रैली में बड़ी भागीदारी रहेगी. उन्होंने हरियाणा दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि 1 नवंबर की तारीख का अपना विशेष महत्व है.

उन्होंने कहा कि पिछले दिनों प्रदेश में हुए ब्लॉक सम्मेलनों में उन्हें करीब 70 से 75 स्थानों पर जाने का अवसर मिला. इन सम्मेलनों में लोगों की भावनाओं से स्पष्ट हुआ कि जनता भाजपा सरकार से दुखी है और बदलाव चाहती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव में कथित अनियमितताओं और धनबल के सहारे सरकार बनाई तथा पिछले दो वर्षों से जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है.

भाजपा द्वारा राहुल गांधी को बार-बार निशाना बनाए जाने के सवाल पर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा के पास कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाने पर रखने के अलावा कोई दूसरा मुद्दा नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विभिन्न जनहित के मुद्दों पर लड़ाई लड़ती है. नीट परीक्षा और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने छात्रों के साथ मिलकर आवाज उठाई है.

प्रदेश में पीआर धान की खरीद में आ रही दिक्कतों और किसानों की परेशानी पर भी दीपेंद्र हुड्डा ने सरकार को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में किसानों को दुर्दशा का सामना करना पड़ रहा है और मौजूदा सरकार की नीतियां किसान विरोधी हैं. दीपेंद्र हुड्डा ने 1 नवंबर की रैली को भाजपा सरकार के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए हरियाणा के लोगों से दिल्ली पहुंचने की अपील की.

ये भी पढ़ें:  हरियाणा में तूफान-बारिश से किसानों की बढ़ी मुश्किलें, मंडी में भीगा लाखों क्विंटल धान

(नवीन शर्मा की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES