)
गांधी जयंती के खास मौके पर सपनों का शहर मुंबई एक बड़े मोमेंट का गवाह बनने जा रहा है. वोटर्स लिस्ट में कथित गड़बड़ियों और लाखों लोगों के नाम कटने की चिंताओं को लेकर 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में एक विशाल विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है. इस आंदोलन को अब बॉलीवुड की जानी-मानी हस्तियों का भी खुलकर साथ मिल गया है. ये सिर्फ एक राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि आम लोगों के अपने बुनियादी अधिकार को बचाने की एक बड़ी कोशिश के रूप में देखा जा रहा है. सीनियर एक्ट्रेस शबाना आजमी ने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो शेयर करते हुए मुंबई के लोगों से इस प्रोटेस्ट में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है.
एक्ट्रेस ने लोगों को याद दिलाते हुए कहा कि उनका वोट सिर्फ एक कागजी प्रोसेस नहीं, बल्कि देश का फ्यूचर तय करने वाली आवाज है. शबाना ने सवाल उठाते हुए कहा, 'आपका वोट आपकी आवाज है. आपका वोट आपका अधिकार है. आपका वोट इस देश के आने वाले कल को आकार दे सकता है. लेकिन क्या होता है जब आपके वोट की कोई गिनती ही नहीं होती? क्या होता है जब आपका नाम अचानक इस लिस्ट से गायब हो जाता है, जब आपके वोट को खारिज किया जा सकता है, बदला जा सकता है या उसमें हेरफेर किया जा सकता है?'.
शबाना आजमी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए साफ किया कि ये मुद्दा किसी पॉलिटिकल पार्टी या स्पेशल सोच वाले लोगों से जुड़ा हुआ नहीं है, बल्कि हर उस हिंदुस्तानी का है, जो लोकतंत्र में भरोसा रखता है. उन्होंने कहा, 'आज सवाल किसी पार्टी का नहीं है. सवाल आपके वोट का है, मेरे वोट का है, हम सभी के वोटों का है.' इसके साथ ही उन्होंने खुलासा किया कि प्रशासन से प्रोटेस्ट की परमिशन मांगी गई थी, जो नहीं मिली.
प्रोटेस्ट के लिए परमिशन न मिलने पर भी उन्होंने हिम्मत न हारने की बात कही. एक्ट्रेस ने कहा, 'हमने विरोध प्रदर्शन करने की परमिशन कई बार मांगी, लेकिन हमें परमिशन नहीं मिली. लेकिन सवाल पूछना हमारा अधिकार है. इसलिए अपने घरों से बाहर निकलिए, सवाल पूछिए, अपने वोट के लिए, अपने लोकतंत्र के लिए अपनी आवाज उठाइए.'
शबाना आजमी के अलावा फेमस सॉन्गकंपोजर और सिंगर विशाल ददलानी भी इस मुहिम के समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं. उन्होंने वीडियो में चीफ इलेक्शन कमीशन पर निशाना साधते हुए और जोश भरते नजर आए. उन्होंने नारों की मद से लोगों को एकजुट करते हुए कहा, 'जोर से बोलो, गो ज्ञान गो. मिलके बोलो, गो ज्ञान गो. सारे साथ में बोलो, गो ज्ञान गो.' इसके बाद उन्होंने कहा, 'झोला उठा लो, गो ज्ञान गो' गाते हुए तीखा हमला बोला और कहा, 'ज्ञानेश कुमार जी, आपने हमारी लोकतंत्र, चुनाव सिस्टम को बर्बाद कर दिया है, आपको जाना होगा.'
ये प्रोटेस्ट एसआईआर प्रोसेस के खिलाफ शुरू हुआ है, जिसे अब पूरे देश में ले जाने की तैयारी है. आयोजकों का आरोप है कि जरूरी वेरिफिकेशन के बिना करीब 13 करोड़ वोटर्स के नाम लिस्ट से हटा दिए गए हैं, जिससे वो वोटिंग नहीं कर पाए. इस प्रोटेस्ट में तीन मांगे रखी गई हैं. चीफ इलेक्शन कमीशन ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, 2025 की वोटर लिस्ट को फ्रीज करना और नए चुनाव कमीशन की अपॉइंटमेंट प्रोसेस में पूरी ट्रांसपेरेंसी लाना.