App

सच्ची घटना पर बनी फिल्म! एक नन्ही चिड़िया की जान बचाने के लिए पूरे गांव ने 35 दिन तक अंधेरे में काटी रात

एक नन्ही चिड़िया और उसके अंडों की सुरक्षा के लिए तमिलनाडु के एक गांव ने ऐसा फैसला लिया, जिसने सबका दिल जीत लिया. पूरे गांव ने अपनी मर्जी से 35 दिनों तक बिजली बंद रखी. अब इसी सच्ची घटना पर बनी तमिल फिल्म का जलवा गोवा के फिल्म फेस्टिवल में दिखने को मिलेगा.

सच्ची घटना पर बनी फिल्म! एक नन्ही चिड़िया की जान बचाने के लिए पूरे गांव ने 35 दिन तक अंधेरे में काटी रात
Image Credit: एक नन्ही चिड़िया के लिए 35 दिन अंधेरे में रहा पूरा गांव

दुनिया में आज भी इंसानियत जिंदा है और तमिलनाडु के एक गांव की सच्ची घटना ने इस बात को फिर से साबित कर दिया है. एक नन्ही चिड़िया के अंडों को बचाने के लिए पूरे गांव ने अपनी सुख-सुविधाओं को किनारे रख दिया. अब इसी दिल छू लेने वाली कहानी पर तमिल फिल्म ‘कूडू’ बनकर तैयार है, जो इन दिनों खूब चर्चा बटोर रही है. डायरेक्टर जॉयल विजय की इस शानदार फिल्म को गोवा में होने वाले 57वें इंडियन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (IFFI) में दिखाए जाने की तैयारी है. IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिल्म को फिस्टेवल के खास ‘आर्ट प्रीमियर’ सेक्शन में जगह मिली है.

भले ही फिल्म के चयन को लेकर अभी ऑफिशियल मुहर लगना बाकी है, लेकिन इसकी कहानी ने अभी से लोगों के दिलों में जगह बनानी शुरू कर दी. इस फिल्म को पैनोरमा स्टूडियोज ने स्काईमून एंटरटेनमेंट और कल्ट डिजिटल के साथ मिलकर तैयार किया है. फिल्म की कहानी एक ऐसे गांव के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां लोग नेचर और बेजुबान पक्षियों से बेहद प्यार करते हैं. जब बात एक मासूम जीव की जिंदगी पर आती है, तो पूरा गांव बिना किसी स्वार्थ के एक साथ खड़ा हो जाता है. यही एकजुटता इस पूरी फिल्म की असली जान है, जो सिनेमा प्रेमियों और ऑडियंस को इमोशनल कर देगी.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

ट्रांसफॉर्मर में चिड़िया का घोंसला और गांव वालों का बड़ा फैसला

फिल्म की कहानी साल 2020 में तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के कोथाकुडी गांव में घटी एक असली घटना से इंस्पायर है. वहां गांव के बिजली ट्रांसफॉर्मर के अंदर एक रेयर प्रजाति की चिड़िया ने अंडे दे दिए थे. ऐसे में गांव वालों के सामने एक बहुत बड़ी दुविधा खड़ी हो गई कि बिजली चालू रखें या चिड़िया की जान बचाएं, जिसके बाग गांववालों ने इंसानियत दिखाते हुए एक ऐसा फैसला लिया, जिसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता. उन्होंने पूरे 35 दिनों तक अपनी मर्जी से पूरे गांव की बिजली बंद रखने का निर्णय लिया, ताकि चिड़िया के घोंसले और उसमें पल रहे नन्हे जीवन को कोई नुकसान न पहुंचे.

गांव की असली लोकेशन पर हुई फिल्म की शूटिंग

‘कूडू’ (Koodu) एक बेहद इमोशनल कर देने वाला ड्रामा है, जिसमें दया, प्रेम और आपसी भाईचारे की झलक साफ दिखाई देती है. ये कहानी बताती है कि जब एक समाज किसी नेक काम के लिए एकजुट होता है, तो नामुमकिन काम भी आसान हो जाता है. फिल्म में भावनाओं के साथ-साथ हल्का-फुल्का हास्य और रिश्तों की गर्माहट भी देखने को मिलेगी. सूत्रों के मुताबिक, इस फिल्म की शूटिंग तमिलनाडु के वाचाथी गांव में करीब 40 दिनों तक चली है. असली लोकेशन पर शूट होने के चलते फिल्म का हर एक सीन बिल्कुल असली और गांव की मिट्टी से जुड़ा हुआ लगता है, जो दिल को छू जाता है.

Tamil Movie Koodu Based On True Story

किसी एक हीरो के बजाय आम लोगों की कहानी

आमतौर पर फिल्मों में एक हीरो और एक हीरोइन के इर्द-गिर्द पूरी कहानी घूमती है, लेकिन ‘कूडू’ इस मामले में बिल्कुल अलग है. इस फिल्म में किसी एक लीड किरदार के बजाय 6 से 7 अलग-अलग किरदारों और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को बराबर की अहमियत दी गई है. कहानी में आम लोगों के छोटे-छोटे प्रयासों और उनकी सादगी को बहुत ही खूबसूरती से पर्दे पर उतारा गया है. ये फिल्म ऑडियंस को ये सोचने पर मजबूर कर देगी कि प्रकृति के साथ तालमेल बिठाकर जीना कितना जरूरी है और हमारी छोटी सी कोशिश किसी की जान बचा सकती है, जो आज की यंग जनरेशन को भी देखनी चाहिए.

शानदार कलाकारों और संगीत से सजी है फिल्म

इस बेहतरीन कहानी को पर्दे पर जीवंत करने के लिए तमिल सिनेमा के कई मंझे हुए कलाकारों को एक साथ लाया गया है. फिल्म में वी.जे. कथिरवन, जयप्रकाश, विवेक प्रसन्ना, देविका सतीश और रचित महालक्ष्मी जैसे दमदार सितारे लीड रोल में नजर आ रहे हैं. इनके अलावा नमो नारायण, शा रा, चार्ल्स विनोद, अनीता संपत, शशि सेल्वराज, द्रविड़ सेल्वम, वी.जे. आशिक और थाना लक्ष्मी ने भी अपने अभिनय से कहानी में जान डाल दी है. फिल्म का म्यूजिक मनोज कृष्णा ने तैयार किया है, जो इसकी इमोशनल गहराई को और भी ज्यादा असरदार बनाता है, जिसको लेकर दर्शक भी काफी ज्यादा एक्साइटेड हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More