5 फिल्में, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस से ज्यादा दिलों पर किया राज, तब्बू के अभिनय के आगे फीकी पड़ गई कमाई
बॉलीवुड एक्ट्रेस तब्बू 4 नवंबर को अपना जन्मदिन सेलिब्रेट करेंगी. उन्होंन अपने शानदार अभिनय से हर किसी के दिलों में बेहद खास जगह बनाई है और इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाई है. 'माचिस' से लेकर 'अस्तित्व' जैसी फिल्मों में उन्होंने दमदार अभिनय किया है. आइए उनकी फिल्मों पर नजर डालते हैं-
बॉलीवुड में अक्सर किसी भी कलाकार के स्टारडम को उसकी फिल्मों की बॉक्स ऑफिस कमाई से आंका जाता है. अगर थिएटर में फिल्म हिट हो जाए तो तारीफों के पुल बांध दिए जाते हैं और अगर कमाई उम्मीद के मुताबिक न हो तो कलाकार की काबिलियत पर सवाल खड़े कर दिए जाते हैं. इस बीच कुछ कलाकार ऐसे भी होते हैं, जो फिल्मों में अपने अभिनय से हर किसी का दिल जीत लेते हैं. उन्हीं में से एक तब्बू भी हैं, जो साल 1980 के दशक से हिंदी फिल्मों में एक्टिव हैं. एक्ट्रेस अपने शानदार अभिनय के लिए जानी जाती हैं.
तब्बू का पूरा नाम तबस्सुम फातिमा हाशमी है. उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत लीजेंड्री एक्टर देव आनंद के साथ बतौर कलाकार की थी. अपने अब तक के करियर में तब्बू ने कई हिट फिल्मों में काम किया है. हिंदी के अलावा उन्होंने तमिल, तेलुगु, मलयालम, बंगाली और मराठी भाषाओं की फिल्मों में भी काम किया है. तब्बू 4 नवंबर को अपना जन्मदिन सेलिब्रेट करेंगी. ऐसे में उनके जन्मदिन के खास मौके पर हम आपको उनकी कुछ यादगार फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनमें उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया था.
फिल्म – अस्तित्व (2000)
साल 2000 में रिलीज हुई तब्बू की फिल्म 'अस्तित्व' दो भाषाओं में बनी थी, जिनमें हिंदी और मराठी शामिल हैं. महेश मांजरेकर की इस फिल्म ने क्रिटिक्स की खूब वाहवाही लूटी थी. इस फिल्म को बेस्ट फीचर फिल्म इन मराठी का नेशनल अवॉर्ड मिला था. इस फिल्म में तब्बू के किरदार का नाम अदिति पंडित था. भले ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाई नहीं की थी, लेकिन तब्बू की एक्टिंग ने हर किसी का दिल जीत लिया था. अदिति पंडित का उनका किरदार आज भी दर्शकों को काफी याद है. इस किरदार के लिए तब्बू को फिल्मफेयर क्रिटिक्स बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला था. इसके साथ ही उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस कैटेगरी में नॉमिनेशन भी मिला था.
माचिस
साल 1996 में रिलीज हुई फिल्म 'माचिस' को तब्बू के करियर की बेहतरीन फिल्मों में से एक माना जाता है. फिल्म का निर्देशन गुलजार ने किया था. उन्होंने इस फिल्म के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीता था. इस फिल्म में उनकी जोड़ी चंद्रचूड़ सिंह के साथ बनी थी. तब्बू को इस फिल्म के लिए पहला नेशनल अवॉर्ड मिला था.
चांदनी बार
साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म 'चांदनी बार' भी तब्बू के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में से एक है. इस फिल्म में तब्बू ने बार डांसर का किरदार निभाया था. इतना ही नहीं, इस फिल्म ने बेस्ट फिल्म ऑन सोशल इश्यू, बेस्ट एक्ट्रेस, बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर और बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस की कैटेगरी में नेशनल अवॉर्ड जीते थे. 'चांदनी बार' फिल्म के लिए तब्बू को दूसरी बार नेशनल अवॉर्ड मिला था. फिल्म में तब्बू और अतुल कुलकर्णी लीड किरदारों में नजर आए थे.
चीनी कम
चीनी कम
साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म 'चीनी कम' का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है. यह फिल्म एक रोमांटिक ड्रामा है. आर बाल्की की इस फिल्म को दर्शकों ने पहले नकार दिया था, लेकिन बाद में फिल्म ने काफी लोकप्रियता हासिल की थी. यह फिल्म 64 साल के शेफ और 34 साल की महिला की प्रेम कहानी पर आधारित थी. फिल्म में किरदार में अमिताभ और तब्बू नजर आए थे. वहीं. परेश रावल ने तब्बू के पिता का किरदार निभाया था.
मकबूल
साल 2003 में रिलीज हुई फिल्म 'मकबूल' भी इस लिस्ट में शामिल है. फिल्म में तब्बू ने बेहतरी अदाकारी की थी. शेक्सपियर के नाटक मैकबेथ से प्रेरित फिल्म में तब्बू ने अंडरवर्ल्ड डॉन अब्बा जी बने पंकज कपूर की रखैल का किरदार निभाया था. फिल्म रिलीज के बाद तब्बू ने अपने किरदार के लिए काफी सुर्खियां बटोरी थी.