'टॉक्सिक' की नाकामी से आहत थे यश: फिल्म के खराब प्रदर्शन के बाद कैसा था सुपरस्टार का रिएक्शन? डबिंग सुपरवाइजर ने खोला राज!
Yash Toxic: फिल्म 'टॉक्सिक' के फ्लॉप होने पर सुपरस्टार यश का पहला रिएक्शन सामने आया है. उन्होंने डबिंग सुपरवाइजर जयदेव मोहन ने फिल्म की नाकामी, पायरेसी और यश के रुख पर कई बड़े खुलासे किए हैं.
Yash Toxic: सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' को लेकर रिलीज से पहले से ही जबरदस्त बज बना हुआ था, लेकिन सिनेमाघरों में दस्तक देने के बाद फिल्म ने दर्शकों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया था. फिल्म रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर लगातार इसकी रफ्तार धीमी और सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग बढ़ती गई. भारी हाइप और उम्मीदों के बीच अगस्त में सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' बॉक्स ऑफिस पर पस्त हो गई.
गीतू मोहनदास द्वारा निर्देशित और सुपरस्टार यश द्वारा अभिनीत व सह-लिखित इस फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से ठंडी प्रतिक्रिया और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. अब फिल्म के डबिंग सुपरवाइजर जयदेव मोहन ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया है कि फिल्म की नाकामी की खबर मिलने पर यश का पहला रिएक्शन कैसा था.
फ्लॉप की खबर सुनकर यश ने क्या कहा?
हाल ही में प्रजावाणी यूट्यूब चैनल से बात करते हुए जयदेव मोहन ने बताया कि फिल्म रिलीज के बाद से 3 लाख से अधिक पायरेसी लिंक्स हटाए जा चुके हैं. जब उनसे पूछा गया कि यश ने इस प्रोजेक्ट के लिए अपनी जिंदगी के 4 साल दिए थे, तो क्या टीम को दुख पहुंचा है? इस पर उन्होंने कहा, 'रिलीज के बाद मैं उनसे पर्सनली नहीं मिला हूं, लेकिन दो बार फोन पर बात हुई है. रिलीज वाले दिन रिव्यू देखकर मैं काफी भावुक हो गया था, लेकिन यश ने मुझे कॉल किया और कहा, 'ज्यादा चिंता मत करो, इसे दर्शकों पर छोड़ दो, यह उनकी मर्जी है. आगे भी काम करना है.' हालांकि, उनकी आवाज में दर्द साफ सुना जा सकता था.'
दर्शकों के फैसले पर जयदेव ने क्या माना?
जयदेव ने कहा कि उन्होंने भी इस रिस्पॉन्स को स्वीकार कर लिया है. उन्होंने बताया कि चार साल पहले एक छोटे से बीज से शुरू हुई यह कहानी समय के साथ बदलती गई. उन्होंने कहा, 'आखिरकार दर्शक ही 'महाप्रभु' (सर्वोपरि) हैं. अगर उन्हें फिल्म पसंद आएगी तो वे देखेंगे, नहीं तो नहीं. आप यह नहीं कह सकते कि हमने अच्छी फिल्म बनाई और वे समझ नहीं पाए.' इसी इंटरव्यू में उन्होंने निर्देशक गीतू मोहनदास को 'फायरब्रांड' बताया और कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग उनके खिलाफ नजर आ रहे थे.
क्या यश के स्टारडम को नीचे गिराने की कोशिश हुई?
इंटरव्यू में जयदेव से यह भी पूछा गया कि क्या अन्य एक्टर्स यश के स्टारडम को कम करने की कोशिश कर रहे हैं? इस पर जयदेव ने दावा किया कि यश के पास अपना 'डिफेंस मैकेनिज्म' तैयार रहता है और उन्हें इतनी आसानी से हराना या नीचा दिखाना मुमकिन नहीं है.
कितने बजट और कमाई में सिमट गई 'टॉक्सिक'?
'टॉक्सिक' का निर्देशन और लेखन गीतू मोहनदास ने किया था, जबकि यश को इसके स्क्रीनप्ले, स्टोरी और डायलॉग के सह-लेखन का क्रेडिट मिला है. यश ने इसे मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन और केवीएन प्रोडक्शन के तहत प्रोड्यूस भी किया. फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं. लगभग ₹500 करोड़ से अधिक के भारी-भरकम बजट में बनी इस फिल्म ने सैकनिल्क (Sacnilk) के मुताबिक भारत में ₹247.25 करोड़ नेट और दुनिया भर में ₹338.50 करोड़ का कलेक्शन किया है. कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट हुई यह फिल्म 26 अगस्त को दक्षिण भारतीय भाषाओं और हिंदी में रिलीज हुई थी, जबकि इसका अंग्रेजी वर्जन 4 सितंबर को रिलीज किया गया.