कबीर सिंह वाला स्वैग: शाहिद कपूर ने खरीदी भारत की सबसे महंगी डिफेंडर एसयूवी, तस्वीरें देख फैंस हुए क्रेजी
बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर ने अपने लग्जरी कार कलेक्शन में एक नई और बेहद पावरफुल एसयूवी शामिल की है. उन्होंने करीब 3.04 करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर 110 ऑक्टा खरीदी है, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.
बॉलीवुड के स्टाइलिश स्टार शाहिद कपूर अपनी दमदार एक्टिंग के साथ-साथ लग्जरी गाड़ियों के जबरदस्त शौक के लिए भी जाने जाते हैं. अब एक्टर ने अपने शानदार कार कलेक्शन में एक और बेहद पावरफुल और महंगी एसयूवी को शामिल कर लिया है. शाहिद ने करीब 3.04 करोड़ रुपये खर्च करके नई लैंड रोवर डिफेंडर 110 ऑक्टा खरीदी है. यह हाई-परफॉर्मेंस मॉडल डिफेंडर सीरीज के सबसे महंगे वेरिएंट्स में से एक है, जो अपनी जबरदस्त ताकत और लग्जरी के लिए मशहूर है.
सोशल मीडिया पर सामने आई नई गाड़ी की झलक
शाहिद कपूर की इस नई सवारी की खबर तब वायरल हुई जब ओम लोंबार्ड ने इंस्टाग्राम पर एक्टर की इस नई गाड़ी के साथ पोज देते हुए तस्वीरें शेयर कीं. इस पोस्ट के जरिए शाहिद का लैंड रोवर डिफेंडर ऑक्टा क्लब में शानदार स्वागत किया गया और उनके फिल्मी किरदारों को इस गाड़ी की ताकत से जोड़ा गया.
कैप्शन में लिखा गया कि 'कबीर सिंह' की इंटेंसिटी से लेकर 'फर्जी' की बारीकी तक, शाहिद हर रोल में अपना अलग स्वैग लाते हैं और अब उनके पास इसे मैच करने वाली एक मशीन है. पोस्ट में आगे गाड़ी की तारीफ करते हुए कहा गया कि इसमें शांत आत्मविश्वास और रॉ पावर है, और जब यह सड़क पर निकलती है तो सबकी नजरें इसी पर टिक जाती हैं.
क्यों खास है लैंड रोवर डिफेंडर 110 ऑक्टा?
डिफेंडर 110 ऑक्टा दरअसल लैंड रोवर की पॉपुलर एसयूवी लाइनअप का फ्लैगशिप परफॉर्मेंस मॉडल है. आम डिफेंडर मॉडल्स के मुकाबले इस खास वर्जन में एक बेहद ताकतवर V8 इंजन दिया गया है. इसके साथ ही इसमें कई बड़े परफॉर्मेंस अपग्रेड्स भी मिलते हैं, जो इसे भारतीय बाजार में मौजूद सबसे शक्तिशाली एसयूवी में से एक बनाते हैं. हालांकि, कंपनी ने इसके क्लासिक रफ एंड टफ लुक और शानदार ऑफ-रोडिंग क्षमताओं को पहले जैसा ही बरकरार रखा है, जिससे यह शहर की सड़कों के साथ-साथ मुश्किल रास्तों पर भी आसानी से दौड़ सकती है.
भारत में कितनी है इस लग्जरी एसयूवी की कीमत?
अगर कीमत की बात करें तो भारत में लैंड रोवर डिफेंडर 110 ऑक्टा की एक्स-शोरूम कीमत वेरिएंट के हिसाब से करीब 2.42 करोड़ से 2.62 करोड़ रुपये के बीच है. लेकिन खबरों के अनुसार, मुंबई में रजिस्ट्रेशन, टैक्स और अन्य जरूरी चार्जेस जुड़ने के बाद इसकी ऑन-रोड कीमत लगभग 3.04 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है. वहीं, वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहिद कपूर हाल ही में होमी अदजानिया की फिल्म 'कॉकटेल 2' में नजर आए थे. साल 2012 की हिट फिल्म 'कॉकटेल' के इस स्पिरिचुअल सीक्वल में शाहिद के साथ कृति सेनन और रश्मिका मंदाना भी लीड रोल में दिखाई दी थीं.