)
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की प्रोफेशनल लाइफ जितनी शानदार रही है, उनकी पर्सनल लाइफ भी उतनी ही सुर्खियों में रही है. आज बिग बी का 84वां जन्मदिन है. 70 और 80 के दशक में अमिताभ और रेखा की ऑन-स्क्रीन जोड़ी ने पर्दे पर आग लगा दी थी, लेकिन पर्दे के पीछे भी उनके रिश्ते को लेकर गॉसिप्स का बाजार हमेशा गर्म रहा. एक वक्त ऐसा आया जब मैगजीन्स में यह तक छप गया कि रेखा अमिताभ के बंगले 'प्रतीक्षा' में शिफ्ट हो गई हैं. इस तरह की बेसलेस खबरों पर जब अमिताभ बच्चन का सब्र टूटा, तो उन्होंने मीडिया को ऐसा करारा जवाब दिया कि सबकी बोलती बंद हो गई.
बॉलीवुड में अमिताभ बच्चन और रेखा की जोड़ी को आज भी सबसे आइकॉनिक माना जाता है. 'दो अनजाने', 'मुकद्दर का सिकंदर' और 'सिलसिला' जैसी फिल्मों में दोनों की केमिस्ट्री इतनी जबरदस्त थी कि फैन्स को लगता था कि उनके बीच रियल लाइफ में भी कुछ चल रहा है. उस दौर में गॉसिप मैगजीन्स बिना किसी सबूत के अमिताभ और रेखा को लेकर अजीब-अजीब दावे करती रहती थीं. हालांकि अमिताभ बच्चन हमेशा इन अफवाहों से दूरी बनाए रखते थे, लेकिन एक वक्त ऐसा आया जब उन्होंने इन बेसलेस खबरों पर खुलकर अपनी भड़ास निकाली.
1999 में जर्नलिस्ट भावना सोमाया की किताब 'अमिताभ बच्चन: द लीजेंड' के लिए दिए एक इंटरव्यू में बिग बी से उनकी फ्लर्टी इमेज और रेखा संग लिंक-अप पर सवाल पूछा गया. इस पर अमिताभ ने बिना झिझक कहा कि अगर किसी के पास उनके गलत बर्ताव का कोई पक्का और साबित सबूत है, तो उसे सामने लाया जाए. अमिताभ ने कहा, "केवल अपनी मैगजीन की कॉपियां बेचने के लिए मुझ पर बेबुनियाद आरोप मत लगाइए. आप उम्मीद करते हैं कि मैं जवाब दूं ताकि आपको और मसाला मिल सके. सच तो यह है कि आपने हम दोनों को कितनी बार साथ देखा है, वो भी पब्लिक प्लेस में गलत बिहेव करते हुए?"
अफवाहें सिर्फ अफेयर तक सीमित नहीं रहीं. एक मशहूर फिल्म मैगजीन ने तो हद ही पार कर दी जब उसने फोटो के साथ यह खबर छाप दी कि रेखा अमिताभ के दूसरे बंगले 'प्रतीक्षा' में शिफ्ट हो चुकी हैं. इस पर बिग बी काफी आहत हुए थे. उन्होंने कहा कि पाठक ऐसी तस्वीरों और झूठी खबरों को सच मान लेते हैं, जिससे उनके परिवार और छवि को बहुत नुकसान पहुंचता है. अमिताभ ने साफ किया कि 'प्रतीक्षा' उनका फैमिली होम है, जहां वे अपने बुजुर्ग और बीमार माता-पिता के साथ रहते हैं. ऐसे में ऐसी खबरें बेहद शर्मनाक और गुमराह करने वाली थीं.
अमिताभ बच्चन ने सिमी गरेवाल के पॉपुलर चैट शो में भी इस मुद्दे पर बात की थी. जब सिमी ने उनसे पूछा कि क्या वे और रेखा आज भी मिलते हैं, तो बिग बी ने इसे पूरी तरह प्रोफेशनल रिश्ता बताया. अमिताभ बोले, "वह मेरी सह-कलाकार और सहयोगी रही हैं. जब हम साथ काम कर रहे थे, तब मिलना स्वाभाविक था. इसके अलावा सामाजिक रूप से हमारे बीच कुछ भी कॉमन नहीं है." उन्होंने यह भी कहा कि दोनों ने सालों से साथ काम नहीं किया है और वे सिर्फ किसी अवॉर्ड फंक्शन या इवेंट में ही कभी-कभी आमने-सामने आते हैं.
जहां अमिताभ बच्चन ने हमेशा इन अफवाहों को महज एक 'बड़ा मजाक' बताकर खारिज किया, वहीं रेखा ने कभी अमिताभ के प्रति अपने आदर और प्यार को नहीं छिपाया. 2004 में जब रेखा सिमी गरेवाल के शो में आईं, तो उनसे पूछा गया कि क्या वे अमिताभ से प्यार करती हैं. रेखा ने बिना किसी झिझक के कहा, "बिल्कुल. यह कैसा बेवकूफाना सवाल है? मैंने आज तक ऐसा कोई इंसान नहीं देखा जो उनसे शिद्दत से प्यार न करे. तो फिर मुझे ही अलग क्यों देखा जाए? दुनिया का सारा प्यार एक तरफ रख दो, मैं उनके लिए उससे भी ज्यादा महसूस करती हूं."