छठ पर्व नजदीक, यमुनानगर के घाटों पर कीचड़ और गंदगी से श्रद्धालु परेशान
लोक आस्था का महापर्व छठ नजदीक है और यमुनानगर में इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं. हालांकि, पर्व से पहले ही घाटों की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं. नगर निगम का दावा है कि घाटों की सफाई के लिए 100 कर्मचारियों को लगाया गया है.
लोक आस्था का महापर्व छठ नजदीक है और यमुनानगर में भी इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं. लेकिन छठ पर्व से पहले घाटों की बदहाल स्थिति ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जहां एक ओर निगम प्रशासन प्रेस नोट जारी कर घाट की सफाई के लिए 100 कर्मचारियों द्वारा सफाई व्यवस्था को लेकर दावा कर रहा है, तो वंही दूसरी तरफ श्रद्धालुओं ने सरकार और जिला प्रशासन से पक्के घाट बनाने के साथ-साथ सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई है.
हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्रित होते हैं
यमुनानगर में छठ पूजा के दौरान यमुना नदी के किनारे और शहर के विभिन्न तालाबों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्रित होते हैं. पूर्वांचल समाज के लोग डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं. लेकिन इस बार घाटों की स्थिति देखकर श्रद्धालुओं में नाराजगी है. कहीं कच्ची मिट्टी तो कहीं कीचड़ और गंदगी का आलम है. पर्याप्त रोशनी और बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी नजर नहीं आ रही. ऐसे में महिलाओं और बुजुर्गों को फिसलन भरे घाटों पर हादसे का डर सता रहा है.
ड्यूटी लगाकर घाटों की सफाई करवाई जाए
हर साल छठ पर्व पर यही समस्याएं सामने आती हैं. प्रशासन अस्थाई इंतजाम करता है, लेकिन स्थाई समाधान नहीं होता. हमारी मांग है कि यहां पक्के घाट बनाए जाएं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से पूजा कर सकें. स्थानीय लोगों और समाजसेवी संस्थाओं ने भी जिला प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखी हैं. लोगों का कहना है कि घाटों तक जाने वाले रास्तों की मरम्मत, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, एंबुलेंस और गोताखोरों की तैनाती जरूरी है. इसके अलावा सफाई कर्मचारियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाकर घाटों की सफाई करवाई जाए.
स्थाई पक्के घाटों का निर्माण
छठ पूर्वांचल समाज की आस्था का सबसे बड़ा पर्व है. सरकार को स्थाई पक्के घाटों का निर्माण करवाना चाहिए. साथ ही लाइटिंग, सफाई और सुरक्षा के बेहतर इंतजाम होने चाहिए. प्रशासन और निगम प्रेस नोट जारी कर घाट की सफाई के लिए 100 कर्मचारियों द्वारा सफाई व्यवस्था को लेकर दावा कर रहा, लेकिन तस्वीरें कुछ ओर ही बयां कर रही हैं ओर प्रमुख घाटों पर सफाई अभियान और अस्थाई बैरिकेडिंग करवाने की बात कही जा रही है. लेकिन श्रद्धालुओं की मांग है कि हर साल होने वाली अस्थाई व्यवस्था के बजाय स्थाई समाधान किया जाए. अब देखना होगा कि छठ पर्व से पहले प्रशासन श्रद्धालुओं की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है.
ये भी पढ़ें- हरियाणा में दो लोगों पर की थी फायरिंग, एक की मौत, पति-पत्नी गिरफ्तार
(यमुनानगर से कुलवंत सिंह की रिपोर्ट)