एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले से पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री सहम गई है. घटना की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. इस गैंग की कई कलाकारों से दुश्मनी चल रही है. लिहाजा, हर कलाकार डरा हुआ नजर आ रहा है. हालांकि, महाराष्ट्र सरकार की ओर से दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने का वादा किया गया है. सरकार की ओर से अब उन सभी कलाकारों की सुरक्षा बढ़ाई जा रही है, जिसे कभी भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिली हो. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, एक्टर सलमान खान की Y+ श्रेणी की सुरक्षा में और इजाफा कर दिया गया है. बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई की 'हिट लिस्ट' में सलमान खान का भी नाम है. उनके बीच की अदावत 28 साल पुरानी है.
लॉरेंस बिश्नोई-सलमान खान में दुश्मनी की वजह
इस दुश्मनी के पीछे 'काला हिरण का शिकार' विवाद है. दरअसल, सलमान खान पर आरोप है कि साल 1998 में फिल्म ‘हम साथ साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान उन्होंने 2 'काले हिरणों' का शिकार किया था. बिश्नोई समाज में इस जानवर को काफी पवित्र माना जाता है. बिश्नोई समाज मान्यता की है कि काला हिरण उनके धार्मिक गुरु भगवान जंभेश्वर (जांभोजी) का अवतार है. इस समाज के लोग 'काले हिरण' की अपने परिवार का सदस्य समझते हैं और उसकी हत्या करने वालों को अपना दुश्मन. यही वजह है कि लॉरेंस बिश्नोई की हिट लिस्ट में सलमान खान पहले नंबर पर शामिल हैं.
'काला हिरण शिकार' विवाद में क्या-क्या हुआ?
अक्टूबर 1998: काला हिरण का शिकार विवाद- साल 1998 में सलमान खान राजस्थान के जोधपुर में अपनी फिल्म ‘हम साथ साथ हैं’ की शूटिंग कर रहे थे. एक्टर पर आरोप है कि शूटिंग के दौरान उन्होंने अपने सह-कलाकारों के साथ 2 'काले हिरणों' का शिकार किया. अरोपों के मुताबिक, सलमान खान, सैफ अली खान, तब्बू और सोनाली बेंद्रे जब एक जीप में बैठकर सैर को निकले थे, तभी उनके सामने काले हिरणों का एक झुंड आ गया. इसके बाद सभी कलाकारों ने उनका पीछा किया और सलमान खान ने बंदूक से निशाना साधते हुए गोलियां चलाईं. गोली लगने से दो काले हिरणों की मौत हो गई.

20 अक्टूबर 1998: यह घटना तब बाहर आई जब स्थानीय बिश्नोई समाज के लोगों ने सलमान के खिलाफ पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई. ग्रामीणों की ओर सलमान खान और अन्य को मुख्य आरोपी बनाया गया. सलमान खान इसके बाद से देशभर के वन्यजीव प्रेमियों के निशाने पर आ गए.
12 अक्टूबर 1998: पुलिस ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत पहली बार सलमान खान को अरेस्ट किया. वे कुछ दिनों के लिए जेल में रहे, लेकिन बाद में उन्हें कोर्ट ने जमानत पर रिहा कर दिया.
10 अप्रैल 2006: जोधपुर की ट्रायल कोर्ट ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत 'काले हिरणों' के शिकार मामले में सलमान खान को दोषी ठहराते हुए 5 साल की जेल और 25,000 रुपये जुर्माना की सजा सुनाई. सलमान खान की ओर से राजस्थान हाईकोर्ट में निचली अदालत के फैसले को चैलेंज किया गया.
31 अगस्त 2007: राजस्थान हाईकोर्ट ने भी सलमान खान को दोषी ठहराते हुए 5 साल तक सजा सुनाई. हाई कोर्ट का फैसला आते ही सलमान को फिर से अरेस्ट कर लिया गया और वे एक सप्ताह तक जोधपुर जेल में बंद रहे. इसके बाद सलमान की याचिका पर अदालत ने उनकी सजा सस्पेंड कर दी. सजा सस्पेंड किए जाने के खिलाफ राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया.
9 जुलाई 2016: राज्य सरकार की अपील पर सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई शुरू और सलमान खान को नोटिस भेजा गया. सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले के जल्द निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन का आदेश दिया.
28 मार्च 2018: जोधपुर की फास्ट ट्रैक कोर्ट में इस मामले का ट्रायल पूरा हो गया और अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया.
5 अप्रैल 2018: जोधपुर की ट्रायल कोर्ट ने सलमान खान को दोषी करार देते हुए 5 साल की सजा और ₹10,000 का जुर्माना लगाया. वहीं, सैफ अली खान, तब्बू और सोनाली बेंद्रे को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया. 7 अप्रैल 2018 को हाईकोर्ट ने सलमान को जमानत दे दी.

सलमान और बिश्नोई में कब शुरू अदावत?
जनवरी 2018: सलमान खान इस मामले में जोधपुर कोर्ट में पेशी के लिए आए हुए थे. इसी दौरान लॉरेंस बिश्नोई ने मीडिया के सामने एक्टर को जान से मारने की धमकी दी थी. यह पहली बार था जब सलमान को इस गैंग की ओर से धमकी मिली हो. इसके बाद बिश्नोई गैंग के सदस्यों जैसे- संपत नेहरा, गोल्डी बरार, अनमोल बिश्नोई आदि ने कई बार एक्टर को धमकी दी.
14 अप्रैल 2024: मुंबई के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में सलमान खान के घर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से हमला किया गया. इस घटना में दो बाइक सवारों ने एक्टर के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की और बड़े आराम से फरार हो गए. घटना के बाद लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने एक्टर को धमकाते हुए सोशल मीडिया पर लिखा- 'ये अटैक एक वार्निंग थी.' जिसके बाद NIA ने उसे गिरफ्तार करके तिहाड़ जेल में बंद कर दिया. दोनों हमलावर भी पकड़े गए.