SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अलार्म बजा तो जगाने गई मां, सोते-सोते थम गईं सांसें... यंग टीवी स्टार अनुज ठाकुर के अचानक जाने से सदमे में पूरी इंडस्ट्री

जिंदगी कब किसके साथ क्या खेल खेल जाए, इस बात का अंदाजा कोई नहीं लगा सकता. कभी-कभी सुबह की एक साधारण सी किरण भी हमारे लिए किसी बड़े सदमे का पैगाम लेकर आ जाती है. टीवी अभिनेता अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन हो गया है.

Written By Alkesh Kushwaha
Published: Nov 02, 2026, 02:51 PM IST | Updated: Nov 02, 2026, 04:13 PM IST
Image Credit: टीवी एक्टर अनुज ठाकुर के निधन से टीवी गलियारों में छाया मातम (फाइल फोटो)
Join

टीवी इंडस्ट्री से एक ऐसी ही बेहद दिल दहला देने वाली और दुखद खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. लोकप्रिय टीवी शो 'धूम मचाओ धूम' और 'महिसागर' में अपनी शानदार एक्टिंग से लोगों का दिल जीतने वाले युवा अभिनेता अनुज ठाकुर अब इस दुनिया में नहीं रहे. महज 33 साल की उम्र में उनका यूं अचानक चले जाना किसी बड़े झटके से कम नहीं है.

मां रोज की तरह सुबह अलार्म बजने पर अपने जवान बेटे को उठाने जाती है. लेकिन उसे क्या पता था कि आज की सुबह उसकी जिंदगी की सबसे काली सुबह बनने वाली है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुज ठाकुर को सोते समय दिल का दौरा पड़ा था. सुबह करीब साढ़े चार बजे जब घर में अलार्म बजा, तो उनकी मां उन्हें जगाने के लिए उनके कमरे में पहुंचीं. काफी देर तक जब अनुज ने कोई हरकत नहीं की, तो मां की धड़कनें तेज हो गईं. पास जाकर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि अनुज हमेशा के लिए खामोश हो चुके थे.

सदमे में डूब गई पूरी टीवी इंडस्ट्री

जब ये खबर सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर फैली, तो किसी को भी अपने कानों पर यकीन नहीं हुआ. महज 33 साल की उम्र में इस तरह दुनिया छोड़कर चले जाना बहुत बड़ा सदमा है. टीवी के तमाम कलाकारों ने इस पर गहरा दुख जताया है. अभिनेता वकार शेख ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह यकीन करना बेहद मुश्किल है और वे अनुज को उनके शुरुआती दिनों से जानते थे. इसके अलावा अभिनेत्री हंसा सिंह का भी दिल टूट गया और उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात पर बिल्कुल भरोसा नहीं हो रहा है.

 

 

दोस्त रूपेश सोनार का भावुक पोस्ट

अनुज के करीबी दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनार ने इस दुख को बयां करते हुए एक बहुत ही इमोशनल पोस्ट शेयर किया. रूपेश ने लिखा कि वे दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और अनुज उनके लिए दोस्त नहीं, बल्कि छोटे भाई जैसे थे. उन्होंने बताया कि दोनों ने साथ में कई प्रोजेक्ट्स पर काम करने के बड़े सपने देखे थे. रूपेश ने अनुज के शुरुआती संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उनका पूरा सफर बहुत करीब से देखा था. जिंदगी कब क्या पलटी खा जाए, कोई नहीं जानता और भाई तुम्हें हमेशा बहुत याद किया जाएगा.

दो दशक लंबा रहा प्यारा-सा सफर

अनुज के करियर की बात करें, तो उनका टेलीविजन की दुनिया में सफर काफी शानदार रहा. उन्होंने अपने अभिनय की शुरुआत डिज्नी चैनल के बेहद पॉपुलर टीन शो 'धूम मचाओ धूम' से की थी. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और कई हिंदी धारावाहिकों में अपनी अलग पहचान बनाई. उन्होंने 'बंधन साथ जनमों का' और 'बीन बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा' जैसे शोज में काम किया. हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता सिटकॉम 'महिसागर' में सागर मेहता के मुख्य किरदार से मिली, जो उनके करियर का एक बहुत बड़ा माइलस्टोन साबित हुआ था.

अनुज सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते थे और अपनी जिंदगी के खूबसूरत पल फैंस के साथ शेयर करते थे. उनके जाने के बाद उनकी एक पुरानी पोस्ट इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है. उन्होंने जुलाई 2026 में दक्षिण अफ्रीका की अपनी खूबसूरत यात्रा की कुछ तस्वीरें शेयर की थीं. आज जब वे इस दुनिया में नहीं हैं, तो फैंस उन्हीं तस्वीरों पर जाकर कमेंट कर रहे हैं और नम आंखों से उन्हें याद कर रहे हैं.

(इनपुट आईएएनएस से भी)
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES