SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सोनीपत में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला: रात के अंधेरे में चुपचाप रजिस्ट्रियों का खेल, दो कर्मचारी सस्पेंड

सोनीपत की गन्नौर तहसील में 100 करोड़ रुपये से अधिक की जमीन की देर रात चुपके से रजिस्ट्री कराने का मामला एक बड़े विवाद में बदल गया है. अधिवक्ताओं के मौके पर पहुंचने के बाद इस पूरी साजिश का खुलासा हुआ.

Written By Ranjana Kahar
Published: Nov 29, 2026, 13:35 IST | Updated: Nov 29, 2026, 13:47 IST
Image Credit: सोनीपत में भ्रष्टाचार का मामला! Photo Ai
Join

हरियाणा के सोनीपत जिले की गन्नौर तहसील में रात के अंधेरे में हुई रजिस्ट्री की प्रक्रिया अब एक बड़े विवाद का रूप ले चुकी है. मामला सिर्फ इतना नहीं है कि तहसील कार्यालय देर रात तक खुला रहा, बल्कि यह बाल भवन पब्लिक स्कूल से जुड़ी जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कथित तौर पर फेरबदल करने और उसके बाद रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू किए जाने से जुड़ा है. वकील प्रणयदीप ने बताया कि उन्हें शाम के समय अपने साथी अधिवक्ता युद्धवीर का फोन आया, जिसमें उन्होंने बताया कि गन्नौर तहसील कार्यालय में एक विवादित जमीन की रजिस्ट्री होने वाली है. इसके बाद वे रात करीब 9:30 बजे तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि वहां लाइटें जल रही थीं और कर्मचारी भी मौजूद थे.

डीसी का आदेश

जब कर्मचारियों से पूछा गया कि दफ्तर इतनी देर रात तक क्यों खुला है, तो उन्होंने बताया कि ऐसा डीसी के आदेश पर किया गया है और बाल भवन स्कूल के लिए रजिस्ट्रेशन (डीड) का काम पूरा किया जाना था. इसके बाद वहां मौजूद वकीलों और मीडियाकर्मियों की संख्या बढ़ गई. एक अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि इस दौरान वहां मौजूद लोगों को हटाने के लिए पुलिस को बुलाया गया था. इस मामले में दो कर्मचारियों को सस्पेंड किया गया.
 

अधिवक्ताओं ने लगाया आरोप

अधिवक्ताओं का आरोप है कि बाल भवन स्कूल की जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में लगभग 35 साल पुरानी प्रविष्टियों को एक ही दिन में बदल दिया गया. आरोप है कि जब संबंधित पटवारियों ने रिकॉर्ड बदलने से इनकार कर दिया, तो उन्हें निलंबित कर दिया गया. रजिस्ट्री के समय पर भी सवाल उठ रहे हैं. वकील प्रणयदीप के अनुसार, आमतौर पर पंजीकरण की प्रक्रिया शाम 5 बजे बंद हो जाती है, लेकिन इस मामले में यह प्रक्रिया शाम करीब 7:30 बजे शुरू हुई. स्टाम्प पेपर निकाले गए, रजिस्ट्री क्लर्क ने अपनी उपस्थिति दर्ज की, तहसीलदार से मंजूरी ली गई और रात करीब 9:30 बजे अंतिम मंजूरी मिल गई. इसके बाद फोटो प्रोसेसिंग के लिए दोनों पक्षों को गन्नौर बुलाया गया.

शाम को जारी किया गया था टोकन

वकील का कहना है कि टोकन शाम को जारी किया गया था और इसका GNR नंबर 162669837 है. वकीलों का दावा है कि बाल भवन पब्लिक स्कूल की इमारत लगभग 12.5 एकड़ जमीन पर बनी है. लेकिन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के दौरान इस जमीन को कमर्शियल (व्यावसायिक) के बजाय एग्रीकल्चरल (कृषि) जमीन के तौर पर दर्ज किया गया. उनका आरोप है कि इससे सरकार को स्टाम्प ड्यूटी के रूप में लगभग दो से तीन करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है. हालांकि, जमीन का सही वर्गीकरण क्या है और इससे कितना नुकसान हुआ है, इसकी पुष्टि आधिकारिक रिकॉर्ड और जाँच के जरिए की जानी बाकी है.

कार्रवाई नहीं करने का आरोप

अधिवक्ता ने बताया कि इस मामले में 31 अक्टूबर 2026 को एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें रिकॉर्ड की जांच करने का अनुरोध किया गया था. इसके अलावा 27 नवंबर को कथित तौर पर रिकॉर्ड में फेरबदल की जानकारी मिलने पर लगभग दोपहर 12:15 बजे एक शिकायत दी गई और रात करीब 12:30 बजे एक ईमेल भी भेजा गया. आरोप है कि इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई है.

यह भी पढ़ें: गाड़ी के VIP नंबर का शौक, ₹2.17 लाख देकर भी हाथ खाली; हरियाणा परिवहन विभाग ने बनाया अजीब बहाना, अब आयोग ने ठोका ₹2.53 लाख का जुर्माना!
 

जांच पर टिकीं सबकी निगाहें

अधिवक्ताओं ने राज्य सतर्कता ब्यूरो के कामकाज पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि 31 अक्टूबर से एक शिकायत लंबित है, लेकिन अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है. वकीलों के अनुसार, इस मामले से जुड़ी शिकायतें राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों सहित लगभग 60 अलग-अलग प्राधिकरणों को भेजी गई हैं. इस समय सबसे अहम सवाल ये हैं कि, पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने के लिए तहसील कार्यालय रात में क्यों खोला गया? किसके आदेश पर टोकन जारी किया गया? क्या राजस्व रिकॉर्ड में नियमों का उल्लंघन करके बदलाव किए गए? जमीन को कृषि भूमि के रूप में वर्गीकृत किया गया था या व्यावसायिक भूमि के रूप में? इसके अलावा, क्या राज्य के खजाने को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान होने की आशंका सही है? अब सबकी नजरें जिला प्रशासन, राजस्व विभाग और सतर्कता ब्यूरो द्वारा की जा रही जांच पर टिकी हैं.

सोनीपत से जयदीप राठी की रिपोर्ट
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES