थलाइवा का तूफान: रिलीज से पहले ही Jailer 2 ने हिलाया बॉक्स ऑफिस, एडवांस बुकिंग में रच डाला नया इतिहास
Rajinikanth Jailer 2 Advance Booking: सुपरस्टार रजनीकांत की ‘जेलर 2’ को लेकर देश और दुनिया भर के दर्शकों में भारी दीवानगी दिख रही है. फिल्म ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, रिलीज से पहले ही घरेलू और इंटरनेशनल मार्केट में करोड़ों की टिकटें बिक चुकी हैं. सिनेमाघरों में हाउसफुल बोर्ड लग रहे हैं और ये फिल्म कमाई के पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकती है.
साउथ मेगास्टार रजनीकांत का जादू एक बार फिर ऑडियंस के सिर चढ़कर बोल रहा है. उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ थियेटर्स में आने से पहले ही एडवांस बुकिंग में जमकर धमाल मचा रही है. फिल्म ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क की एडवांस बुकिंग रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन यानी गुरुवार के लिए लगभग 30.76 करोड़ रुपये ग्रॉस की शानदार प्री-सेल हासिल कर ली है. शुरुआती रुझानों से साफ पता चलता है कि पहले दिन के लिए देश भर में अब तक 14 लाख से ज्यादा टिकटें बिक चुकी हैं. देश भर के 700 से ज्यादा शहरों में लगभग 13,800 से ज्यादा शोज के साथ फिल्म को लेकर हर तरफ जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है.
फिल्म को लेकर ये क्रेज सिर्फ भारत में नहीं, बल्कि विदेशों में भी ‘थलाइवा’ के फैंस फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेकरार नजर आ रहे हैं. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, पहले दिन के लिए इस मूवी की वर्ल्डवाइड प्री-सेल 50 करोड़ रुपये ग्रॉस के बड़े आंकड़े के बिल्कुल करीब पहुंच चुकी है. इसमें अकेले इंटरनेशनल मार्केट से ही करीब 25 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग शामिल हो चुकी है. इंटरमेशनल लेवल पर तमिल ऑडियंस का ये जबरदस्त रिस्पांस साफ बता रहा है कि ‘जेलर 2’ तमिल सिनेमा के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी वर्ल्डवाइड ओपनिंग दर्ज कराने की पूरी तैयारी कर चुकी है.
राज्यों में तमिलनाडु और कर्नाटक सबसे आगे
घरेलू बाजार में अलग-अलग राज्यों की बात करें तो उम्मीद के मुताबिक तमिलनाडु सबसे आगे चल रहा है. सैकनिल्क के ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, तमिलनाडु से पहले दिन के लिए 11.71 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज हो चुका है, जो कुल बुकिंग का करीब 38 फीसदी हिस्सा है. इसके बाद कर्नाटक 6.86 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और केरल 6.05 करोड़ रुपये के साथ तीसरे नंबर पर मजबूती से टिका हुआ है. वहीं, तेलुगु राज्यों तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से भी फैंस और ऑडियंस का बहुत अच्छा सपोर्ट मिल रहा है, जिससे पूरे साउथ भारत के थियेटर्स में अभी से जबरदस्त माहौल बन गया है.
‘बिग ब्रदर 28’ के कंटेस्टेंट! को-स्टार के साथ मारपीट का लगा आरोप, हुए गिरफ्तार; आखिर क्या है सच्चाई?
बेंगलुरु और चेन्नई के बीच रोमांचक मुकाबला
शहरों के हिसाब से देखें तो टिकटों की बिक्री में बेंगलुरु और चेन्नई के बीच कांटे की टक्कर चल रही है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, बेंगलुरु 6.38 करोड़ रुपये की कमाई के साथ पहले नंबर पर बना हुआ है, जबकि चेन्नई 5.50 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर है. हालांकि, थियेटर्स भरने के मामले में चेन्नई सबसे आगे निकल गया है, जहां 75 फीसदी से ज्यादा सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं और सैकड़ों शोज हाउसफुल हो चुके हैं. इसके अलावा हैदराबाद, कोच्चि और कोयंबटूर जैसे बड़े शहरों में भी टिकट खिड़की पर ऑडियंस की भारी भीड़ देखने को मिल रही है.
तमिल भाषा और बड़े स्क्रीन्स का दबदबा
अलग-अलग भाषाओं की बात करें तो तमिल वर्जन का दबदबा सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है. सैकनिल्क के मुताबिक, पहले दिन की कुल बुकिंग में तमिल 2डी वर्जन की हिस्सेदारी 80 फीसदी से ज्यादा है, जिसने अकेले 24.50 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटा लिए हैं. तेलुगु वर्जन ने 4.20 करोड़ रुपये से ज्यादा जोड़े हैं, जबकि हिंदी वर्जन से करीब 74 लाख रुपये की टिकटें बिकी हैं. इसके साथ ही आईमैक्स 2डी, डॉल्बी सिनेमा और 4डीएक्स जैसे प्रीमियम स्क्रीन्स पर भी दर्शकों ने काफी अच्छा रिस्पॉन्स दिखाया है, जहां के ज्यादातर टिकट रिलीज से पहले ही बिक चुके हैं.
पांच दिनों की कमाई और बड़े रिकॉर्ड की उम्मीद
शुरुआती पांच दिनों के लंबे वीकेंड को देखते हुए फिल्म की पकड़ टिकट खिड़की पर बहुत मजबूत लग रही है. सैकनिल्क के मुताबिक, शुरुआती पांच दिनों के सभी शोज को मिलाकर फिल्म ने अब तक 56 करोड़ रुपये से ज्यादा की एडवांस बुकिंग कर ली है, जिसमें करीब 29 लाख टिकटें शामिल हैं. रात और सुबह के शोज में भी 40 फीसदी से ज्यादा सीटें भर चुकी हैं. फिल्म से जुड़े जानकारों का मानना है कि जिस तेज रफ्तार से टिकटें बिक रही हैं, उसे देखकर लगता है कि 15 अक्टूबर को ‘जेलर 2’ ओपनिंग डे पर कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम करने वाली है.