)
बॉलीवुड के दबंग सलमान खान जब भी किसी मंच पर कदम रखते हैं, तो अपनी बेबाकी से हर किसी का ध्यान खींच लेते हैं. करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण’ में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला था. सुपरस्टार अब तक इस शो में दो बार नजर आ चुके हैं. पहली दफा स्टार साल 2013 के चौथे सीजन में अकेले पहुंचे थे, जबकि दूसरी बार उन्होंने अपने दोनों भाइयों अरबाज खान और सोहेल खान के साथ शो के 100वें एपिसोड में शिरकत की थी. इन दोनों ही मुलाकातों में सलमान खान ने कुछ ऐसी बातें कहीं, जिन्होंने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कई दिनों तक लंबी बहस छेड़ दी थी.
शो के दौरान कई तरह की मजेदार बातें हुईं, लेकिन सबसे बड़ा धमाका तब हुआ जब बातचीत के दौरान सलमान ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर बात की. करण ने उनसे उनकी पर्सनल लाइफ और रिलेशनशिप स्टेटस को लेकर सवाल पूछा, जिसके जवाब में सलमान ने बिना किसी झिझक के मुस्कुराते हुए कहा था कि वे ‘वर्जिन’ हैं. उन्होंने आगे कहा कि वे खुद को अपनी होने वाली लाइफ पार्टनर के लिए संभालकर रख रहे हैं. ये सुनते ही शो के होस्ट के साथ-साथ टीवी स्क्रीन के सामने बैठे हैरान रह गए थे. ये बात सामने आते ही हर तरफ सिर्फ इसी की बातें होने लगी थी.

इस सेंसेशनल बयान के बाद इंटरनेट पर मानो मीम्स की बाढ़ आ गई. सलमान यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे अपनी बात साफ करते हुए कहा कि वे हमेशा अकेले ही सोते हैं. एक्टर ने भी दावा किया कि उनकी जिंदगी में अच्छी महिला दोस्त तो रहीं, लेकिन कभी कोई ‘फ्रेंड्स विद बेनिफिट्स’ वाला रिश्ता नहीं रहा. उनके पुराने प्यार और फेमस रिश्तों के इतिहास को देखते हुए लोगों के लिए इस बात को आसानी से पचा पाना बहुत मुश्किल था. लोगों से लेकर क्रिटिक्स तक ने इस बयान पर सवाल खड़े किए. नतीजा ये हुआ कि कई दिनों तक मेनस्ट्रीम मीडिया में इस बात पर बहस हुई.
उसी बातचीत में सलमान खान ने अपनी शादी न होने की वजह पर भी खुलकर बात रखी थी. उन्होंने बताया कि वे आज भी अपने लिए एक अच्छी और सही लड़की की तलाश में हैं और इसी इंतजार के चलते अब तक शादी नहीं कर पाए. हम सभी जानते हैं कि एक्टर के लव रिलेशन हमेशा से गॉसिप सबसे पसंदीदा रहे हैं. ऐसे में जब उन्होंने खुद अपनी शादी और रिश्तों पर ऐसा बयान दिया, तो लोगों के बीच कौतूहल और बढ़ गया. तमाम न्यूज पोर्टल्स और मैगजीन्स ने इस बयान को एक्टर के पर्सनल लाइफ के दर्द और अकेलेपन से जोड़कर बड़े लेवल पर पेश करना शुरू कर दिया था.

साल बीतते गए, लेकिन इस बयान की गूंज कभी थमी नहीं. जब शो का 100वां एपिसोड शूट हुआ, तो सलमान खान एक बार फिर अपने दोनों भाइयों के साथ करण जौहर के शो पर आए. फिल्ममेकर भी इस मौके को हाथ से जाने नहीं देना चाहते थे, इसलिए उन्होंने हंसते हुए वही पुराना सवाल दोबारा पूछ लिया, जिसपर सुपरस्टार ने अपने उसी जाने-पहचाने अंदाज में जवाब दिया कि इतने सालों में कुछ भी नहीं बदला है और वे आज भी ‘वर्जिन’ ही हैं. उनका ये जवाब आते ही स्टूडियो में ठहाके गूंज उठे और सोशल मीडिया पर एक बार फिर पुराने वीडियो क्लिप्स तेजी से ट्रेंड करने लगे.
इस खास एपिसोड की नोकझोंक यहीं खत्म नहीं हुई. सलमान ने अपनी बात रखने के बाद करण की तरफ देखा और मजाक में कहा था कि वे भी तो ‘वर्जिन’ ही हैं. इस बात पर करण अपनी हंसी नहीं रोक पाए और उन्होंने तुरंत पलटकर जवाब देते हुए कहा कि वे ‘रिसाइकल्ड वर्जिन’ हैं. दोनों की इस मजेदार बातचीत ने लोगों का भरपूर एंटरटेनमेंट किया. हालांकि, शो खत्म होने के बाद मामला सिर्फ हंसी-मजाक तक सीमित नहीं रहा. टीवी चैनलों से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स तक, हर किसी ने इस बातचीत को अगले दिन की सबसे बड़ी ब्रेकिंग न्यूज और हेडलाइन बना दिया था.
इस पूरे मामले ने इतना बड़ा आकार ले लिया खा कि बाद में खुद शो के होस्ट करण जौहर को मीडिया के सामने आकर सफाई देनी पड़ी थी. करण ने एक बातचीत में साफ किया कि सलमान खान का सेंस ऑफ ह्यूमर बहुत अलग किस्म का है. वे अक्सर बिल्कुल सीरियस चेहरा बनाकर ऐसा मजाक कर देते हैं कि लोग समझ ही नहीं पाते. करण ने इस बात पर भी ताज्जुब जताया कि कैसे देश के इतने सारे समझदार लोग एक्टर के इस मजाक को पूरी तरह सच मान बैठे. उन्होंने जोर देकर कहा कि वे सिर्फ एक हल्का-फुल्का मजाक था, जिसे जनता ने बहुत ज्यादा सीरियस से ले लिया.
आज इतने साल बीत जाने के बाद भी जब कभी 'कॉफी विद करण' के सबसे यादगार या विवादित पलों की लिस्ट बनती है, तो सलमान खान का यह बयान सबसे पहले नंबर पर आता है. अब करीब 9 साल बाद सलमान खान एक बार फिर ‘कॉफी विद करण’ में नजर आने वाले हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे शो के 9वें सीजन के पहले गेस्ट होंगे और ये एपिसोड 14 अक्टूबर 2026 से स्ट्रीम होगा. ऐसे में फैंस की नजर इस बात पर है कि क्या इस बार भी सलमान खान अपने बेबाक और विवादित बयानों से शो में सुर्खियां बटोरेंगे, जैसा उन्होंने पिछली दोनों मौजूदगियों में किया था.