रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने हांसी पहुंचकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की रैली में हरियाणा के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया. हुड्डा ने भाजपा सरकार पर चुनाव आयोग के कथित दुरुपयोग और वोट चोरी के आरोप लगाए.
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ऐतिहासिक रैली होने जा रही है और इसके साथ लड़ाई का बिगुल बज चुका है. उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोगों की इस रैली में बड़ी भागीदारी रहेगी. उन्होंने हरियाणा दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि 1 नवंबर की तारीख का अपना विशेष महत्व है.
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों प्रदेश में हुए ब्लॉक सम्मेलनों में उन्हें करीब 70 से 75 स्थानों पर जाने का अवसर मिला. इन सम्मेलनों में लोगों की भावनाओं से स्पष्ट हुआ कि जनता भाजपा सरकार से दुखी है और बदलाव चाहती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव में कथित अनियमितताओं और धनबल के सहारे सरकार बनाई तथा पिछले दो वर्षों से जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है.
भाजपा द्वारा राहुल गांधी को बार-बार निशाना बनाए जाने के सवाल पर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा के पास कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाने पर रखने के अलावा कोई दूसरा मुद्दा नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विभिन्न जनहित के मुद्दों पर लड़ाई लड़ती है. नीट परीक्षा और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने छात्रों के साथ मिलकर आवाज उठाई है.
प्रदेश में पीआर धान की खरीद में आ रही दिक्कतों और किसानों की परेशानी पर भी दीपेंद्र हुड्डा ने सरकार को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में किसानों को दुर्दशा का सामना करना पड़ रहा है और मौजूदा सरकार की नीतियां किसान विरोधी हैं. दीपेंद्र हुड्डा ने 1 नवंबर की रैली को भाजपा सरकार के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए हरियाणा के लोगों से दिल्ली पहुंचने की अपील की.
(नवीन शर्मा की रिपोर्ट)