)
Mahesh Babu SLB Movie: भारतीय सिनेमा में आजकल साउथ और बॉलीवुड के मेल का नया दौर चल रहा है. बड़े-बड़े डायरेक्टर्स अब साउथ के सुपरस्टार्स के साथ काम करना चाहते हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक खबर ने फैंस का एक्साइटमेंट काफी बढ़ा दिया है. तेलगुनाऊ की रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉलीवुड के दिग्गज डायरेक्टर संजय लीला भंसाली और तेलुगु फिल्मों के प्रिंस महेश बाबू एक साथ एक बड़ी फिल्म के लिए हाथ मिला सकते हैं. अगर यह खबर सच होती है तो यह इंडियन सिनेमा का सबसे बड़ा कोलैबोरेशन साबित हो सकता है.
फिल्म 'लव एंड वॉर' की शूटिंग पूरी करने के बाद संजय लीला भंसाली अब अपने नए प्रोजेक्ट की प्लानिंग में जुट गए हैं. तेलगुनाऊ के मुताबिक, भंसाली ने हाल ही में महेश बाबू से मुलाकात की है और उन्हें एक नई कहानी का आइडिया सुनाया है.
ऐसा पहली बार नहीं है जब संजय लीला भंसाली का नाम किसी साउथ के बड़े एक्टर के साथ जुड़ा है. इससे पहले भी खबरें आई थीं कि भंसाली अल्लू अर्जुन, जूनियर एनटीआर और राम चरण के साथ काम करने को लेकर बातचीत कर रहे थे. अब महेश बाबू के साथ उनकी मीटिंग की खबरों ने इस बात को लगभग साफ कर दिया है कि भंसाली अब तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने और एक बड़ी पैन-इंडिया फिल्म बनाने की तैयारी में हैं.
संजय लीला भंसाली को उनकी भव्य और पीरियड ड्रामा फिल्मों के लिए जाना जाता है. 'देवदास', 'पद्मावत' और 'बाजराव मस्तानी' जैसी फिल्मों से उन्होंने सिनेमा का एक अलग ही लेवल सेट किया है. माना जा रहा है कि महेश बाबू के साथ बनने वाली फिल्म भी एक बड़े बजट की पीरियड ड्रामा होगी जिसे पूरे देश की भाषाओं में रिलीज किया जाएगा. हालांकि अभी तक मेकर्स या एक्टर की तरफ से इस प्रोजेक्ट पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है.
भंसाली के साथ महेश बाबू की फिल्म कब शुरू होगी, यह पूरी तरह से उनकी आने वाली फिल्म 'वाराणसी' पर निर्भर करता है. महेश बाबू इस समय दिग्गज डायरेक्टर एसएस राजामौली की मच-अवेटेड फिल्म 'वाराणसी' की शूटिंग में बिजी हैं. इस फिल्म का एक बड़ा हिस्सा पूरा हो चुका है, लेकिन प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज के साथ कुछ अहम सीन की शूटिंग अभी बाकी है. यह फिल्म अप्रैल 2027 में सिनेमाघरों में आने के लिए पूरी तरह तैयार है.
आने वाला साल 2027 भंसाली और महेश बाबू दोनों के लिए ही बेहद खास होने वाला है. भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' 21 जनवरी 2027 को रिलीज होने जा रही है, जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिका में हैं. वहीं दूसरी तरफ महेश बाबू की 'वाराणसी' 7 अप्रैल 2027 को बड़े पर्दे पर दस्तक देगी.