क्या है 400 साल पुराने जंगल में छिपा वो राज? थिएटर में नहीं देख पाए सिद्धार्थ-तमन्ना की फिल्म; अब घर बैठे इस दिन OTT पर देखें
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की सुपरनेचुरल मिस्ट्री फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ सिनेमाघरों के बाद अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर धमाल मचाने आ रही है. बिहार के 400 साल पुराने मिस्टीरियस जंगल और देवी की मूर्ति की सच्ची घटना पर बनी ये फिल्म किस दिन और कहां स्ट्रीम होगी, चलिए बताते आप कब और कहां इस फिल्म को घर बैठे देख सकते हैं.
इस साल सिनेमाघरों में कई फिल्मों ने दस्तक दी, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई करने के बाद ओटीटी पर भी जमकर धमाल मचाया. ऐसी ही एक और फिल्म ओटीटी पर स्ट्रीम होने को तैयार है. हम यहां बॉलीवुड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा और एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया की एक्शन-एडवेंचर फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ की बात कर रहे हैं, जिसको सिनेमाघरों में ऑडियंस का खूब प्यार मिला. 24 सितंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई इस फिल्म में सिद्धार्थ और तमन्ना की एक्टिंग और केमिस्ट्री की जमकर तारीफ हुई. इस मूवी की दमदार कहानी के साथ-साथ इसके गानों ने भी लोगों का दिल जीत लिया था.
वहीं, जो लोग इस फिल्म को थिएटर में नहीं देख पाए, उनके लिए अब एक बड़ी खुशखबरी आई है. थिएटर में शानदार परफॉर्म करने के बाद अब ये फिल्म जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही है. फैंस के इंतजार को खत्म करते हुए मेकर्स ने फिल्म की डिजिटल रिलीज डेट का ऑफिशियल ऐलान कर दिया है. प्राइम वीडियो ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर ‘द वन’ का एक खास वीडियो शेयर करते हुए इसकी ओटीटी रिलीज डेट से पर्दा उठाया है. प्राइम वीडियो और फिल्म के मेकर्स ने अपनी पोस्ट में बताया है कि ये फिल्म 20 नवंबर से ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होने जा रही है.
फिल्म की दमदार स्टारकास्ट और डायरेक्शन
अगर ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो, इसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया लीड रोल में नजर आ रहे हैं. इन दोनों के अलावा फिल्म में सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी, अनूप सोनी, मनीष पॉल, अवतार गिल और मिलिंद जैसे कई बेहतरीन कलाकारों ने भी अहम किरदार निभाए हैं. इस दमदार फिल्म का शानदार डायरेक्शन दीपक कुमार मिश्रा और अरुणभ कुमार ने मिलकर किया है. वहीं, बालाजी मोशन पिक्चर्स के बैनर तले इस शानदार फिल्म को प्रोड्यूस किया गया है. बड़े पर्दे पर इस पूरी टीम की मेहनत रंग लाई थी और अब डिजिटल ऑडियंस को भी इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं.
सिद्धार्थ के लिए बेहद खास है ये फिल्म
करियर के लिहाज से देखा जाए तो सिद्धार्थ मल्होत्रा के लिए ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ (The Vvaan: Force Of The Forest) बेहद खास प्रोजेक्ट है. ये सिद्धार्थ मल्होत्रा की पहली सुपरनेचुरल मिस्ट्री फिल्म है, जिसमें उन्होंने बिल्कुल अलग अंदाज में काम किया है. दूसरी तरफ तमन्ना भाटिया इससे पहले भी सुपरनेचुरल हॉरर फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा दिखा चुकी हैं. हालांकि, सिनेमाघरों में पहली बार बनी सिद्धार्थ और तमन्ना की इस फ्रेश जोड़ी को काफी सराहा गया था. अब देखना ये दिलचस्प होगा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इस जोड़ी और फिल्म के सस्पेंस को डिजिटल ऑडियंस का कैसा रिस्पॉन्स मिलता है?
बिहार के मिस्टीरियस मंदिर से जुड़ी कहानी
इस फिल्म की कहानी काफी अलग और रोंगटे खड़े कर देने वाली है, जो बिहार के एक पुराने मिस्टीरियस मंदिर के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म के डायरेक्टर दीपक कुमार मिश्रा ने खुद एक इंटरव्यू में इस कहानी के पीछे छिपा असली राज सबके सामने रखा था. दीपक ने बताया कि पटना के नजदीक एक बहुत पुराना वन देवी मंदिर है और फिल्म की पूरी कहानी वहीं हुई एक सच्ची घटना से ली गई है. इसमें लोक कथाओं और सस्पेंस का इतना जबरदस्त तड़का लगाया गया है कि देखने वाले आखिर तक अपनी सीट से चिपके रहते हैं. यही वजह है कि थ्रिलर और मिस्ट्री पसंद करने वाले दर्शकों को ये फिल्म काफी पसंद आ रही है.
सूर्यास्त के बाद मंदिर में घूमती हैं वन देवी
डायरेक्टर दीपक मिश्रा ने इस मंदिर से जुडी कुछ ऐसी अनसुनी और चौंकाने वाली बातें भी बताई, जिन्हें सुनकर कोई भी दंग रह जाए. उन्होंने बताया कि पटना के पास बना ये वन देवी मंदिर लगभग 400 साल पुराना है. इस जगह को लेकर लोगों में ये बात काफी मशहूर है कि शाम ढलने के बाद जब मंदिर के दरवाजे बंद हो जाते हैं, तब वहां कोई भी कदम नहीं रखता. सबसे ज्यादा हैरानी की बात ये है कि रात के समय मंदिर के पुजारी भी अंदर नहीं ठहरते हैं. गांव और आसपास के लोगों का पक्का विश्वास है कि सूरज डूबने के बाद खुद ‘वन देवी’ मंदिर में घूमती हैं. इसी दिलचस्प मिस्ट्री को इस फिल्म में बखूबी दिखाया गया है.