तू शुद्ध रूप से गधा है: स्मृति ईरानी ने अपने को-स्टार की ली चुटकी, इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ मजेदार कमेंट
एक्ट्रेस स्मृति ईरानी ने अपने को-स्टार रोहित सुचांती की इंस्टाग्राम पोस्ट पर मजेदार कमेंट करते हुए उन्हें 'गधा' कह दिया. रोहित ने स्मृति के लिए एक प्यारा नोट लिखा था, जिस पर स्मृति ने उनकी भूलने की आदत का मजाक उड़ाया.
टीवी की दुनिया की जानी-मानी एक्ट्रेस और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने यंग को-स्टार रोहित सुचांती की चुटकी ली. रोहित ने तो स्मृति मैम के लिए बहुत ही इमोशनल और रिस्पेक्ट से भरा मैसेज लिखा था, लेकिन स्मृति ने कमेंट सेक्शन में उन्हें 'गधा' कह दिया. अब यह मजेदार और प्यार भरा नोक-झोंक इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है.
कहानी की शुरुआत होती है रोहित सुचांती की एक इंस्टाग्राम पोस्ट से. रोहित ने स्मृति ईरानी और अपनी एक और को-आर्टिस्ट प्राची सिंह के साथ कुछ बेहद प्यारी तस्वीरें शेयर कीं. इस पोस्ट के कैप्शन में रोहित ने बीते एक साल के सफर को बेहद खास बताया. उन्होंने लिखा कि स्मृति मैम की वजह से यह पूरा साल उनके और पूरी टीम के लिए बहुत इंस्पायरिंग रहा. रोहित ने अपनी भावनाओं को जाहिर करते हुए लिखा कि वे स्मृति मैम के लिए जो भी लिखेंगे, वह कम ही पड़ेगा. उनके दिल में स्मृति के लिए सिर्फ और सिर्फ सम्मान और प्यार है.
'घर का खाना खाने दिल्ली आएंगे मैम'
रोहित ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि स्मृति मैम ने जिस तरह से अपना अनुभव पूरी टीम के साथ शेयर किया और हर एक इंसान को मोटिवेट किया, वह काबिले तारीफ है. उनके साथ बिताया गया हर एक पल हमेशा याद रहेगा. रोहित ने स्मृति को टैग करते हुए लिखा कि वे सब उनसे बहुत प्यार करते हैं और जल्द ही दिल्ली आकर उनके घर का बना खाना खाने वाले हैं. उन्होंने तस्वीरों का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि दूसरी फोटो से साफ पता चलता है कि शो के दौरान उनका आपस में कितना मजबूत और रियल बॉन्ड था.
स्मृति ईरानी का आया कड़क और मजेदार रिप्लाई
रोहित की इस इमोशनल और रिस्पेक्टफुल पोस्ट को देखकर कोई भी इमोशनल हो सकता था. लेकिन स्मृति ईरानी तो स्मृति ईरानी हैं. उन्होंने इस सीरियस पोस्ट में ऐसा फनी ट्विस्ट डाला कि कमेंट सेक्शन में हंसी के ठहाके लगने लगे. स्मृति ने रोहित को रिप्लाई करते हुए लिखा, "तू शुद्ध रूप से गधा है रे... तुझे मैंने कोलैब के बारे में क्या कहा था? re me & @prachi_singh1512. आज कल के हीरो बड़ों की बात क्यों नहीं मानते. शॉर्ट टर्म मेमोरी लॉस का सबसे बड़ा उदाहरण. तुझे इंस्टा समझाते समझाते सीरियल में मेरे बाल सफेद हो गए."
इंस्टाग्राम कोलैब को लेकर हुई पूरी खिंचाई
असल में माजरा यह था कि स्मृति ईरानी ने रोहित को इंस्टाग्राम के 'कोलैब' फीचर का इस्तेमाल करके तीनों एक्टर्स स्मृति, रोहित और प्राची को एक साथ टैग करने को कहा था. लेकिन रोहित यह बात भूल गए और उन्होंने साधारण तरीके से पोस्ट डाल दी. बस फिर क्या था, स्मृति ने तुरंत रोहित की इस भुलक्कड़ आदत पर चुटकी ले ली. उन्होंने रोहित को शॉर्ट-टर्म मेमोरी लॉस कह दिया और मजाक में कहा कि उन्हें इंस्टाग्राम के फीचर्स सिखाते-सिखाते तो उनके सीरियल में सिर के बाल ही सफेद हो गए.
फैंस ले रहे हैं इस बॉन्डिंग के मजे
स्मृति ईरानी का यह फनी कमेंट देखकर फैंस भी खुद को रोक नहीं पाए और लगातार इस पर रिएक्ट कर रहे हैं. लोगों को सीनियर और जूनियर एक्टर्स के बीच की यह बेबाक और दोस्ताना बॉन्डिंग बहुत पसंद आ रही है. आमतौर पर सीनियर एक्टर्स के साथ काम करते समय यंग स्टार्स थोड़े नर्वस रहते हैं, लेकिन स्मृति ईरानी ने अपने दोस्ताना अंदाज से सेट पर ऐसा माहौल बना दिया कि हर कोई उनके साथ कम्फर्टेबल महसूस करता है.
आपको बता दें कि रोहित सुचांती टीवी इंडस्ट्री का एक जाना-माना चेहरा हैं. उन्होंने एकता कपूर के हिट शो 'भाग्य लक्ष्मी' में ऋषि ओबेरॉय का किरदार निभाकर काफी पॉपुलैरिटी हासिल की थी. इसके बाद वे आइकॉनिक टीवी शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' और इसके स्पिन-ऑफ 'क्योंकि रिश्तों के भी रूप बदलते हैं' में अंगद वीरानी के रोल में नजर आए, जहां से उन्हें घर-घर में एक नई पहचान मिली.