SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

शादी में नाच रही थी दूल्हे की बहन, बहादुरगढ़ में हर्ष फायरिंग ने छीन ली जिंदगी, दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया

बहादुरगढ़ की कुबेर कॉलोनी में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में दूल्हे की 30 वर्षीय बहन मनीषा की गोली लगने से मौत हो गई. आरोप है कि दूल्हे का दोस्त दीपक फायरिंग कर रहा था. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 27, 2026, 12:32 IST | Updated: Nov 27, 2026, 12:37 IST
Image Credit: ZEE CREATIVE
Join

हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर की कुबेर कॉलोनी में गुरुवार रात को शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान नाच रही दूल्हे की 30 वर्षीय बहन मनीषा की गोली लगने से मौत हो गई. आरोप है कि दूल्हे का दोस्त दीपक हर्ष फायरिंग कर रहा था. इसी दौरान चली गोली मनीषा के सिर में जा लगी. गंभीर हालत में परिजन उसे तुरंत नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मिली जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से छारा गांव का रहने वाला एक परिवार बहादुरगढ़ की कुबेर कॉलोनी में रहता है. परिवार के बेटे अमनदीप की शादी के चलते वीरवार रात घर में घुड़चढ़ी की रस्म चल रही थी. इस दौरान परिवार के सदस्य और रिश्तेदार खुशी में नाच रहे थे. दूल्हे की बहन मनीषा भी समारोह में शामिल होकर नृत्य कर रही थी. इसी बीच हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली उसके सिर में लग गई. अचानक हुई इस घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही पलों में शादी की खुशियां चीख-पुकार और मातम में बदल गईं.

10 साल पहले हुई थी शादी

बताया गया है कि मनीषा की करीब 10 साल पहले रेवाड़ी निवासी खुशीराम के साथ शादी हुई थी. वह दो बच्चों की मां थी. पत्नी की मौत के बाद अस्पताल में पति खुशीराम का रो-रोकर बुरा हाल था. इस घटना से पूरे परिवार में शोक पसरा हुआ है. जिस घर में शादी की तैयारियों और खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम छाया हुआ है.

ये भी पढ़ेंः 'Aura नहीं, Brezza चाहिए'...मनपसंद कार नहीं मिलने पर बिन दुल्हन लौटा दिल्ली पुलिस का जवान, दहेज की बड़ी डिमांड

जांच के लिए कई टीमें लगाई

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी प्रदीप नैन और एसीपी रमेश गुलिया नागरिक अस्पताल पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल में परिजनों से जानकारी लेने के साथ घटनास्थल का भी निरीक्षण किया. मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं. पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. आज बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में मनीषा के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज करने और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी.

(रिपोर्टः सुमित थारण, हरियाणा)
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES