Tiger Firing Case Highlights: टाइगर श्रॉफ हमले के बाद जैकी श्रॉफ ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की मुलाकात
मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस हमले में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं, जबकि उनके ड्राइवर घायल हुए हैं. इस घटना से जुड़ी पल-पल की जानकारी अपडेट हो रही है.
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी. इस हमले में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस घटना के बाद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर हमले की जिम्मेदारी ली है.
घटना के बाद मुंबई पुलिस हरकत में आ गई है और आरोपियों की तलाश के लिए 15 विशेष टीमें गठित की गई हैं. राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पुलिस कमिश्नर से बात कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. टाइगर श्रॉफ अटैक केस, पुलिस की तफ्तीश, सीसीटीवी फुटेज और बिश्नोई गैंग के दावों से जुड़े सभी बड़े अपडेट्स के लिए बने रहिए हमारे साथ...
19 Oct 2026, 6:31 PM
टाइगर श्रॉफ को पहले नहीं आई थी कोई धमकी भरी कॉल
मुंबई पुलिस के डीसीपी राजतिलक रौशन ने कहा, 'हमारे पास ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं है, जिससे पता चले कि टाइगर श्रॉफ को इस घटना को लेकर पहले कोई धमकी भरी कॉल आई थी. हमने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही हमें इस मामले की बड़ी साजिश के बारे में पता चल जाएगा. हम इस तरह के मामलों से जुड़े SOP (मानक संचालन प्रक्रियाओं) और कोर्ट के पुराने आदेशों का पालन कर रहे हैं.'
19 Oct 2026, 6:27 PM
कोई भी आरोपी नहीं है नाबालिग
मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर फायरिंग की घटना को इंजाम दिया गया. इस मामले पर मुंबई पुलिस के डीसीपी राजतिलक रौशन ने बताया कि, 'हमारे पास अब तीन आरोपी हैं, हरियाणा और 1 बिहार से है. इस मामले में कोई भी आरोपी नाबालिग नहीं है.' टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में पकड़े गए तीनों आरोपियों में से कोई भी नाबालिग नहीं है. एक की उम्र 18 साल है और बाकी दो की उम्र 22 साल है.
19 Oct 2026, 5:51 PM
कोटा कोर्ट में पेश हुए आरोपी
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले के हाल ही में बड़ा अपडेट सामने आया है. एक्टर पर फायरिंग करने वाले आरोपियों को कोटा कोर्ट में पेश किया गया है.
19 Oct 2026, 4:58 PM
पुराने सीसीटीवी फुटेज की हो रही जांच
मुंबई पुलिस ने बताया कि टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले के आरोपियों ने उनके घर और फुटबॉल ग्राउंड की कई बार रेकी की थी. शक से बचने के लिए वे अक्सर दो-दो की टोली में आते थे. बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज में उन्हें टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर देखा गया है. पुलिस पुराने फुटेज की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने इन दोनों जगहों की कितनी बार निगरानी की.
19 Oct 2026, 4:57 PM
सुनीता आहूजा ने की टाइगर श्रॉफ के लिए प्रार्थना
सुनीता आहूजा ने प्रेस से टाइगर श्रॉफ हमले पर बात करते हुए कहा, 'मैंने उसे बचपन से देखा है, वह मेरे बच्चों के जन्मदिन पर आया करता था. कल जब मैंने यह खबर सुनी, तो मुझे बहुत दुख हुआ. माता रानी के आशीर्वाद से ही वह ठीक है. मैंने उसे कभी किसी से लड़ते-झगड़ते नहीं देखा, वह हमेशा मुस्कुराता रहता है. माता रानी हमेशा उसकी रक्षा करेंगी. मेरी प्रार्थना है कि उसके जीवन में कभी कोई परेशानी न आए. मैं उसे दिल से आशीर्वाद देती हूं कि वह जल्द ही पूरी तरह ठीक हो जाए. वह मुझे बहुत पसंद है.'
19 Oct 2026, 4:46 PM
क्या यहां कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज बची है?
एक्टर टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की घटना पर कांग्रेस नेता आरिफ नसीम खान कहते हैं, 'यह एक बड़ी घटना है. कानून-व्यवस्था की बात करें तो यह साफ है कि मुंबई और महाराष्ट्र में व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है.. क्या यहां कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज बची भी है? क्या मुंबई और महाराष्ट्र राज्य में कानून-व्यवस्था का कोई अस्तित्व है? क्या कानून का कोई डर बाकी है? साफ तौर पर, यह इंटेलिजेंस की विफलता है और साथ ही पूरे मुंबई और महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है.'
19 Oct 2026, 3:25 PM
चश्मदीद गवाह ने बताया टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बारे में
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बारे में एक चश्मदीद गवाह बताता है, 'जब यह घटना हुई तब मैं वहीं पुष्पा पार्क में मौजूद था. मैं एक ब्लॉगर हूं. मैं पार्ट-टाइम काम के तौर पर छोटे वीडियो बनाता हूं और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट करता हूं. मेरा मुख्य काम दिहाड़ी मजदूरी करना है, लेकिन हर रविवार को मैं वीडियो शूट करने के लिए अमिताभ बच्चन के बंगले, 'जलसा' के पास जाता हूं. उस रविवार को वहां अपना शूट खत्म करने के बाद, मैंने सोचा कि देख लूं कि टाइगर श्रॉफ आए हैं या नहीं. मुझे पता था कि वह हर रविवार फुटबॉल खेलने पुष्पा पार्क आते हैं, इसलिए मैं सीधे वहीं चला गया और काफी देर तक वहीं रहा. मैंने टाइगर श्रॉफ के फुटबॉल खेलते हुए कई क्लिप्स रिकॉर्ड किए और उनके बाहर आने का इंतज़ार किया ताकि मैं उनसे मिल सकूं. वह हमेशा अपने फुटबॉल मैच के बाद अपने फैंस से जरूर मिलते हैं. जब वह जाने वाले थे, तो मैंने सोचा कि अपने सोशल मीडिया पेज और चैनल के लिए उनकी कार का एक छोटा सा वीडियो बना लूं. मैं गेट की तरफ गया और उस तरफ खड़ा हो गया जहां टाइगर श्रॉफ गाड़ी के अंदर बैठे थे. जैसे ही उनकी कार गेट से बाहर निकलने लगी, मुझे एक आवाज़ सुनाई दी, जिसे पहले तो मुझे लगा कि शायद कोई पटाखा फूटा है. जब मैंने शीशे को ध्यान से देखा, तो मुझे गोलियों के निशान दिखाई दिए. तब मुझे समझ आया कि क्या हो रहा है. गोलियां चलाई जा रही थीं. इसी बीच, हमलावर, जिनकी एक मोटरसाइकिल पास ही खड़ी थी, वहां से भाग निकले. जिन दो लोगों ने गोलियां चलाई थीं, वे मोटरसाइकिल पर बैठे और तेजी से निकल गए. टाइगर सर का ड्राइवर घायल हो गया था. टाइगर सर ने गाड़ी के अंदर अपनी सीट बदली और खुद गाड़ी चलाकर ड्राइवर को अस्पताल ले गए.'
19 Oct 2026, 3:19 PM
'जो इसका जिम्मेदार उसे पकड़ा जाएगा'
महाराष्ट्र: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने कहा, 'हमारे मुख्यमंत्री ने सरकार का रुख स्पष्ट कर दिया है और हमारे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी इस पर अपनी बात रखी है. मुंबई और पूरे महाराष्ट्र में इस तरह की गुंडागर्दी के खिलाफ हमारी 'जीरो टॉलरेंस' (सख्त बर्दाश्त न करने की) नीति है जो भी इसके लिए जिम्मेदार होगा, उसे निश्चित रूप से पकड़ा जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जैसा कि मुख्यमंत्री ने कहा, मुंबई पुलिस एक बेहद पेशेवर फोर्स है और किसी को भी उन्हें चुनौती देने की हिम्मत नहीं करनी चाहिए. बड़े गैंगस्टरों को सफलतापूर्वक काबू करने के अपने इतिहास के कारण, जनता को मुंबई पुलिस पर पूरा भरोसा है. बॉलीवुड जगत को भी उन पर भरोसा है और यह भरोसा पूरी तरह अडिग है. आगे की कोई भी कार्रवाई मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस द्वारा की जाएगी. हमारी पुलिस फोर्स गैंगस्टरों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की सख्त नीति के साथ काम कर रही है...'
19 Oct 2026, 2:15 PM
'गैंगस्टर अनिल पंडित के संपर्क में था रेहान'
कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगे जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए तीनों संदिग्धों में से एक नाबालिग है और शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि इनमें से दो आरोपियों पर पहले से एक-एक आपराधिक मामला दर्ज है, जिसमें एक केस चोरी और दूसरा आर्म्स एक्ट से जुड़ा हुआ है. उन्होंने यह भी खुलासा किया कि प्राथमिक पूछताछ के मुताबिक आरोपी रेहान कुख्यात गैंगस्टर अनिल पंडित के सीधे संपर्क में था, और जब इन्हें मुंबई पुलिस को सौंपा जाएगा, तब आगे की और भी गहरी और विस्तृत पूछताछ की जाएगी.
19 Oct 2026, 1:20 PM
कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम का बयान
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूरी कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि मंगलवार सुबह जैसे ही इन संदिग्धों के ट्रेन से गुजरने की सूचना मिली, कोटा पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए महज 15 मिनट के भीतर ट्रेन में जाल बिछाकर तीनों मुख्य आरोपियों को धर दबोचा. पुलिस के हत्थे चढ़े इन आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला रेहान उर्फ सुक्का, बिहार के बेगूसराय का रहने वाला और मुंबई में रहने वाला ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और एक नाबालिग शामिल है, जिन्हें अब कानूनी प्रक्रिया के तहत मुंबई पुलिस को सौंपा जा रहा है.
19 Oct 2026, 1:11 PM
कोटा पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़े खुलासे
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में कोटा पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. पुलिस ने बताया कि मुंबई पुलिस की पुख्ता सूचना के आधार पर पुणे-जयपुर ट्रेन से दबोचे गए तीनों आरोपियों में से एक नाबालिग है, जबकि दो हरियाणा के रहने वाले हैं और आरोपी रेहान कुख्यात गैंगस्टर अनिल पंडित के सीधे संपर्क में था. खास बात यह है कि ये सभी आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे. हालांकि, इनके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है और अब इन्हें आगे की कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस को सौंपा जा रहा है, जिस पर आज शाम करीब साढ़े 5 बजे मुंबई पुलिस एक विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आधिकारिक जानकारी साझा करेगी.
19 Oct 2026, 12:59 PM
सिग्नल और टेलीग्राम से जुड़े थे शूटर्स के तार
टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग मामले में हर पल एक नया और चौंकाने वाला खुलासा सामने आ रहा है. जांच में पता चला है कि गिरफ्तार किए गए तीनों शूटर किसी विदेशी या बाहर बैठे हैंडलर्स के लगातार संपर्क में थे और अपनी लाइव लोकेशन शेयर करने के लिए सिग्नल तथा टेलीग्राम जैसे एनक्रिप्टेड ऐप्स का इस्तेमाल कर रहे थे. इस गिरफ्तारी और सिंडिकेट से जुड़े तमाम जानकारियों को इकट्ठा करके कोटा पुलिस कुछ ही देर में एक आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रही है.
19 Oct 2026, 12:08 PM
शाम को फायरिंग, अंधेरी में छोड़ी बाइक और फिर ट्रेन से भागे आरोपी; ऐसे बिछाया गया पुलिस का जाल
टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना के बाद आरोपियों के भागने का पूरा प्लान और पुलिस की कार्रवाई का हैरान करने वाला सीक्वेंस सामने आ गया है. आरोपियों ने शाम करीब 7 बजे वारदात को अंजाम देने के बाद रात 7:12 बजे अंधेरी स्टेशन पहुंचकर अपनी बाइक छोड़ी और वहां से ट्रेन पकड़कर वसई पहुंचे, जहां ट्रेन के शेड्यूल के मुताबिक वह गाड़ी रात 10:10 बजे वसई स्टेशन पहुंची थी. वसई से वे पुणे-जयपुर एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12939) में सवार हुए, जो अगले दिन सुबह 10:15 बजे कोटा जंक्शन पहुंची और इसी रूट को ट्रैक करते हुए मुस्तैद पुलिस ने उन्हें कोटा से सफलतापूर्वक हिरासत में ले लिया.
19 Oct 2026, 12:03 PM
पुलिस कार्यालय में चल रही है पूछताछ
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में राजस्थान के कोटा से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है. कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुणे से जयपुर आने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12939) से तीन संदिग्ध आरोपियों को धर दबोचा है. रेलवे कॉलोनी थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले कोटा जंक्शन पर यह गिरफ्तारी तब हुई जब ट्रेन दोपहर 10:15 बजे स्टेशन पर पहुंची. इन तीनों आरोपियों को फिलहाल कोटा शहर पुलिस कार्यालय ले जाया गया है, जहां सुरक्षा और जांच एजेंसियां इनसे लगातार कड़ाई से पूछताछ कर रही हैं.
19 Oct 2026, 11:55 AM
ट्रेन से भागने की फिराक में थे तीनों संदिग्ध
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग मामले में सुरक्षा एजेंसियों को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुणे से जयपुर जाने वाली ट्रेन (ट्रेन संख्या 12049) से तीनों संदिग्ध हमलावरों को धर दबोचा गया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत और बिहार के बेगूसराय के रहने वाले संदिग्ध शामिल हैं, जो इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रेन से भागने की फिराक में थे.
पहला संदिग्ध- 17 साल का नाबालिग
दूसरा संदिग्ध- ऋतिक कुमार उर्फ रोशन (पुत्र रामू महतो, उम्र 22 वर्ष, निवासी पिपराई, जिला बेगूसराय, बिहार... मुंबई निवास- गिल बारली, उर्दू स्कूल के पास, अंधेरी वेस्ट, मुंबई - रैपिडो राइडर)
पटना में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा कि किसी ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है और उस दावे का स्रोत गुजरात की एक जेल के भीतर है, जहां वह व्यक्ति तमाम तरह की वीआईपी सुविधाओं का आनंद ले रहा है. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह साफ दिखाता है कि कहीं भी कानून का राज नहीं बचा है और जिनके संरक्षण में यह सब हो रहा है उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए, क्योंकि आज लोग डर के साये में जीने को मजबूर हैं.
19 Oct 2026, 11:38 AM
टाइगर श्रॉफ फायरिंग पर बीजेपी सांसद रवि किशन का बयान
पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन ने टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना पर गहरा दुख जताया है और इसे अत्यंत चिंताजनक करार दिया है. उन्होंने कहा कि उन्हें महाराष्ट्र पुलिस और वहां की सरकार पर पूरा भरोसा है, जो इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और बहुत जल्द सभी दोषियों को पकड़कर उन्हें सबसे कड़ी सजा दी जाएगी, साथ ही उन्होंने महादेव और माता रानी से टाइगर की सुरक्षा की कामना करते हुए उन्हें एक बेहद सीधा-सादा इंसान बताया है.
19 Oct 2026, 11:18 AM
कोटा में रेलवे स्टेशन से तीन संदिग्ध हमलावरों की हुई गिरफ्तारी
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग मामले में जांच एजेंसियों के हाथ एक बहुत बड़ी सफलता लगी है. कोटा पुलिस और एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटा रेलवे स्टेशन से तीन संदिग्ध हमलावरों को दबोच लिया है. पकड़े गए तीन संदिग्ध में से एक बिहार के बेगूसराय, दूसरा हरियाणा और तीसरा महाराष्ट्र का रहने वाला है. इस बड़ी गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इनसे कड़ाई से पूछताछ कर रही हैं ताकि इस सनसनीखेज हमले के पीछे की पूरी साजिश और उनके अन्य साथियों का खुलासा किया जा सके.
19 Oct 2026, 10:33 AM
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: मुंबई एसीपी पहुंची अभिनेता के घर, आसपास के इलाके का कर रही मुआयना
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हाल ही में हुई फायरिंग के मामले की जांच तेज करते हुए मुंबई पुलिस की एसीपी (सहायक पुलिस आयुक्त) टीम अभिनेता के घर पहुंच गई है और घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच करने के लिए उनके आवास व आसपास के इलाकों का लगातार मुआयना कर रही है.
19 Oct 2026, 10:32 AM
एनसीपी-एसपी प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो का तंज
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एनसीपी-एसपी के प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने कहा, "कल जो घटना घटी, जिसमें टाइगर श्रॉफ पर गोलियां चलाई गईं, वह स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि महाराष्ट्र में अपराधी पूरा बेफिक्र होकर घूम रहे हैं और उनके मन में कानून का कोई डर नहीं है. और डर हो भी क्यों? अतीत में जब भी ऐसी घटनाएं हुई हैं, तो इन अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई नाकाफी रही है. वे यही मानकर चलते हैं कि वे बिना किसी परिणाम के अपनी मर्जी से कुछ भी कर सकते हैं. गैंग्स और गनमैन खुलेआम हथियार लेकर घूम रहे हैं. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, जिनके पास गृह विभाग भी है, उन्हें तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए और जनता को आश्वस्त करना चाहिए. उन्हें यह संदेश देना होगा कि 'जब तक हम यहां हैं, आप सुरक्षित हैं; आपको कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा'."
काजोल गुप्ता जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले साढ़े 3 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, बिहार-झारखंड और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद बीते 2 साल से उन्होंने जी न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया. अभी फिलहाल वह एंटरटेनमेंट बीट पर ही एक्टिव हैं. जी न्यूज से पहले उन्होंने सुदर्शन चैनल, इनखबर वेबसाइट और फ्रीलांस काम किया है. पिछले साढ़े तीन साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने मास कम्युनिकेशन में सिंघानिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में ही पोस्ट ग्रेजुएशन की है. पत्रकारिता के साथ उन्हें कहानियां लिखने का भी काफी शौक है. आप काजोल के साथ kajol.gupta@India.com पर या एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट कर सकते है. सीधे ईमेल पर इनसे जुड़ सकते हैं.