SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

निशाना कोई, शिकार कोई: टाइगर से पहले शूटर्स ने की थी सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट की रेकी, भारी सिक्योरिटी देख बदला प्लान

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. सूत्रों के मुताबिक शूटर्स का असली निशाना सलमान खान थे, लेकिन गैलेक्सी अपार्टमेंट पर भारी सिक्योरिटी देखने के बाद उन्होंने प्लान बदला दिया और टाइगर को अपना निशाना बनाया. लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए बॉलीवुड में फिर सनसनी मचा दी.

Written By Vandana Saini
Published: Oct 21, 2026, 06:37 AM IST | Updated: Oct 21, 2026, 06:52 AM IST
Image Credit: टाइगर श्रॉफ नहीं, सलमान खान थे असली निशाना
Join

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे और बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग मामले में अब एक बेहद चौंकाने वाला अपडेट सामने आया है. जांच से जुड़े सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शूटर्स का असली टारगेट असल में टाइगर थे ही नहीं. शूटर्स तो बॉलीवुड के किसी और बड़े सुपरस्टार को निशाना बनाने की फिराक में मुंबई पहुंचे थे. जब जांच एजेंसियों ने पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ शुरू की, तब जाकर इस पूरी साजिश की परतें खुलीं. सूत्रों के मुताबिक हमलावरों की रडार पर कोई और नहीं, बल्कि सलमान खान थे.

मुंबई पहुंचने के बाद तीनों हमलावरों ने सबसे पहले सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के आसपास अच्छी तरह रेकी की थी. मगर वहां का नजारा देखकर उनके पसीने छूट गए. गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हर तरफ भारी तादाद में पुलिस बल और कमांडो तैनात थे. इतनी भारी सिक्योरिटी को भेद पाना हमलावरों को नामुमकिन लग रहा था. इसी वजह से शूटर्स ने तुरंत अपना प्लान बदला, जिसके बाद शूटर्स का ध्यान टाइगर की ओर गया और उन्होंने उन्हें निशाना बनाया. 18 अक्टूबर को टाइगर की गाड़ी पर अचानक पांच राउंड गोलियां दाग दी गईं.

सलमान को छोड़ टाइगर को बनाया निशाना

टाइगर श्रॉफ पर हुए इस सनसनीखेज हमले की पूरी जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. जांच में सामने आया है कि लॉरेंस गैंग को टाइगर का सलमान खान के साथ काम करना बिल्कुल रास नहीं आया. इसी खुन्नस में उन्होंने टाइगर को अपना शिकार बनाया. सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच की ये दुश्मनी सालों पुरानी है. ये पूरा मामला काले हिरण के शिकार से जुड़ा हैं, जिसको आज तक थमा नहीं. लॉरेंस की लगातार यही मांग रही है कि सलमान खान पूरे बिश्नोई समाज के मंदिर जाकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, तभी ये मामला शांत होगा.

दशहरे पर मेकर्स ने फैंस को दिया तोहफा: दशानन के रौद्र रूप में दिखे KGF स्टार; रोंगटे खड़े कर देगा यश का ‘रावण तांडव’

गैलेक्सी और पनवेल फार्महाउस पर की थी रेकी

लॉरेंस और उसका साथी गोल्डी बराड़ कई बार सलमान खान को निशाना बनाने का फुलप्रूफ प्लान तैयार कर चुके हैं. इसके लिए दबंग खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट से लेकर उनके पनवेल वाले फार्महाउस तक की कई दिनों तक लगातार रेकी करवाई गई थी. सलमान के फैंस को सबसे बड़ा झटका तब लगा था, जब 14 अप्रैल 2026 की सुबह गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर सरेआम गोलियां चली थीं. दो बाइक सवार बदमाशों ने बालकनी और दीवारों पर दनादन फायरिंग की थी. उस वक्त भी हमले की जिम्मेदारी इसी गैंग ने ली थी, जिसके बाद सिक्योरिटी सख्त कर दी गई. 

जेल की सलाखों के पीछे से चल रहा खौफ का खेल

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई जेल की सलाखों के पीछे बंद होने के बावजूद वहीं से बैठकर सलमान खान को लगातार डराने और धमकाने का काम कर रहा है. अब सीधे सलमान तक पहुंचना मुश्किल हुआ, तो एक्टर से जुड़े लोगों को एक-एक करके निशाना बनाया जाने लगा. टाइगर श्रॉफ से पहले भी इस गैंग ने कई नामी चेहरों को डराने की कोशिश की, जिसमें मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा, सिंगर एपी ढिल्लों और फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के ठिकानों पर फायरिंग की घटनाएं शामिल हैं. गैंग लगातार बॉलीवुड से जुड़े लोगों में अपना डर बैठाने की साजिश रच रहा है.

बाबा सिद्दीकी की हत्या से दहल उठा था पूरा देश

इस पूरे खौफनाक सिलसिले में सबसे दर्दनाक और दुखद मामला राजनेता बाबा सिद्दीकी का सामने आया. साल 2024 में सलमान खान के सबसे करीबी और पुराने दोस्त बाबा सिद्दीकी की सरेआम गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. इस मर्डर ने पूरे देश और बॉलीवुड को हिलाकर रख दिया था. बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद से मुंबई पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. सलमान खान के घर और उनके आने-जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा का पहरा 24 घंटे बेहद सख्त रखा जा रहा है, ताकि कोई अनहोनी न हो सके.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES