टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के 2 दिन बाद सेट पर लौटे एक्टर? 'लग जा गले' की शूटिंग पर आया अपडेट
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के दो दिन बाद अब उनकी शूटिंग को लेकर चर्चा तेज है. दरअसल, खबरें हैं कि एक्टर 'लग जा गले' के सेट पर वापस लौट आए हैं. आइए जानते हैं इस मामले में अब तक क्या जानकारी सामने आई है.
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना के बाद उन्हें पुलिस सुरक्षा दी गई है. इसी बीच खबर है कि एक्टर घटना के दो दिन बाद ही सेट पर लौट आए हैं. खबरों के मुताबिक, 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में हुई गोलीबारी की घटना के बाद टाइगर श्रॉफ ने अपने काम पर वापसी कर ली है.
बताया जा रहा है कि एक्टर अपनी आने वाली फिल्म 'लग जा गले' के सेट पर लौट आए हैं. दरअसल, टाइगर पर यह गोलीबारी तब हुई जब वह जुहू में एक फुटबॉल ग्राउंड से बाहर निकल रहे थे. टाइगर तो सुरक्षित बच गए, लेकिन इस हमले में उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए. दोनों का इलाज कराया गया. फिलहाल, मुंबई पुलिस इस घटना की जांच कर रही है.
गोलीबारी के बाद अब क्या है टाइगर श्रॉफ का हाल?
टीवी रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई के जुहू इलाके में हुई गोलीबारी की घटना के ठीक दो दिन बाद 20 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ 'लग जा गले' के सेट पर लौट आए. माना जा रहा है कि इस रोमांटिक एक्शन फिल्म में टाइगर पहली बार जान्हवी कपूर और लक्ष्य के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे. करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस की इस फिल्म का निर्देशन राज मेहता कर रहे हैं, जो इससे पहले 'गुड न्यूज', 'जुग जुग जियो' और 'सेल्फी' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं.
टाइगर श्रॉफ केस: क्या होता है डेड लेटर बॉक्स, जहां से उठाए गए हथियार; सिंडिकेट का भंडाफोड़
खबरों के मुताबिक, यह फिल्म मई 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इससे पहले 'मिड-डे' ने बताया था कि 'लग जा गले' की शूटिंग जनवरी 2026 में शुरू हुई थी और निर्देशक राज मेहता ने अप्रैल तक फिल्म पूरी करने की प्लानिंग की थी. हालांकि, लक्ष्य के लुक में चेंज के चलते शूटिंग को शेड्यूल अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया था. वहीं, एक सूत्र ने बताया, ''लग जा गले' की शूटिंग के दौरान लक्ष्य को 'चांद मेरा दिल' के कुछ सीन की शूटिंग भी करनी पड़ी थी. ऐसे में दोनों फिल्मों में उनका लुक अलग-अलग है. उन्हें न केवल अपने बाल कटवाने पड़े, बल्कि 'लग जा गले' वाले रफ लुक को बदलकर 'चांद मेरा दिल' के सॉफ्ट लुक को भी अपनाना पड़ा. अब उन्हें अपने बाल फिर से बढ़ाने होंगे और उसके बाद इस एक्शन फिल्म की शूटिंग दोबारा शुरू करनी होगी.'
इस बीच गोलीबारी की घटना के तीनों आरोपियों को कोटा से मुंबई लाया गया है. उम्मीद है कि 21 अक्टूबर को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा. 16 घंटे के सड़क सफर के दौरान मुंबई पुलिस ने उनसे पूछताछ की. खबरों के मुताबिक, उन्होंने जांचकर्ताओं को बताया कि उनका असली निशाना सलमान खान थे, लेकिन बाद में उन्होंने टाइगर श्रॉफ को एक आसान ऑप्शन के तौर पर चुन लिया.
टाइगर श्रॉफ को दी गई सुरक्षा
वहीं, मुंबई पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ को अब तक कोई सुरक्षा नहीं दी गई थी, जिसके चलते बिश्नोई गैंग के लिए वह बेहद आसान टारगेट थे. इसके चलते गैंग ने उन पर फायरिंग की. पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में यही सामने आ रहा है कि पहले की वारदातों की तरह इस बार भी दहशत फैलाना और वसूली ही बिश्नोई गैंग का मुख्य मकसद है, हालांकि इस मामले में जांच अभी की जा रही है.
मुंबई पुलिस की प्रोटेक्शन ब्रांच की तरफ से टाइगर को कुछ बॉडीगार्ड और स्थानीय पुलिस स्टेशन की तरफ से एक अधिकारी और कुछ पुलिसकर्मी दिए गए हैं, हालांकि सुरक्षा की श्रेणी को लेकर अब तक कुछ स्पष्ट नहीं हुआ है.
Tiger Shroff Firing Case: सलमान के बाद अक्षय कुमार के घर पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, बुलेटप्रूफ शीशों से ढकेगा बंगला
गौरतलब है कि रविवार को टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलने मैदान पहुंचे थे. खेल खत्म होने के बाद जब वह अपनी कार से लौट रहे थे, तभी जुहू स्थित पुष्पा नरसी पार्क के पास मोटरसाइकिल पर सवार तीन हमलावरों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी. फायरिंग के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए. इस घटना में अभिनेता सुरक्षित रहे, जबकि उनके चालक और एक व्यक्ति घायल हो गए.
(आईएएनएस इनपुट)