बदल रही है दर्शकों की पसंद, बॉलीवुड को सिद्धार्थ मल्होत्रा की दो टूक; बोले- अपनी फिल्मों को करें सपोर्ट
करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण' सीजन 9 में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने बॉलीवुड के बदलते दौर और दर्शकों की पसंद कर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि अब दर्शक भारतीय संस्कृति और लोककथाओं से जुड़ी कहानियों को पसंद कर रहे हैं. सिद्धार्थ के मुताबिक, इंडस्ट्री के लोग अक्सर एक-दूसरे के काम की तारीफ करने के बजाय उसमें कमियां निकालने में जल्दी करते हैं.
बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर किसी फिल्म के रिलीज होने से पहले ही उसकी असफलता को लेकर कयास लगने शुरू हो जाते हैं. सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. इस फिल्म को लेकर भी रिलीज से पहले ही कयास लगने शुरू हो गए थे, लेकिन इसे बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला. वहीं, सिद्धार्थ मल्होत्रा का मानना है कि दर्शक अब उन फिल्मों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं, जो भारतीय संस्कृति, लोककथाओं और परंपराओं पर आधारित हैं, भले ही रिलीज से पहले उन फिल्मों को लेकर ज्यादा भरोसा न हो.
हाल ही में सिद्धार्थ मल्होत्रा पत्नी और एक्ट्रेस कियारा आडवाणी के साथ करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण' के आखिरी सीजन में नजर आए. इस दौरान सिद्धार्थ ने खुलासा किया कि कैसे इंडस्ट्री अक्सर फिल्मों को बहुत जल्दी खारिज कर देती है. उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को एक-दूसरे के काम को लेकर ज्यादा सपोर्टिव होना चाहिए. शो पर यह उनकी पहली संयुक्त उपस्थिति थी, जिसने इस एपिसोड को इस कपल के लिए बेहद खास बना दिया, क्योंकि वे अगले साल अपने दूसरे बच्चे का वेलकम करने वाले हैं.
करण जौहर के शो में दोनों ने कुछ मजेदार पल बिताए. इसी बीच शो की बातचीत सिद्धार्थ की फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' की तरफ मुड़ी. एक्टर ने बताया कि कैसे बॉक्स ऑफिस पर सफलता को लेकर शुरुआती संदेहों के बावजूद यह फिल्म दर्शकों तक पहुंचने में कामयाब रही. उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें क्यों लगता है कि भारतीय संस्कृति से जुड़ी कहानियां दर्शकों को पसंद आ रही हैं.
'द वन' की सफलता पर सिद्धार्थ मल्होत्रा
करण जौहर ने 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' का जिक्र किया और बताया कि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के अच्छा प्रदर्शन न करने को लेकर काफी चर्चा थी. सिद्धार्थ और कियारा दोनों ने ही सितंबर 2026 में रिलीज हुई इस फैंटेसी एडवेंचर फिल्म को लेकर मौजूद संदेह को स्वीकार किया. हालांकि, अभिनेता का मानना है कि फिल्म को जिस तरह का रिस्पॉन्स मिला है, वह ऐसी कहानियों में बढ़ती दिलचस्पी को दिखाता है, जिनसे दर्शक सांस्कृतिक रूप से जुड़ाव महसूस कर सकें.
यह भी पढ़ें- यश संग इंटिमेट सीन पर हुई ट्रोलिंग, सिद्धार्थ मल्होत्रा ने दिया था ऐसा रिएक्शन; कियारा आडवाणी ने तोड़ी चुप्पी
सिद्धार्थ ने कहा, 'मुझे लगता है कि वे अपना काम कर रहे हैं और हम अपना काम कर रहे हैं. एक 'इंडिया' है और एक 'भारत' है. मुझे लगता है कि 'भारत' ही हमारी फिल्में देखने आ रहा है. वे कुछ ऐसा देखना चाहते हैं, जो उनकी जड़ों से जुड़ा हो, जो उनकी संस्कृति से गहराई से जुड़ा हो. 'द वन' इस कैटेगरी में बिल्कुल फिट बैठती है, चाहे वह इसकी राइटिंग हो, परफॉर्मेंस हो या फिर इसके अलग-अलग सीक्वेंस.'
इंडस्ट्री में अक्सर निकाली जाती हैं एक-दूसरे की कमियां!
कियारा अपने पति सिद्धार्थ की इस बात से सहमत थीं कि इंडस्ट्री के लोग अक्सर एक-दूसरे के काम की तारीफ करने के बजाय उसमें कमियां निकालने में जल्दी करते हैं. उन्होंने कहा, 'बिल्कुल. हमारी इंडस्ट्री में ऐसा कुछ ज्यादा ही होता है और कोई भी अच्छी बात नहीं कहता. हमें एक ऐसी इंडस्ट्री की जरूरत है, जहां लोग एक-दूसरे की मदद करें.' रैपिड-फायर राउंड के दौरान आलोचना का विषय फिर से सामने आया, जब करण ने सिद्धार्थ से पूछा कि वह फिल्म क्रिटिक्स को किस नजरिए से देखते हैं. एक्टर ने कहा, 'अपनी राय जरूर दें, लेकिन इसका मतलब हमेशा दूसरों की बुराई करना या लोगों को सिनेमाघरों में जाने से हतोत्साहित करना नहीं होना चाहिए.'
'द वन' फिल्म किस बारे में है?
सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' बिहार के बिहटा के पास मौजूद 'वन देवी मंदिर' से जुड़ी लोक-कथाओं पर आधारित है. सिद्धार्थ ने इसमें 'ऋषि' नाम का किरदार निभाया है, जो मुंबई में रहता है. वह जमीन से जुड़े एक मामले के सिलसिले में अपनी पत्नी ममता (तमन्ना भाटिया) के साथ 'देवांचल' गांव जाता है. शुरुआत में तो यह एक सामान्य यात्रा लगती है, लेकिन जब उसे गांव की पुरानी मान्यताओं के बारे में पता चलता है, जिनमें अंधेरा होने के बाद जंगल में न जाने की चेतावनी दी गई है, तो इसके बाद मामला काफी परेशान करने वाला हो जाता है. इस फिल्म ने दुनियाभर में 91.49 करोड़ रुपये की कमाई की थी और फिलहाल प्राइम वीडियो पर मौजूद है.
बेहद खास रहा आखिरी सीजन
बता दें कि करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण' में कियारा और सिद्धार्थ पहली बार एक साथ नजर आए हैं. शो के होस्ट करण जौहर ने इस साल की शुरुआत में एक प्रोमो के जरिए बताया था कि इसका नौवां सीजन ही आखिरी सीजन है. 'कॉफी विद करण' की शुरुआत 2003 में हुई थी और तब से यह एक अहम शो बना हुआ है. पहले यह टीवी पर आता था और अब ओटीटी पर आ रहा है. आप इसे जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर स्ट्रीम कर सकते हैं.