App

25 साल बाद फिर साथ दिखे ‘पू’ और ‘लड्डू’! करण जौहर ने शेयर किया ऐसा VIDEO, देखते ही फैंस बोले- ‘पार्ट 2 आ रहा है...’

करण जौहर ने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ के 25 साल पूरे होने पर फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है. उन्होंने एक नया टीजर शेयर किया है, जिसमें करीना कपूर और ऋतिक रोशन एक बार फिर साथ नजर आने वाले हैं. दोनों की झलक ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है.

25 साल बाद फिर साथ दिखे ‘पू’ और ‘लड्डू’! करण जौहर ने शेयर किया ऐसा VIDEO, देखते ही फैंस बोले- ‘पार्ट 2 आ रहा है...’
Image Credit: 25 साल बाद फिर साथ नजर आएंगे करीना कपूर और ऋतिक रोशन

बॉलीवुड को कई शानदार और यादगार जोड़ियां देने वाले फिल्ममेकर करण जौहर ने एक बार फिर फैंस को खुश कर दिया है. फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ में करीना कपूर और ऋतिक रोशन की केमिस्ट्री आज भी लोगों के दिलों में बसी है. अब करण ने इस सुपरहिट जोड़ी की वापसी का इशारा देकर इंटरनेट पर हलचल मचा दी है. पूरे 25 साल बाद दोनों को साथ देखने की खबर से फैंस काफी एक्साइटेड हैं. दरअसल, करण ने अपने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में एयरबीएनबी के एक ऐड के जरिए ‘कभी खुशी कभी गम’ वाले पुराने अंदाज में दोनों के रीयूनियन की प्यारी सी झलक देखने को मिली है.

जारी किए गए इस छोटे से टीजर वीडियो में करीना एक बार फिर अपने पुराने और फेमस किरदार ‘पू’ के अंदाज में लिपस्टिक लगाती दिख रही हैं. वहीं, ऋतिक रोशन लेदर जैकेट और जूते पहनकर तैयार होते नजर आ रहे हैं. ऋतिक के इस स्टाइल को देखकर लोगों को फिल्म के क्यूट किरदार रोहन रायचंद यानी ‘लड्डू’ की याद आ गई, जिसने अपने जबरदस्त लुक से उस समय सबका दिल जीत लिया था. वीडियो में सस्पेंस बनाए रखने के लिए मेकर्स ने जानबूझकर दोनों सितारों का पूरा चेहरा नहीं दिखाया है. करण जौहर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘कुछ कहानियां 25 साल बाद भी खत्म नहीं होती’.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

फैंस और सितारों ने की फिल्म बनाने की मांग

करण जौहर के इस पोस्ट को शेयर करते ही कमेंट सेक्शन में फैंस और बॉलीवुड सितारों के रिएक्शन की लाइन लग गई है. हर कोई ऋतिक और करीना को इतने सालों बाद एक साथ देखने के लिए काफी एक्साइटेड नजर आ रहा है. फिल्ममेकर ताहिरा कश्यप ने भी इस वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘हमें इन दोनों के साथ एक पूरी फिल्म चाहिए’. वहीं, एक यूजर ने अपनी बात रखते हुए लिखा, ‘ये बस एक और ऐड है, हमें तो पूरी फिल्म चाहिए करण जौहर’. इसके अलावा एक दूसरे फैन ने अपनी खुशी जताते हुए लिखा कि क्या ये सच में हो रहा है, ये वही जोड़ी है, जिसका हम सबको सालों से इंतजार था.

2001 में रिलीज हुई थी ‘कभी खुशी कभी गम’

साल 2001 में आई ‘कभी खुशी कभी गम’ को करण जौहर ने डायरेक्ट किया था. फिल्म में अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, शाहरुख खान, काजोल, ऋतिक रोशन और करीना कपूर जैसे बड़े सितारे नजर आए थे. ये कहानी रायचंद परिवार के प्यार और उनके बीच आई दूरियों को दिखाती है. फिल्म में जब राहुल (शाहरुख खान) अपने पिता की मर्जी के खिलाफ अंजलि (काजोल) से शादी कर लेते हैं, जिसके बाद हंसता-खेलता परिवार टूट जाता है. इसके काफी साल बाद राहुल का छोटा भाई रोहन (ऋतिक) घर वापस आता है और अपने बिखरे हुए परिवार को फिर से जोड़ने की ठान लेता है. ये फिल्म आज भी लोगों के दिलों के बेहद करीब है.

Kabhi Khushi Kabhie Gham

‘पू’ और ‘लड्डू’ की लव स्टोरी ने जीता था दिल

‘कभी खुशी कभी गम’ में ऋतिक रोशन ने मोटे से लड़के रोहन रायचंद यानी ‘लड्डू’ का रोल प्ले किया था, वहीं करीना कपूर अंजलि की छोटी बहन पूजा शर्मा यानी ‘पू’ बनी थीं. फिल्म की इमोशनल फैमिली स्टोरी के बीच रोहन और पूजा की खट्टी-मीठी नोकझोंक और रोमांस ने ऑडियंस को खूब एंटरटेन किया था. करीना के ग्लैमरस लुक और ऋतिक के चार्म ने इन दोनों को उस समय की सबसे पॉपुलर ऑन-स्क्रीन जोड़ी बना दिया था. इन दोनों के सीन जब भी स्क्रीन पर आते थे, थिएटर में सीटियां बजने लगती थीं. आज भी सोशल मीडिया पर इनके डायलॉग्स, फैशन और गानों का क्रेज लोगों के सिर चढ़कर बोलता है.

दोनों सितारों के आने वाले बड़े प्रोजेक्ट्स

काम की बात करें तो करीना कपूर और ऋतिक रोशन दोनों ही इस समय अपने अगले प्रोजेक्ट्स को लेकर काफी बिजी हैं. करीना कपूर पिछले दिनों मेघना गुलजार की क्राइम ड्रामा फिल्म ‘दायरा’ में नजर आई थीं, जहां उनके साथ साउथ सिनेमा के जाने-माने स्टार पृथ्वीराज सुकुमारन ने लीड रोल निभाया था. वहीं, दूसरी तरफ ऋतिक रोशन बहुत जल्द अपनी फेमस सुपरहीरो फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म ‘कृष 4’ से बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी करने जा रहे हैं. सबसे खास बात ये है कि इस फिल्म के साथ ऋतिक डायरेक्शन की दुनिया में भी अपना पहला कदम रख रहे हैं और अभी इस पर बहुत तेजी से काम चल रहा है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More