बेटी की मौत के 3 साल बाद भी नहीं उबर पाए विजय एंटनी, न पहनते हैं जूते-चप्पल, न उतारते हैं उसकी घड़ी
साउथ इंडस्ट्री के मशहूर संगीतकार, फिल्म निर्माता और एक्टर विजय एंटनी की बड़ी बेटी मीरा 2023 में चेन्नई स्थित उनके घर में मृत पाई गई थीं. एक कार्यक्रम के दौरान उनकी पत्नी फातिमा ने बताया कि इसका उनके जीवन पर क्या असर पड़ा.
कई भूमिकाएं निभाने वाले विजय एंटनी ने हाल ही में अपनी पत्नी फातिमा और छोटी बेटी लारा के साथ अपनी आने वाली फिल्म 'अप्पा कुट्टी' का प्रमोशन किया. इस कार्यक्रम में फातिमा ने बताया कि तीन साल पहले उनकी बड़ी बेटी मीरा की मौत का उनके परिवार पर क्या असर पड़ा. संगीतकार, फिल्म निर्माता और अभिनेता विजय एंटनी के जूते न पहनने (कुछ खास मौकों को छोड़कर) के कारण का खुलासा करते हुए, उनकी पत्नी ने बताया कि वे आज भी मीरा की याद में उसकी पुरानी घड़ी का इस्तेमाल करते हैं.
बेटी की मौत के बाद विजय नेछोड़ दिया जूते पहनना
एंटनी की फिल्म 'अप्पा कुट्टी' जो एक पिता-बेटी के रिश्ते पर आधारित ड्रामा है. इसके प्री-रिलीज इवेंट में फातिमा ने बताया कि 2023 में अपनी बेटी मीरा की मौत के बाद से वे किसी भी फिल्म इवेंट में शामिल नहीं हुई थीं. इसके बाद उन्होंने एंटनी के जूते-चप्पल न पहनने के फैसले के बारे में बात करते हुए कहा, 'हमने पिछले कुछ सालों में लंदन, अमेरिका और अन्य जगहों से मीरा के लिए कई जोड़ी जूते-चप्पल खरीदे थे. ये इतने सारे हैं कि हमारे घर का एक कमरा इनसे भरा पड़ा है. इन्हें देखकर विजय एंटनी ने पूरी तरह से जूते-चप्पल पहनना छोड़ दिया. अब वे केवल विदेश में होने वाले कुछ खास कॉन्सर्ट के दौरान ही जूते पहनते हैं.'
फातिमा ने यह भी बताया कि कई महंगी घड़ियां होने के बावजूद, मीरा की मौत के बाद से एंटनी रोजाना एक ही घड़ी पहनते हैं. यह घड़ी उनकी बेटी की थी और आखिरी बार जब उन्होंने उसे देखा था, तब वह उसी की कलाई पर थी. उन्होंने कहा, 'तब से उन्होंने इसे कभी नहीं उतारा है.' उन्होंने इस बारे में भी बात की कि कैसे सात साल की उम्र में उनके पिता परिवार को छोड़कर चले गए थे और कई सालों बाद उन्हें अपने पति से वह भावनात्मक सहारा मिला. उन्होंने कहा, 'विजय एंटनी ही वह इंसान हैं जिन्होंने मुझे वह प्यार दिया.' इस कार्यक्रम में उनकी छोटी बेटी लारा भी मौजूद थीं. मीरा की मौत के बाद से पूरे परिवार का एक साथ सार्वजनिक रूप से सामने आना एक दुर्लभ घटना है.
मीरा की मौत के बाद विजय एंटनी का बयान
19 सितंबर 2023 को 16 साल की मीरा चेन्नई स्थित अपने घर में मृत पाई गईं. मीरा की मौत के कुछ दिनों बाद अपने पहले बयान में एंटनी ने लिखा, 'आप सभी दयालु लोगों मेरी बेटी मीरा बहुत प्यारी और बहादुर है. वह अब एक ऐसी बेहतर और शांत जगह पर चली गई है, जहां जाति, धर्म, पैसा, जलन, दर्द, गरीबी और बदले की भावना जैसी कोई चीज नहीं है. वह अभी भी मुझसे बात कर रही है.' उन्होंने आगे कहा, 'मैं भी उसके साथ ही मर गया हूं. अब मैं उसके साथ समय बिताने लगा हू. आगे से मैं उसकी ओर से जो भी अच्छे काम करूंगा, उनकी शुरुआत उसी की तरफ से होगी.'
उनके प्रोडक्शन हाउस, 'विजय एंटनी फिल्म कॉर्पोरेशन' ने मीरा और फातिमा को प्रोड्यूसर या प्रेजेंटर के तौर पर क्रेडिट देकर मीरा की यादों को जिंदा रखा है. मु मारन के निर्देशन में बनी फिल्म 'अप्पा कुट्टी' में प्रीति असरानी मुख्य भूमिका में हैं. यह फिल्म 20 नवंबर को रिलीज़ होगी और इसका मुकाबला 'ओएम' (OM) और 'आकासमलो ओका तारा' (Aakasamlo Oka Tara) जैसी फिल्मों से होगा.